पेटीज का स्वाद चाहिए, लेकिन मैदा नहीं? ऐसे बनाएं टेस्टी और हेल्दी वर्जन
Healthy Eating and Recipes: पेटीज खाना पसंद है, लेकिन मैदा और ज्यादा तेल की वजह से इसे लेकर मन में सवाल रहता है? तो इस बार घर पर ये हेल्दी वर्जन ट्राई करें और स्वाद के साथ थोड़ी बेहतर पसंद चुनें।

पेटीज का नाम सुनते ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार फिलिंग वाली पेटीज शाम की भूख मिटाने के लिए एकदम बढ़िया लगती है। लेकिन बाजार में मिलने वाली पेटीज में अक्सर मैदा और काफी मात्रा में तेल का इस्तेमाल होता है।
ऐसे में अगर घर पर पेटीज बनाने का मन हो तो इसे थोड़ा अलग तरीके से क्यों ना बनाया जाए? मैदा की जगह गेहूं का आटा इस्तेमाल करके आप इसका नया वर्जन बना सकते हैं। इससे पेटीज का स्वाद थोड़ा अलग जरूर होगा, लेकिन घर पर बनी होने की वजह से आप इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजों को अपनी पसंद के हिसाब से रख सकते हैं। साथ ही बच्चों को सब्जियां खिलाने का यह एक मजेदार तरीका भी हो सकता है।
हालांकि, इसे पूरी तरह से ‘हेल्दी फूड’ मानकर ज्यादा खाना सही नहीं होगा। आटे से बनी पेटीज भी मात्रा और बनाने के तरीके पर निर्भर करती है। अगर आप इसे कम तेल में बनाते हैं और फिलिंग में ज्यादा सब्जियां रखते हैं, तो यह रोजमर्रा के स्नैक के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है।
आटे की पेटीज बनाने के लिए सामग्री
- बाहर वाली लेयर के लिए: गेहूं का आटा, 1 छोटा चम्मच तेल, थोड़ा नमक (चाहें तो गेहूं के आटे की जगह ज्वार का आटा, बेसन, ओट्स आटा भी यूज कर सकते हैं)
- अंदर की फिलिंग के लिए: बारीक कटी मिली-जुली सब्जियां, आधा कप पनीर, जीरा, लाल मिर्च, थोड़ा चाट मसाला, स्वाद के अनुसार नमक
- ऊपर लगाने के लिए: थोड़ा दूध या तेल, थोड़े तिल
ऐसे बनाएं हेल्दी पेटीज
- एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, नमक और तेल डालकर आटा गूंथ लें। आटा ना ज्यादा सख्त हो और ना बहुत ढीला। इसे करीब 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
- कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और फिर बारीक कटा प्याज डालकर हल्का भूनें। अब बाकी सब्जियां भी डाल दें और तेज आंच पर कुछ मिनट पकाएं, ताकि उनका स्वाद बना रहे और वे बहुत ज्यादा गलें नहीं। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ या बारीक मसला हुआ पनीर डालें। नमक, लाल मिर्च और थोड़ा चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- अब तैयार आटे की छोटी लोई बनाकर उसे हल्का बेल लें। बीच में एक से दो चम्मच फिलिंग रखें। किनारों को हल्का गीला करें और आटे को मोड़कर फिलिंग को अच्छी तरह बंद कर दें। इसे हाथ से हल्का दबाकर पेटीज जैसा आकार दें। इसी तरह सारी पेटीज तैयार कर लें।
- तैयार पेटीज को बेकिंग ट्रे पर रखें। ऊपर से थोड़ा दूध या तेल लगाएं और चाहें तो थोड़े तिल भी डाल दें। इन्हें पहले से गर्म किए हुए ओवन में तब तक बेक करें, जब तक ऊपर से हल्का सुनहरा रंग न आ जाए। अगर आपके पास ओवन नहीं है, तो इन्हें ढककर कड़ाही में भी धीमी आंच पर पका सकते हैं।
रहें सावधान!
हाल ही में जयपुर के एक स्कूल में पेटीज खाने के बाद एक बच्चे की तबीयत बिगड़ने और मौत की खबर सामने आई है। इस मामले की जांच अभी चल रही है और मौत की असली वजह साफ नहीं हुई है। ऐसी खबरों के बीच बाहर से मिलने वाले खाने की साफ-सफाई और ताजगी पर ध्यान देना जरूरी हो जाता है। खासकर पेटीज जैसी चीजें अगर लंबे समय तक सही तरीके से ना रखी जाएं, तो परेशानी का कारण बन सकता है।


