ना क्रीम, ना मिल्क पाउडर! दूध में 5-6 रस्क घोलकर बनाएं राजभोग आइसक्रीम, वायरल हो रही ये रेसिपी
Viral Ice Cream Recipe: गर्मियों में आपका भी आइसक्रीम खाने का खूब मन करता है, तो ये रस्क और दूध वाली वायरल रेसिपी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। इतनी क्रीमी और टेस्टी राजभोग आइसक्रीम बनती है कि आप मार्केट से दोबारा लाने की सोचेंगे भी नहीं।

गर्मियों में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाने की क्रेविंग भला किसे नहीं होती। बच्चे तो बच्चे बड़े भी अक्सर मीठे में आइसक्रीम खाना पसंद करते हैं। लेकिन अक्सर मार्केट वाली आइसक्रीम लाना भी सही नहीं है, वो भी जब घर पर आसानी से आप इसे बना सकते हों। आज एक ऐसी ही वायरल रस्क और दूध वाली राजभोग आइसक्रीम की रेसिपी हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं, जिसे बनाना भी सिंपल है और इसका रिच और क्रीमी टेस्ट वाकई आपको दीवाना बना देगा। राजभोग आइसक्रीम तो वैसे भी सभी की फेवरिट होती है, ये थोड़ी महंगी भी आती है। ऐसे में अगर एक बार आप घर पर ही ये वाली रेसिपी ट्राई कर लें, तो गर्मियों में जी भर के राजभोग आइसक्रीम का मजा ले सकते हैं। आइए फटाफट से वायरल रेसिपी जान लेते हैं।
वायरल राजभोग आइसक्रीम बनाने के लिए सामग्री
ये फटाफट से बनने वाली वायरल राजभोग आइसक्रीम बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- रस्क (5-6), फुल क्रीम दूध (आधा लीटर), चीनी (लगभग 1 कप/ स्वादानुसार), ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, पिस्ता), फ्लेवर के लिए इलायची पाउडर (ऑप्शनल)।
दूध और रस्क से बनाएं मुंह में घुलने वाली राजभोग आइसक्रीम
राजभोग आइसक्रीम का रिच एंड क्रीमी टेस्ट अगर आपको भी पसंद है, तो ये वायरल रेसिपी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। इसमें आपको कोई मिल्क पाउडर, कंडेंस्ड मिल्क या कॉर्न फ्लोर की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ थोड़े से रस्क अगर आपके पास रखें हैं, तो बड़ी ही टेस्टी सी मुँह में घुलने वाली राजभोग आइसक्रीम बनाकर तैयार कर सकते हैं। पूरी फैमिली एंजॉय करेगी।
इसके लिए आपको फुल क्रीम दूध इस्तेमाल करना है। दूध जितना गाढ़ा होगा, आइसक्रीम उतनी ही क्रीमी और टेस्टी बनती है। सबसे पहले दूध को उबलने के लिए रख दें। जैसे ही इसमें एक उबाल आए, दूध में लगभग 5-6 रस्क डाल दें, साथ में अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, काजू और पिस्ता एड करें। आपको इन्हें चॉप नहीं करना है, फिलहाल साबुत ही डाल देना है। अब स्वादानुसार चीनी मिलाएं।
इस मिक्सचर को आपको तब तक पकाना है, जब तक रस्क दूध में अच्छी तरह से घुल ना जाएं। गैस बंद करें और मिक्सचर को हल्का ठंडा होने दें। अब आप चाहें तो एक हैंड ब्लेंडर की मदद से इसका स्मूद घोल बना सकते हैं, या फिर मिक्सर में एक बार ब्लेंड कर सकते हैं। बिल्कुल पतला सा आइसक्रीम बेस बनाकर तैयार कर लें।
स्वाद की टिप: अगर आपको इलायची का फ्लेवर पसंद है, तो थोड़ा सा इलायची पाउडर भी इस मिक्सचर में एड कर सकते हैं। बहुत ही अच्छी सी खुशबू और फ्लेवर आएगा।
फ्रिज में कितनी देर के लिए रखना है?
अब इस आइसक्रीम के घोल को किसी कंटेनर में डालें और ऊपर से चाहें तो थोड़े से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से गार्निशिंग कर दीजिए। इसे आपको फ्रीजर में 7-8 घंटे या रात भर के लिए सेट होने छोड़ देना है। सुबह तक आइसक्रीम पूरी तरह जम जाएगी। इसे छोटे-छोटे पीस में कट करें और ठंडी-ठंडी सर्व करें।


