ना मैदा ना बटर, फिर भी घर पर बनेगा बेकरी जैसा चॉकलेट केक, नोट करें मदर्स डे स्पेशल रेसिपी

Avantika Jain लाइव हिन्दुस्तान
share

मदर्स डे के खास मौके पर अगर आप मां के लिए चॉकलेट केक बनाना चाहते हैं तो यहां हम एक ऐसी रेसिपी शेयर कर रहे जिससे अपा बिना मैदा और बटर के केक तैयार कर सकते हैं। देखिए मदर्स डे स्पेशल केक रेसिपी-

ना मैदा ना बटर, फिर भी घर पर बनेगा बेकरी जैसा चॉकलेट केक, नोट करें मदर्स डे स्पेशल रेसिपी

कोई भी सेलिब्रेशन बिना केक के अधूरा होता है। चाहे जन्मदिन हो, शादी की सालगिरह हो या मदर्स डे, केक उस मौके का सेंटर पॉइंट होता है। मदर्स डे 10 मई को मनाया जाएगा और इस खास मौके पर अपनी मां को अपने हाथों से केक बनाने से बेहतर तोहफा और कुछ नहीं हो सकता। यह सिर्फ एक मिठाई नहीं बल्कि आपकी मेहनत और प्यार का इजहार है। मदर्स डे के खास मौके पर मां के लिए बिना मैदा और बटर वाला केक बनाना चाहते हैं तो यहां देखिए मदर्स डे स्पेशल रेसिपी।

बिना मैदा और बटर के चॉकलेट केक बनाने की सामग्री

चॉकलेट केक बनाने के लिए आपको चाहिए एक कप दही, डेढ़ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा, साढ़े तीन कप पिसी चीनी, आधा कप सनफ्लॉवर ऑयल, एक तिहाई कप दूध, 1+1/4 कप गेहूं का आटा. 1¼ कप कोको पाउडर, एक छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, आधा कप कटी हुई डार्क चॉकलेट, 3/4 कप फ्रेश क्रीम, एक मुट्ठी चोको चिप।

बिना मैदा और बटर के चॉकलेट केक बनाने की विधि

केक बनाने के लिए एक कटोरे में दही और बेकिंग सोडा मिलाएं। इसे एक मिनट के लिए रख दें। कुछ ही देर में ये मिक्स फूल जाएगा। अब उसी कटोरे में पिसी हुई चीनी, तेल और दूध डालें और अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें गेहूं का आटा, कोको पाउडर और बेकिंग पाउडर छानकर डालें। सभी चीजों को एक साथ मिलाकर बिना गांठ वाला घोल बना लें। अब ज्यादा न फेंटें। अब बैटर को 7 इंच के भारी तले वाले नॉन-स्टिक पैन में डालें, जिसे चारों तरफ से तेल से चिकना किया गया हो और नीचे बटर पेपर बिछाया गया हो। अब एक बड़े भारी तले वाले सॉस पैन को मध्यम आंच पर रखें और उसमें आधा पानी भर दें। अब केक बैटर वाले छोटे पैन को उस पर रखें, ढक्कन से ढक दें और केक को मीडियम आंच पर 50 मिनट तक पकाएं। केक पक है या नहीं इसे चेक करने के लिए बीच में टूथपिक डालें और इसके साफ निकलने तक पकाएं। अगर पकाते समय सारा पानी सूख जाए तो आवश्यकतानुसार और पानी डालते रहें। अब चॉकलेट गनाश बनाने के लिए, फ्रेश क्रीम को गर्म करें और कटी हुई डार्क चॉकलेट पर डालें। इसे एक मिनट के लिए छोड़ दें और फिर इसे मिलाकर एक चिकना गनाश बना लें। केक के ठंडा होने पर, इसे मोल्ड से निकालें और इसके ऊपर गनाश डालें और फिर चोको चिप भी डालें।

टिप- चॉकलेट के स्वाद को गहरा करने के लिए, कोको पाउडर को गुनगुने पानी या हल्की गर्म कॉफी में मिलाकर इस्तेमाल करें। इससे कोको का फ्लेवर पूरी तरह से आता है।

चॉकलेट केक के बैटर में एक छोटा चम्मच इंस्टेंट कॉफी पाउडर डालें। यह केक को कॉफी का स्वाद नहीं देगा, बल्कि चॉकलेट के स्वाद को और ज्यादा बेहतरीन बनाएगा

Avantika Jain

लेखक के बारे में

Avantika Jain
अवंतिका जैन ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। फिलहाल वह बतौर सीनियर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर लाइव हिंदुस्तान में लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। एंटरटेनमेंट से जुड़ी खबरों को लिखने और वीडियोज बनाने में भी इनकी रुचि है। 5 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहीं अवंतिका लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत के दिल्ली डेस्क पर काम कर चुकी हैं। नई जगहों को एक्सप्लोर करना, नए लोगों से जुड़ना और फिल्में/वेब सीरीज देखने की शौकीन हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।