कटहल प्रेमियों के लिए खास रेसिपी, घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट सूखा कटहल मसाला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Kathal ki Sabzi: अगर आप रोज की सब्जियों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो सूखा कटहल मसाला एक शानदार विकल्प हो सकता है। मसालों से भरपूर यह सब्जी खाने की थाली का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है। नोट कर लें इसकी रेसिपी-

कटहल प्रेमियों के लिए खास रेसिपी, घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट सूखा कटहल मसाला

अगर आपने कभी अच्छी तरह मसालों में भुना हुआ कटहल खाया है, तो आप जानते होंगे कि इसकी खुशबू और स्वाद कितनी देर तक याद रहता है। कई घरों में कटहल सिर्फ एक सब्जी नहीं, बल्कि खास दिनों का पकवान माना जाता है। जब कड़ाही में प्याज, टमाटर और मसाले धीरे-धीरे पकते हैं और उनमें कटहल मिलाया जाता है, तो पूरी रसोई खुशबू से भर जाती है। यही वजह है कि कटहल की सूखी मसालेदार सब्जी खाने की मेज पर आते ही सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेती है।

बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम यह सब्जी रोटी, पराठे या पूरी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है। अगर इस बार कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो रोज की सब्जियों से बिल्कुल अलग हो, तो सूखा कटहल मसाला एक शानदार रेसिपी हो सकती है।

सूखा कटहल मसाला बनाने के लिए सामग्री

पांच सौ ग्राम कटहल

दो बारीक कटे प्याज

दो टमाटर

एक चम्मच अदरक और लहसुन का पेस्ट

दो हरी मिर्च

आधा चम्मच हल्दी

एक चम्मच लाल मिर्च

एक चम्मच धनिया पाउडर

आधा चम्मच गरम मसाला

आधा चम्मच जीरा

स्वादानुसार नमक

दो से तीन चम्मच तेल

हरा धनिया सजाने के लिए

कटहल तैयार करने का तरीका

  • कटहल काटते समय हाथों और चाकू पर थोड़ा तेल लगा लें ताकि चिपचिपाहट ना लगे। कटहल को मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें और अच्छी तरह धो लें।
  • अब एक बर्तन में पानी और थोड़ा नमक डालकर कटहल को कुछ मिनट तक उबाल लें। इससे कटहल जल्दी पकता है और उसका स्वाद भी अच्छा आता है।

सूखा कटहल मसाला बनाने की विधि

  1. सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और कुछ सेकंड तक चटकने दें।
  2. अब इसमें प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें। प्याज अच्छी तरह भुन जाए तो अदरक और लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर चलाएं।
  3. इसके बाद कटे हुए टमाटर और हरी मिर्च डाल दें। जब टमाटर नरम हो जाएं तो हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  4. मसाला अच्छी तरह पक जाए तो उबला हुआ कटहल डाल दें। अब इसे मसाले के साथ अच्छे से मिलाएं ताकि मसाले कटहल पर अच्छी तरह चढ़ जाएं।
  5. धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें।
  6. अंत में गरम मसाला डालकर मिला दें और ऊपर से हरा धनिया छिड़क दें।

स्वाद बढ़ाने के लिए जरूरी टिप्स

  • कटहल को पहले उबाल लें: उबला हुआ कटहल मसाले जल्दी सोख लेता है और सब्जी का स्वाद बेहतर हो सकता है।
  • मसाला अच्छी तरह भूनें: अगर मसाला अच्छी तरह भुन जाएगा तो सब्जी की खुशबू और स्वाद दोनों बेहतर होंगे।
  • धीमी आंच पर पकाएं: धीमी आंच पर पकाने से मसाला कटहल के अंदर तक पहुंचता है।
  • थोड़ा अमचूर डाल सकते हैं: अगर हल्का खट्टापन पसंद है तो आखिर में थोड़ा अमचूर मिला सकते हैं।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।