सावन में नहीं खाते हैं प्याज-लहसुन? घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा टेस्टी मटर-पनीर, नोट करें रेसिपी
सावन में कई लोग प्याज-लहसुन खाना छोड़ देते हैं और सादा खाना ही खाते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो चलिए आपको बिना प्याज-लहसुन वाली मटर-पनीर की सब्जी बनाने की रेसिपी बताते हैं।

सावन में कई लोग प्याज-लहसुन से पूरी तरह से परहेज कर लेते हैं और महीनेभर सिर्फ सात्विक खाना ही खाते हैं। अगर आप भी प्याज-लहसुन से परहेज करते हैं, तो आज हम आपके लिए मटर-पनीर की टेस्टी रेसिपी लेकर आए हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि बिना प्याज-लहसुन के मटर-पनीर टेस्टी कैसे बनेगी लेकिन उसके बिना भी आपको रेस्टोरेंट जैसा स्वाद मिल जाएगा। एक बार इसे खाने के बाद आप हो सकता है आगे से प्याज-लहसुन के बिना ही बनाना शुरू कर दें। आइये जानते हैं बिना प्याज-लहसुन वाली मटर-पनीर की रेसिपी।
4 लोगों के लिए मटर-पनीर की सब्जी बनाने की सामग्री
पनीर – 250 ग्राम (चौकोर टुकड़ों में)
हरे मटर – 1 कप (ताजे या फ्रोजन)
टमाटर – 3 मध्यम (बारीक कटे या प्यूरी)
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
हरी मिर्च – 1–2
काजू – 10–12 (15 मिनट भिगोए हुए)
जीरा – 1 छोटा चम्मच
तेजपत्ता – 1
हींग – 1 चुटकी
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 2 छोटे चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च – 1 छोटा चम्मच (रंग के लिए)
जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
ताज़ी मलाई या फ्रेश क्रीम – 2 बड़े चम्मच
घी या तेल – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – सजाने के लिए
पानी – लगभग 1½–2 कप
पहले करें ये तैयारी
सबसे पहले पनीर के टुकड़ों को चौकोर शेप में काटकर कड़ाही में तेल डालकर तल लें। फिर काजू, अदरक और हरी मिर्च को मिक्सर में डालकर पेस्ट तैयार करें। साथ ही में टमाटर की प्यूरी भी बना लीजिए। ये तैयारी पहले से कर लेंगी तो सब्जी बनाने में ज्यादा देर नहीं लगेगी। साथ में मटर को गर्म पानी में 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें।
ग्रेवी कैसे करें तैयार
कड़ाही में तेल गर्म करें और इसमें जीरा, तेजपत्ता और हींग डालकर चटकाएं। अब काजू-अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर 2–3 मिनट धीमी आंच पर भून लें। इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे। अब हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, कश्मीरी मिर्च, जीरा पाउडर और नमक डालकर 2 मिनट भूनें।
मटर-पनीर करें तैयार
जब आपके सभी मसाले पूरी तरह से पक जाए, तब उसमें मटर और 1½–2 कप गर्म पानी डालकर 8–10 मिनट पकाएं। फिर इसमें तली हुई पनीर डालें और 3-4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। आखिर में गरम मसाला, कसूरी मेथी और क्रीम डालकर करीब 2-3 मिनट तक सब्जी पका लें। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं और बस फिर रोटी या चावल के साथ सर्व करें।


