चावल बच गए हैं? 10 मिनट में बनाएं ये कुरकुरा और टेस्टी स्नैक, बच्चे खूब पसंद करेंगे!
रात के चावल अक्सर बच जाते हैं। ऐसे में उन्हें फेंकने या दोबारा गर्म कर के खाने के बजाए आप ये कुरकुरा सा स्नैक बनाकर तैयार कर सकती हैं। बहुत ही ज्यादा टेस्टी स्नैक बनता है, जिसे बच्चों से ले कर बड़े तक, सभी शौक से खाने वाले हैं।

रात के चावल अक्सर बच जाते हैं। इन बचे हुई चावलों का आप क्या करती हैं? क्योंकि इन्हें दोबारा गर्म कर के खाने का तो बिल्कुल मन नहीं करता। ऐसे में बेस्ट रहता है कि इनसे कोई टेस्टी सी रेसिपी बना ली जाए। कुछ ऐसा जो खाने में काफी टेस्टी भी हो और फटाफट बन भी जाए। क्यों ना आप इनकी क्रिस्पी सी बाइट्स बनाकर तैयार कर लें? बाहर का खाने की क्रेविंग भी दूर हो जाएगी और बचे हुए चावल बेकार भी नहीं जाएंगे। बच्चे अक्सर कुछ बढ़िया खाने की जिद करते रहते हैं। खासकर शाम होते ही उन्हें स्नैक्स में कुछ चाहिए ही रहता है। ऐसे में ये बचे हुए चावलों से बनी क्रिस्पी बाइट्स उन्हें बहुत पसंद आने वाली हैं। एक बार आप इन्हें बना लेंगी तो बार-बार डिमांड आनी पक्का है। तो चलिए रेसिपी शुरू करते हैं।
क्रिस्पी बाइट्स बनाने के लिए सामग्री
लेफ्टओवर राइस से क्रिस्पी और टेस्टी बाइट्स बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बचे हुए चावल (1 कप), उबले हुए आलू (चावल के बराबर मात्रा रखें), जीरा (1 चम्मच), स्वादानुसार नमक, चिली फ्लेक्स (मोटी कुटी हुई लाल मिर्च), कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ करी पत्ता, ताजा हरा धनिया पत्ता, ऑरिगेनो (1 चम्मच) और तलने के लिए तेल।
बचे हुए चावल से बनाएं ये मजेदार कुरकुरा स्नैक
स्टेप 1- रात के बचे हुए चावल रखें हैं तो आप फटाफट से ये कुरकुरा सा स्नैक बनाकर तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आप जितनी मात्रा में पके हुए चावल ले रही हैं, उतनी ही मात्रा में आलू उबालकर रख लें। अब एक मिक्सर जार में चावल के साथ उबले हुए आलू काटकर डाल दें। साथ में स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा साबुत जीरा एड करें। अब इन सभी चीजों को साथ में ब्लेंड कर के एक गाढ़ा सा पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रहे आपको पानी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना है।
स्टेप 2- अब इस मिक्सचर को एक बाउल में निकालें और उसमें थोड़ी सी चिली फ्लेक्स, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ करी पत्ता और हरा धनिया पत्ता एड करें। चीजों की मात्रा आप अपने टेस्ट के हिसाब से एडजस्ट कर सकती हैं। थोड़ा और फ्लेवरफुल बनाने के लिए ऑरिगेनो भी एड करें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
स्टेप 3- हाथों में थोड़ा सा पानी लगाकर आप कड़ाही में इसकी छोटी-छोटी बॉल्स बनाकर डाल सकती हैं। वरना पाइपिंग बैग का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। अब इन्हें गर्म तेल में बढ़िया क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें। बचे हुए चावलों से आपका क्रिस्पी स्नैक बनकर तैयार है।
काम की टिप- अगर तेल में डालते हुए आपकी बाइट्स फट रही हैं, तो आप आधा कप चावल का आटा उस मिक्सचर में मिला सकती हैं। इससे अच्छी तरह बाइंडिंग हो जाएगी और बाइट्स एकदम कुरकुरी बनकर तैयार होंगी।

