Medu Vada: बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम! घर पर ऐसे बनाएं मेदू वड़ा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Crispy Medu Vada Recipe: अगर आपका मन बाजार जैसे कुरकुरे और मुलायम मेदू वड़ा खाने का है, तो अब बाहर जाने की जरूरत नहीं। इस आसान रेसिपी की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट मेदू वड़ा बना सकते हैं।

मेदू वड़ा रेसिपी

साउथ इंडियन खाने की बात हो और मेदू वड़ा का नाम ना आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। बाहर मिलने वाला सुनहरा, कुरकुरा और अंदर से मुलायम मेदू वड़ा लगभग हर किसी को पसंद होता है। लेकिन कई लोग सोचते हैं कि इसे घर पर बनाना मुश्किल है या फिर यह बाजार जैसा नहीं बनेगा।

सच तो यह है कि अगर दाल सही तरीके से तैयार की जाए और कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए, तो घर पर भी बिल्कुल होटल जैसा मेदू वड़ा बनाया जा सकता है। इसे आप सुबह के नाश्ते में, शाम की चाय के साथ या मेहमानों के लिए भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

मेदू वड़ा बनाने के लिए जरूरी चीजें

एक कप उड़द दाल

एक छोटा चम्मच अदरक बारीक कटा हुआ

दो हरी मिर्च बारीक कटी हुई

कुछ करी पत्ते बारीक कटे हुए

थोड़ा हरा धनिया

आधा छोटा चम्मच काली मिर्च

स्वादानुसार नमक

तलने के लिए तेल

स्टेप 1: दाल तैयार करें

उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर चार से पांच घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी निकाल लें। अब इसे बहुत कम पानी डालकर गाढ़ा और मुलायम पीस लें। ध्यान रखें कि घोल पतला ना हो।

मेदू वड़ा

स्टेप 2: घोल तैयार करें

पीसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालें। अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, हरा धनिया, काली मिर्च और नमक डालें। घोल को पांच से सात मिनट तक एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें। इससे घोल हल्का हो जाएगा और वड़ा फूला हुआ बनेगा।

स्टेप 3: वड़ा बनाएं

हाथ को हल्का गीला करें। थोड़ा-सा घोल हथेली पर रखें और बीच में उंगली से छोटा छेद बना दें। अगर शुरुआत में आकार बनाने में परेशानी हो, तो प्लास्टिक की शीट या केले के पत्ते का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

मेदू वड़ा

स्टेप 4: तलें

कढ़ाई में तेल गरम करें। तेल बहुत तेज गर्म ना हो और ना ही बिल्कुल ठंडा। मध्यम आंच पर वड़े डालें। दोनों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे होने तक तलें। फिर निकालकर अतिरिक्त तेल हटाने के लिए कागज पर रखें।

मेदू वड़ा

होटल जैसा मेदू वड़ा बनाने के अन्य टिप्स

  • घोल पतला ना रखें: अगर घोल ज्यादा पतला होगा, तो वड़ा सही आकार नहीं ले पाएगा।
  • घोल को जरूर फेंटें: अच्छी तरह फेंटा हुआ घोल वड़े को हल्का और मुलायम बनाता है।
  • तेल का तापमान सही रखें: बहुत गर्म तेल में वड़ा बाहर से जल सकता है और अंदर से कच्चा रह सकता है।
  • कम पानी का इस्तेमाल करें: दाल पीसते समय जितना कम पानी डालेंगे, वड़ा उतना ही अच्छा बनेगा।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें
Hindi News , Lifestyle News in Hindi , Health News , Recipe , Fashion , Beauty और Fitness से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।