मैदा नहीं! गेहूं के आटे से बनाएं खस्ता परतदार मठरी, नोट करें सही माप और रेसिपी
चाय के साथ आप ये खस्ता परतदार गेहूं के आटे की मठरी बनाकर तैयार कर सकते हैं। बिना मैदा के भी ये इतनी क्रिस्पी बनती हैं कि खा कर मजा आ जाता है। सही माप और रेसिपी के साथ बनाएंगे तो एकदम परफेक्ट मठरी बनकर तैयार होगी।

सुबह की चाय हो या शाम को हल्का-फुल्का खाने का मन करे, घर में मठरी बनी हुई रखी हों; तो मजा आ जाता है। चाय के साथ तो इनका खस्ता कुरकुरा स्वाद और भी बढ़िया लगता है। आमतौर पर मठरी मैदा से बनाई जाती है, जो हेल्दी तो बिल्कुल नहीं होती। इसी वजह से कई लोग मैदा की जगह गेहूं के आटे की मठरी बनाना प्रिफर करते हैं। हालांकि गेहूं के आटे की मठरी में वो खस्तापन कई बार मिसिंग होता है, जो मैदा वाली मठरी में आती है। दरअसल यहां सारा खेल मठरी के आटे, मोयन और उसके सही माप का है। आज हम आपके साथ गेहूं के आटे की मठरी बनाने का ही तरीका शेयर कर रहे हैं, जिसे फॉलो कर के आप बिल्कुल परफेक्ट मठरी बना सकते हैं। वो भी नॉर्मल मठरी नहीं, खस्ता परतदार मठरी। आइए रेसिपी जान लेते हैं -
गेहूं के आटे की मठरी बनाने के लिए सामग्री
गेहूं के आटे की खस्ता, परतदार मठरी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- गेहूं का आटा (2 कप), स्वादानुसार नमक, अजवाइन (1 चम्मच), देसी घी (1 बड़ा चम्मच)। मठरी को परतदार बनाने के लिए एक घोल बनाकर तैयार करना होगा, जिसके लिए आपको 2 चम्मच गेहूं का आटा और 1 चम्मच देसी घी की जरूरत होगी। इसके अलावा मठरी को तलने के लिए आप तेल या घी इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस तरह बनाएं आटे की खस्ता परतदार मठरी
गेहूं के आटे की मठरी बनाने के लिए सबसे पहले आटा लगाकर तैयार कर लें। इसके लिए एक बड़ी परात में गेहूं का आटा लें, इसमें थोड़ा सा नमक और हाथों से मसलकर थोड़ा सा अजवाइन एड कर दें। अब बारी है मोयन लगाने की। इसके लिए देसी घी को पहले मेल्ट कर लें, उसके बाद ही आटे में डालें। आटे को हाथों से मसलते हुए गूंथ लें। थोड़ा सा आटा हाथ में दबाकर देखें, अगर ये अच्छे से बँध रहा है तो मोयन सही लगा है।
अब आटे में थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक सॉफ्ट सा आटा लगाकर तैयार कर लें। इस आटे को आपको 10-15 मिनट के लिए ढककर सेट होने के लिए छोड़ देना है। तब तक एक छोटा सा घोल बनाकर तैयार कर लें। इसके लिए एक बाउल में गेहूं का आटा और देसी मिक्स कर के एक पेस्ट सा तैयार कर लें।
परतदार बनाने के लिए ऐसे बेलें मठरी
आटे की छोटी लोई बनाकर उसे बिल्कुल पतला सा बेल लें। फिर उसके ऊपर आटे और घी वाला घोल अच्छी तरह लगाएं और साथ ही थोड़ा सा सूखा आटा भी छिड़क दें। इसके ऊपर दोबारा से गेहूं की बेली हुई रोटी रखें, फिर से ये घोल और सूखा आटा लगाएं। आपको इसी तरह से 6 रोटी एक के ऊपर एक रखकर तैयार कर लेनी हैं। अब इस मोटी रोटी को बेलन से हल्का सा बेल लें, ताकि ये आपस में चिपक जाएं।
अब इसे हाथों से रोल कर लें। बिल्कुल टाइट रोल करें, फिर चाकू की मदद से काट लें। अब इन्हें हल्के हाथों से बेलन की मदद से बेलकर मठरी की शेप दें। कड़ाही में तेल गर्म करें और लो टू मीडियम फ्लेम पर खस्ता और गोल्डन होने तक फ्राई कर लें।


