महंगी काजू कतली भूल जाइए! 1 कप मूंगफली से बनाएं आधा किलो स्वादिष्ट बर्फी, आसान है रेसिपी
लाइव हिन्दुस्तान
काजू कतली आपने खूब खाई होगी लेकिन क्या कभी मूंगफली से बनी बर्फी खाई है। इस बार त्योहार के खास मौके पर पीनट बर्फी ट्राई करें। शेफ भरत ने पीनट बर्फी की सिंपल रेसिपी शेयर की है, जिसे बनाने में कम से कम समय लगेगा।

मूंगफली की बर्फी बनाने की सिंपल रेसिपी
त्योहार का सीजन है और ऐसे में मिठाइयों की डिमांड बढ़ जाती है और बाजार लेने जाओ तो कहीं पर महंगी मिलेगी और कहीं पर मिलावटी। ऐसे में मिठाई लेने की इच्छा ही खत्म हो जाती है। अगर आप भी मिलावटी-महंगी के चक्कर में मिठाई नहीं लेते हैं, तो आसान स्टेप्स से घर पर ही बना लें। आप राखी या खास कार्यक्रम के लिए बर्फी बना सकते हैं लेकिन ये बर्फी मावा या काजू से नहीं बल्कि मूंगफली के दानों से बनेगी। इसका स्वाद और टेक्सचर लगभग काजू वाली बर्फी जैसा रहेगा लेकिन इसमें काजू नहीं पड़ेगा। इसे हम कहेंगे पीनट कतली या बर्फी, शेफ भरत ने इस आसान रेसिपी को शेयर किया है और हम अब इसे आपको बताने जा रहे हैं।
मूंगफली की बर्फी बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स-
1 कप मूंगफली
¾ कप चीनी
½ कप पानी
¼ कप सूखा नारियल
1 चम्मच गुलाब जल
¼ कप मिल्क पाउडर
जरूरत के अनुसार घी
2–3 इलायची के दाने का पाउडर
मूंगफली की बर्फी बनाने के आसान स्टेप्स
- 1. सबसे पहले 1 कप मूंगफली लीजिए और उसे पैन में हल्का सा घी डालकर रोस्ट करें। जब मूंगफली अच्छे से रोस्ट हो जाएगी, तब उसे ठंडा होने दें और फिर छिलका हटा लें। छिलका हटाने के लिए आप हाथों में दानों को मसल लें और फिर बड़े छन्ने से साफ करें या पछोर सकते हैं। फिर आपको मिक्सर में मूंगफली के दानों को ग्राइंड करना है लेकिन एक साथ न पीसें। बल्कि 3-4 बार में हल्का-हल्का पीस लें, जिससे मूंगफली दरदरी बनी रहे और इसका फैट न निकलें। महीन मूंगफली पीस देंगे, तो पीनट बर्फी की जगह बटर बनाना पड़ेगा।
- 2. अब आपको चाशनी बनानी है और इसके लिए ¾ कप चीनी चाहिए होगी। चीनी और पानी के साथ पैन में थोड़ी पतली चाशनी तैयार कर लें। चाशनी ज्यादा गाढ़ी बनेगी, तो बर्फी का टेक्सचर अच्छा नहीं आएगा, इसलिए कोशिश करें हल्की पतली हो।
- 3. इसके बाद आपको मूंगफली का पाउडर चीनी वाली चाशनी में मिलाना है और साथ में नारियल का पाउडर, मिल्क पाउडर, इलायची पाउडर और घी भी मिलाते हुए चलाना है। पहले गैस बंद करके सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें और फिर गैस ऑन करें। इसे लगातार चलाते हुए आटे की तरह तैयार कर लें, तब तक पका लें जब तक आपका डो पैन ना छोड़ दें।
- 4. फिर इस मूंगफली वाले डो को रेस्ट के लिए 10 मिनट के लिए छोड़ दीजिए। हल्का ठंडा होने पर इसे बेलना होगा। आप साफ और बड़ी थाली लें और उसे पलटकर स्लैब पर रखें। इस थाली पर घी लगाएं और डो इसी पर रख दें। अब बेलन से हल्के हाथों से बेलते हुए रोटी की तरह कर लें। ज्यादा पतला या मोटा नहीं करना है, नॉर्मल साइज में बेलें। फिर इस पर चांदी का वर्क चिपका दें और डायमंड या स्क्वॉयर शेप में काट लें। बस आपकी मूंगफली की बर्फी बनकर तैयार हो जाएगी और इसे बनाने में करीब आधा घंटा लगेगा।


