
नॉनवेज के शौकीन लोगों को जरूर पसंद आएगा चिकन अंगारा, नोट करें स्मोकी रेसिपी
संक्षेप: Chicken Angara Recipe : इस डिश का अनोखा स्वाद और सुगंध इसे बाकी चिकन रेसिपी से अलग और टेस्टी बनाता है। तो अगली बार जब कभी नॉनवेज खाने का मन करें तो ट्राई करें चिकन अंगारा रेसिपी।
अगर आप अपने लंच या डिनर में नॉनवेज की कोई स्पाइसी टेस्टी रेसिपी बनाकर ट्राई करना चाहते हैं तो बना सकते हैं चिकन अंगारा रेसिपी। यह चिकन स्पेशल रेसिपी ना सिर्फ खाने में बेहद टेस्टी है बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। ढाबे और रेस्त्रां में मिलने वाली यह स्मोकी फ्लेवर डिश रोटी,पराठों या चावल के साथ खाने में बेहद अच्छा टेस्ट देती है। इस डिश का अनोखा स्वाद और सुगंध इसे बाकी चिकन रेसिपी से अलग और टेस्टी बनाता है। तो अगली बार जब कभी नॉनवेज खाने का मन करें तो ट्राई करें चिकन अंगारा रेसिपी।

चिकन अंगारा रेसिपी बनाने के लिए सामग्री
चिकन को मैरीनेट करने के लिए
-1 किलो बोनलेस चिकन
-1 कप सादा दही
- ½ कप कुरकुरे तले हुए प्याज
-2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
-½ कप कद्दूकस किए हुए ताजा टमाटर
-2 बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
-2 छोटे चम्मच नमक
-½ छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर
-1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
भूनने और पीसने के लिए
-1 बड़ा चम्मच साबुत धनिया
-1 छोटा चम्मच साबुत काली मिर्च
-2 इंच लंबा दालचीनी का टुकड़ा
-1 छोटा चम्मच जीरा
-8-10 साबुत सूखी लाल मिर्च
चिकन ग्रेवी के लिए
-3 बड़े चम्मच घी
-3 बड़े चम्मच तेल
-2 साबुत तेजपत्ता
-3-4 लौंग
-2 साबुत बड़ी इलायची
स्मोकी फ्लेवर के लिए
-1 टुकड़ा कोयला
-1 छोटा चम्मच घी
चिकन अंगारा रेसिपी बनाने का तरीका
चिकन अंगारा रेसिपी बनाने के लिए सबसे पहले चिकन को मैरीनेट करें। इसके लिए सभी सामग्री को एक कटोरे में डालकर अच्छी तरह मिलाने के बाद कटोरे को ढककर एक तरफ रख दें। अब भुने हुए मसालों से मिश्रण बनाकर तैयार करें। इसके लिए सभी सामग्री को एक पैन में डालकर मीडियम आंच पर हल्का भूरा और खुशबूदार होने तक भून लें। अब पैन को आंच से उतारकर मसालों को कमरे के तापमान पर ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद भुने हुए मसालों को ग्राइंडर में डालकर पीसकर चिकना पाउडर बना लें। अब चिकन अंगारा की ग्रेवी तैयार करने के लिए एक बड़े पैन में मीडियम-तेज आंच पर घी और तेल साथ में डालकर गरम करें। तेल गरम होने पर, पैन में तेजपत्ता, लौंग और काली इलायची डालकर 3-4 सेकेंड तक भूनें। इसके बाद पैन में मैरीनेट किया हुआ चिकन और मसाला मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाकर आंच को कम कर दें। अब पैन को ढककर 40-45 मिनट तक चिकन के अच्छी तरह पकने तक पकाएं। चिकन पकाते समय उसे बीच-बीच में चलाना ना भूलें।
इस स्टेज पर नमक की जांच करें और जरूरत लगने पर और डाल लें। अब चिकन को स्मोकी फ्लेवर देने के लिए एक चारकोल के एक टुकड़े (या दालचीनी की एक छड़ी) को सीधी आंच पर तब तक गरम करें जब तक वह लाल न हो जाए। इसके बाद पैन के बीच में एक छोटा कटोरा रखें और उसमें गरम कोयला रखें। कोयले के ऊपर घी छिड़कें और तुरंत पैन का ढक्कन ढक दें। चिकन की ग्रेवी को 5 मिनट तक धुआं सोखने दें। अब चिकन में से कोयले का टुकड़ा हटा दें। आपका टेस्टी स्मोकी फ्लेवर वाला चिकन आंगरा बनकर तैयार है। इसे कटे हुए हरा धनिया से सजाते हुए गरमागरम रोटी, पराठों या चावल के साथ सर्व करें।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




