रक्षाबंधन स्पेशल: ना मावा, ना घंटों पकाना! सिर्फ 250 ग्राम पनीर से बनाएं टेस्टी लड्डू, रेसिपी
रक्षाबंधन पर मीठे में कुछ बनाना है, तो ये पनीर लड्डू की रेसिपी एक बार जरूर ट्राई करें। इसमें घंटों की मेहनत नहीं लगती, बस कुछ ही चीजें से इतनी टेस्टी मुंह में घुलने वाली मिठाई बनकर तैयार होती है कि एक पीस खा कर मन ही नहीं भरेगा। चलिए फटाफट से रेसिपी जान लेते हैं।

रक्षांबधन का त्योहार आने वाला है और इस दिन घर में कुछ मीठा जरूर बनता है। भाई को राखी यही मीठा खिलाकर बाँधी जाती है। हालांकि इस दिन इतनी तैयारियां करनी होती हैं कि बहुत ज्यादा टाइम नहीं मिलता। ऐसे में किसी ऐसी रेसिपी की तलाश रहती है, जो फटाफट बन भी जाए और खाने में भी खूब स्वादिष्ट लगे। पनीर लड्डू ऐसी ही एक मिठाई है, जो बहुत जल्दी बन जाती है और खाने में तो इसका स्वाद पूछिए ही मत। मुंह में रखते ही बिल्कुल घुल जाती है। अगर आप भी रक्षाबंधन पर मीठे में कुछ बनाना चाहती हैं तो यही मिठाई ट्राई कर सकती हैं। बाहर की मिलावटी मिठाई मंगवाने से अच्छा है कि भाई को राखी यही घर की मिठाई खिलाकर बाँधी जाए। तो चलिए फटाफट से रेसिपी जान लेते हैं।
पनीर के लड्डू बनाने के लिए सामग्री
पनीर के लड्डू बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- ताजा पनीर (250 ग्राम), फुल क्रीम दूध ( 2-3 बड़े चम्मच), मिल्क पाउडर (2 बड़े चम्मच), चीनी ( लगभग आधा कप/ स्वादानुसार), इलायची पाउडर (1 चम्मच), मलाई (1-2 चम्मच), देसी घी, गार्निशिंग के लिए कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और केसर के धागे।
इस तरह बनाएं मुंह में घुलने वाले टेस्टी पनीर के लड्डू
कुछ मीठा खाने का दिल करे या फिर त्योहार पर घर में ही फटाफट से कोई मिठाई बनानी हो, ये पनीर के लड्डू आप बना सकती हैं। बहुत कम टाइम में बन जाते हैं और इतने ज्यादा टेस्टी लगते हैं कि बाहर वाली मिठाई तो आप भूल ही जाएंगे। तो चलिए स्टेप बाय स्टेप जानते हैं इन्हें बनाने का तरीका-
स्टेप 1- पनीर के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले ताजे पनीर को छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें, ताकि इन्हें मिक्सर में पीसना आसान हो।
स्टेप 2- अब एक मिक्सर में पनीर के टुकड़े, मिल्क पाउडर, स्वादानुसार चीनी और थोड़ा सा इलायची पाउडर डालें। इलायची पाउडर की जगह आप 3-4 साबुत हरी इलायची भी डाल सकते हैं।
स्टेप 3- अब थोड़ा सा ठंडा दूध भी इसमें एड करें। दूध की मात्रा इतनी रखें कि एक गाढ़ा सा पेस्ट बनकर तैयार हो जाए। ज्यादा दूध डालने की जरूरत नहीं है। साथ में 1-2 चम्मच ताजी मलाई भी मिलाएं और सभी चीजों को साथ में ब्लेंड कर लें।
स्टेप 4- कड़ाही या पैन में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें, फिर ये मिक्सचर डालकर कुछ देर के लिए लो टू मीडियम फ्लेम पर भून लें। जैसे ही गाढ़ा हो जाए, गैस की फ्लेम बंद कर दें।
स्टेप 5- मिक्सचर के हल्का ठंडा होने के बाद हाथों से गोल गोल लड्डू की शेप दें। गार्निशिंग के लिए ऊपर से कटे हुए बादाम-पिस्ता और केसर के धागे एड करें। पनीर के टेस्टी लड्डू बनकर तैयार हैं।


