
शेफ पंकज स्टाइल मलाई पनीर: रिच, क्रीमी और बेहद फ्लेवरफुल रेसिपी
यह मलाई पनीर रेसिपी रिच, क्रीमी और सुगंध से भरपूर स्वाद के साथ बिल्कुल शेफ-स्टाइल तैयार होती है। इसमें मसालों का परफेक्ट तड़का, दही-क्रीम की मुलायम ग्रेवी और सॉफ्ट पनीर मिलकर इसे खास बना देते हैं।
मलाई पनीर उन डिशों में से एक है जो अपनी रिचनेस, मुलायम टेक्सचर और हल्के लेकिन बेहद सुगंधित मसालों की वजह से हर उम्र और स्वाद पसंद करने वालों की फेवरेट बन जाती है। जब इसे किसी अनुभवी शेफ की स्टाइल में तैयार किया जाए तो इसका स्वाद और भी निखर जाता है। इसी तरह की एक खास रेसिपी है Chef Pankaj Bhadouria द्वारा बनाई गई मलाई पनीर जिसमें कम मसालों का इस्तेमाल होते हुए भी फ्लेवर गजब का आता है।
इस रेसिपी की खूबी यह है कि इसमें पनीर को पहले हल्के मसालों में मैरीनेट किया जाता है जिससे उसका स्वाद दोगुना बढ़ जाता है। घी में डाले गए इलायची, दालचीनी और लौंग जैसे पूरे मसाले इसकी खुशबू को बेहद आकर्षक बनाते हैं। दही और क्रीम का मेल इसे एक शानदार, क्रीमी बेस देता है- इतना स्मूद कि खाने वाला पहली ही बाइट में इसका दीवाना हो जाए। सब्जियों की हल्की क्रंच, मसालों का बैलेंस और पनीर की नर्माहट, इस डिश को घर की पार्टी, अचानक आए मेहमान या वीकेंड के खास डिनर के लिए परफेक्ट बनाती है।
सामग्री: 200g पनीर (क्यूब्स में कटा), 1 प्याज (कटा हुआ), 1 कैप्सिकम (कटा हुआ), 1 टमाटर (कटा हुआ), घी, जीरा, 3–4 हरी इलायची, दालचीनी, 2–3 लौंग, अदरक-लहसुन पेस्ट, काली मिर्च पाउडर, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक, ½ कप दही, ¼ कप क्रीम, कसूरी मेथी
बनाने की विधि
1. पनीर की मैरीनेशन- पनीर क्यूब्स पर अदरक-लहसुन पेस्ट, काली मिर्च, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे 10–15 मिनट के लिए अलग रख दें ताकि मसाले अच्छे से लग जाएं।
2. मसालों का तड़का- एक पैन में घी गर्म करें। अब इसमें जीरा, इलायची, दालचीनी और लौंग डालें। मसालों की खुशबू आने लगे तो समझें तड़का तैयार है।
3. पनीर को हल्का सा भूनना- इसमें मैरीनेट किया हुआ पनीर डालकर हल्का-सा टॉस करें। पनीर को अधिक ना पकाएं ताकि उसकी मुलायमियत बनी रहे।
4. सब्जियां मिलाएं- अब कटे हुए प्याज, टमाटर और कैप्सिकम डालें। 2 मिनट तक सौटे करें ताकि सब्जियों की क्रंच बरकरार रहे।
5. क्रीमी बेस तैयार करें- अब इसमें दही, क्रीम और ½ कप पानी डालें। धीमी आंच पर अच्छी तरह मिलाएं। उबाल आने पर 4 मिनट तक सिमर करें।
6. फाइनल टच- ऊपर से कसूरी मेथी क्रश करके डालें। हल्की-सी मिक्सिंग करें और गैस बंद कर दें।
सर्विंग टिप: गरमा-गरम मलाई पनीर को नान, परांठा, जीरा राइस या तंदूरी रोटी के साथ परोसें और लुत्फ उठाएं।

लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




