ना मावा, ना झंझट! सिर्फ 1 कटोरी चावल से बनाएं डेढ़ किलो स्वादिष्ट पेड़े, बेहद आसान है रेसिपी
त्योहार बिना मिठाई के अधूरा रहता है और बाजार वाली मिठाइयों का हाल काफी बुरा है। ऐसे में क्यों ना आप चावल की मदद से स्वादिष्ट पेड़े बनाकर खाएं और खिलाएं। चलिए आपको चावल से बने पेड़ों की आसान रेसिपी बताते हैं।

रक्षा बंधन का त्योहार 28 अगस्त को देशभर में मनाया जाएगा और इस खास दिन पर मिठाई की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। भाई को राखी बांधने के साथ बहनें उन्हें मिठाई भी खिलाती हैं और बाजार वाली मिठाइयों का हाल तो हर कोई जानता है। बाजार वाली मिलावटी मिठाई खाकर आप बीमार हो सकते हैं, ऐसे में क्यों ना आप कम मेहनत वाली मिठाई घर पर तैयार कर लें। आजकल लोग हल्की मीठी मिठाई खाना पसंद करते हैं और ऐसे में आप स्वादिष्ट पेड़े बनाकर तैयार कर सकते हैं। खास बात ये है कि आप करीब डेढ़ किलो पेड़े सिर्फ 1 कटोरी चावल से बना सकते हैं, इसमें मावा की भी जरूरत नहीं होगी। ऐसा हम नहीं पूनम देवनानी का कहना है। उन्होंने चावल के पेड़े बनाने की सिंपल रेसिपी शेयर की है, जो काफी आसान है।
चावल के पेड़े बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स-
चावल (कोई भी घर में इस्तेमाल होने वाला चावल, लंबे बिरयानी वाले चावल नहीं) – 1½ कटोरी
चीनी – 1½ कटोरी
नारियल का बुरादा (डेसिकेटेड कोकोनट) – 1½ कटोरी
दूध – 1½ कप
मिल्क पाउडर – 1½ कप
घी – कुल ½ कप
2 बड़े चम्मच भूनने के लिए
2 बड़े चम्मच दूध के मिश्रण में डालने के लिए
2 बड़े चम्मच बाद में डालने के लिए
इलायची – 3–4, चावल के साथ पीस लें
केसर – सजाने के लिए (वैकल्पिक)
पिस्ता कतरन – सजाने के लिए (वैकल्पिक)
पेड़े बनाने के लिए नोट करें आसान स्टेप्स-
- 1. सबसे पहले आपको माप के अनुसार चावल लेना है और उसे दो बार धो लेना है। फिर पंखे के नीचे रखकर करीब आधे घंटे तक इन्हें सुखा लीजिए। इसके बाद कड़ाही में घी डालकर हल्का भूरा होने तक पीस लीजिए और फिर मिक्सी में चावल को पीसकर महीन पाउडर बनाएं। आप चावल का आटा भी खरीद सकते हैं लेकिन इस तरीके से आपको शुद्धता का पता रहेगा।
- 2. अप आपको बताई हुई मात्रा के अनुसार दूध कड़ाही में डालना है, उसमें चीनी और नारियल का बुरादा डालकर मिक्स करें। मिक्स बिना गैस जलाए ही करें और फिर गैस ऑन करें। मिठाई में हम मावा नहीं डाल रहे हैं, तो थिकनेस के लिए मिल्क पाउडर का इस्तेमाल करेंगे। आप चाहे तो इसमें काजू भी पीसकर मिला सकते हैं, इससे टेक्सचर गाढ़ा हो जाएगा और स्वाद भी अच्छा मिलेगा। सबकुछ डालने के बाद ऊपर से 2 चम्मच घी डालकर मीडियम आंच पर उबाल आने तक पकाएं।
- 3. जब आपका दूध पककर तैयार होता हुआ दिखे, तब इसमें चावल वाला पाउडर डालकर मिलाएं। अब इसे करीब 10 मिनट तक लगातार चलाते हुए गाढ़ा करना होगा। इसे इतना गाढ़ा कर लेना है, जिसमें ये हाथों में चिपके नहीं और पेड़े भी बन जाए।
- 4. इस मिक्सचर को बनाते हुए जब गाढ़ापन आ जाए, तब गैस बंद करें। 10 मिनट के लिए इसे ठंडा होने के लिए छोड़ें और फिर पेड़े बनाना शुरू करें। आप पेड़े साधारण तरीके से बना सकते हैं या फिर सांचे से डिजाइन में भी बना सकते हैं। इससे आसानी से आप 50-60 पेड़े बनाकर तैयार कर सकते हैं।
- 5. पेड़े बनाकर रखने के बाद ऊपर से केसर की कतरन या पिस्ता का इस्तेमाल गार्निश के लिए करें। आप चाहे तो बादाम भी लंबा काटकर लगा सकते हैं। बस ऐसे आपके पेड़े बनाकर रेडी हो जाएंगे और आपको राखी पर बाजार वाली मिठाई नहीं खरीदनी पड़ेगी। इसे बनाने में करीब 1 घंटा लगेगा।


