ना मलाई, ना मिल्क पाउडर! 1 पैकेट दूध में बिस्किट भिगोकर बनाएं राजभोग आइसक्रीम, देखें रेसिपी
ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाने का दिल करे तो बाजार से लाने की जगह ये सिंपल सी रेसिपी ट्राई करें। इसके लिए आपको कोई बहुत फैंसी इंग्रेडिएंट्स की जरूरत नहीं है। बस दूध बिस्किट और कुछ ड्राई फ्रूट्स से बहुत ही टेस्टी राजभोग आइसक्रीम बनकर तैयार होती है।

गर्मियों का मौसम हो और ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाने का मन ना करे, ऐसा भला कैसे हो सकता है। खासकर बच्चे तो इन दिनों रोज आइसक्रीम खाने की डिमांड करते हैं। ऐसे में घर पर ही उनके लिए टेस्टी सी आइसक्रीम बना ली जाए, उससे बेहतर ऑप्शन नहीं हो सकता। आज की रेसिपी कुछ ऐसी ही है। स्वाद से भरपूर और बनाने में हद से ज्यादा सिंपल। थोड़े से बिस्किट और दूध से इतनी क्रीमी और रिच राजभोग आइसक्रीम बनती है कि आप दोबारा मार्केट से लाने की गलती नहीं करेंगे। पूरी फैमिली के लिए महंगी और प्रिजर्वेटिव्स से भरी आइसक्रीम लाने से बेहतर रहेगा कि आप ये वाली रेसिपी आज ही ट्राई करें। तो आइए फटाफट से दूध और बिस्किट वाली राजभोग आइसक्रीम बनाना सीख लेते हैं-
घर पर क्रीमी एंड रिच राजभोग आइसक्रीम बनाने की सामग्री
घर पर राजभोग फ्लेवर आइसक्रीम बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- डाइजेस्टिव बिस्किट (8-10), फुल क्रीम दूध (आधा लीटर), बादाम (10-15), काजू (10-15), चीनी (स्वादानुसार), हरी इलायची, केसर के कुछ धागे और गर्मीशिन के कटे हुए ड्राई फ्रूट्स।
दूध और बिस्किट से बनाएं क्रीमी राजभोग आइसक्रीम
गर्मियों में कुछ मीठा खाने की क्रेविंग हो या पूरी फैमिली के लिए ठंडी-ठंडी आइसक्रीम बनानी हो, ये सिंपल सी रेसिपी जरूर ट्राई करें। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में दूध गर्म होने के लिए रख दें। ध्यान रहे दूध थोड़ा गाढ़ा होना चाहिए। पैकेट वाला दूध ले रहे हैं, तो फुल क्रीम मिल्क में अच्छी-खासी क्रीमी आइसक्रीम बन जाती है।
अब जैसे ही दूध में एक उबाल आ जाए उसमें थोड़े से डाइजेस्टिव बिस्किट एड कर दें। साथ में साबुत बादाम और काजू भी। आइसक्रीम का गाढ़ापन और रिच टेस्ट इन्हीं इंग्रेडिएंट्स की वजह से आएगा। अब अगर आपको इलायची का फ्लेवर पसंद है, तो 2-3 हरी इलायची या उसका पाउडर भी एड कर सकते हैं। साथ में चीनी भी स्वाद के हिसाब से एडजस्ट कर के डालें क्योंकि बिस्किट पहले से ही काफी मीठे हैं।
एक कटोरी में दो-तीन गर्म दूध निकालें और उसमें केसर के कुछ कतरे मिक्स करें। जब केसर अपनी रंगत छोड़ दे, तब उसे दूध वाले मिक्सचर में एड कर दें। इससे राजभोग आइसक्रीम का परफेक्ट कलर आता है। इन सभी चीजों को चलाते हुए थोड़ा सा पका लें, जब तक एक गाढ़ा सा मिक्सचर नहीं तैयार हो जाता। इसके बाद इसे ठंडा होने रख दें, फिर एक मिक्सर में पीसकर आइसक्रीम का बेस तैयार कर लें।
कितनी देर में जमेगी आइसक्रीम?
आइसक्रीम के इस पतले मिक्सचर को किसी कंटेनर में भरें और फ्रीजर में रख दें। आप चाहें तो इसे थोड़े से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से गार्निश कर सकते हैं। ये खाने और देखने में काफी अच्छी लगेगी। अब लगभग 8 घंटे या रातभर के लिए जमने छोड़ दें, सुबह तक बिल्कुल परफेक्ट राजभोग आइसक्रीम बनकर तैयार हो जाएगा।


