धनिया-पुदीना से हो गए बोर? ट्राई करें कश्मीरी स्टाइल अखरोट की चटनी

लाइव हिन्दुस्तान
share

कश्मीरी खाने का स्वाद पसंद है तो इस बार घर पर बनाएं अखरोट की चटनी। अखरोट, पुदीना, हरा धनिया और दही से तैयार यह चटनी खाने का स्वाद बढ़ा देगी।

Kashmiri walnut chutney recipe
बनाएं कश्मीरी अंदाज वाली अखरोट की चटनी

रोज की दाल, सब्जी और पराठे के साथ अगर कुछ अलग खाने का मन हो तो चटनी एक अच्छा ऑप्शन है। लेकिन इस बार हरी मिर्च और धनिया वाली आम चटनी से थोड़ा हटकर कुछ ट्राई करें। कश्मीरी अंदाज की अखरोट वाली चटनी स्वाद में काफी अलग होती है। इसमें अखरोट का हल्का क्रंच, पुदीने की फ्रेशनेस, धनिए की खुशबू और दही की क्रीमीनेस मिलती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती। अखरोट को भिगोकर बाकी चीजों के साथ पीसना है और आपकी चटनी तैयार। इसे खाने के साथ सर्व कर सकते हैं या स्नैक्स के साथ भी मजे से खा सकते हैं।

सामग्री

आधा कप भीगे हुए अखरोट

3–4 सूखी लाल मिर्च

आधा कप हरा धनिया

चौथाई कप ताजा पुदीना

स्वादानुसार नमक

3–4 बड़े चम्मच दही

अखरोट को पहले भिगोएं

  • इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले अखरोट को कुछ देर पानी में भिगोकर रखें। भीगे हुए अखरोट थोड़े सॉफ्ट हो जाते हैं, जिससे उन्हें पीसना आसान रहता है। साथ ही चटनी का टेक्सचर भी अच्छा आता है।
  • आधा कप भीगे हुए अखरोट लें और इन्हें बहुत बारीक पीसने की जरूरत नहीं है। हल्का दरदरा पीसें, ताकि चटनी खाते समय अखरोट का स्वाद और थोड़ा टेक्सचर महसूस हो।

लाल मिर्च से आएगा अच्छा स्वाद

  • अब इसमें तीन से चार सूखी लाल मिर्च डालें। अगर आपको चटनी ज्यादा तीखी पसंद नहीं है तो मिर्च की मात्रा अपने हिसाब से कम कर सकते हैं।
  • अखरोट और लाल मिर्च को साथ में हल्का पीसें। इसे पूरी तरह पेस्ट जैसा बनाने की जरूरत नहीं है। इस चटनी में थोड़ा दरदरा टेक्सचर ही इसका मजा बढ़ाता है।

धनिया और पुदीना डालें

  • अब इसमें आधा कप हरा धनिया और चौथाई कप ताजा पुदीना डालें। दोनों को अखरोट के साथ धीरे-धीरे पीसें।
  • यहां चटनी को जल्दी-जल्दी पीसने के बजाय थोड़ा धीरे पीसना अच्छा रहेगा। इससे धनिए और पुदीने की फ्रेश खुशबू और स्वाद अच्छी तरह चटनी में मिल जाते हैं।

नमक डालकर मिलाएं

अब स्वाद के हिसाब से नमक डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इस स्टेज पर चटनी का बेस तैयार हो जाएगा। अगर आपको चटनी थोड़ी ज्यादा तीखी या फ्रेश पसंद है तो लाल मिर्च और पुदीने की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से बदल सकते हैं।

आखिर में डालें दही

  • अब आता है इस चटनी का सबसे खास हिस्सा। इसमें तीन से चार बड़े चम्मच दही थोड़ा-थोड़ा करके डालें। हर बार दही डालने के बाद चटनी को अच्छी तरह पीसें और फिर जरूरत के हिसाब से बाकी दही मिलाएं।
  • दही से चटनी को क्रीमी टेक्सचर मिलता है और अखरोट का स्वाद भी बैलेंस हो जाता है। चटनी को बहुत ज्यादा चिकना न करें। हल्की दरदरी और क्रीमी चटनी इसका स्वाद और भी अच्छा रखती है।

ऐसे करें सर्व

कश्मीरी अखरोट की यह चटनी तैयार होने के बाद इसे तुरंत खाने के साथ सर्व कर सकते हैं। यह पराठे, रोटी, पुलाव या किसी भी स्नैक के साथ अच्छी लग सकती है। अगर घर में मेहमान आए हैं और आप कुछ अलग सर्व करना चाहते हैं तो यह चटनी भी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है।

अखरोट की वजह से इसका स्वाद बाकी आम चटनियों से अलग रहता है। ऊपर से पुदीना, धनिया और दही इसे फ्रेश और हल्का स्वाद देते हैं। अगर आपको घर पर नई-नई चटनी ट्राई करना पसंद है तो यह रेसिपी जरूर बनाकर देखें।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें
Hindi News , Lifestyle News in Hindi , Health News , Recipe , Fashion , Beauty और Fitness से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़रेसिपीधनिया-पुदीना से हो गए बोर? ट्राई करें कश्मीरी स्टाइल अखरोट की चटनी