बाजार से सस्ता और स्वाद में जबरदस्त, घर पर बनाएं चटपटे आलू बोंडा
बारिश हो या शाम की हल्की भूख, बाहर से नाश्ता मंगाने के बजाय घर पर कम खर्च में स्वादिष्ट आलू बोंडा बनाया जा सकता है। इसका स्वाद भी शानदार होगा और जेब पर भी ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।

आजकल बाहर मिलने वाले नाश्ते की कीमत पहले से काफी बढ़ गई है। कई बार सिर्फ दो-तीन लोगों के लिए नाश्ता मंगाने में ही अच्छी-खासी रकम खर्च हो जाती है। ऐसे में अगर वही स्वाद घर पर कम खर्च में मिल जाए, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। आलू बोंडा ऐसी ही एक आसान और किफायती रेसिपी है, जिसे घर में मौजूद साधारण सामग्री से तैयार किया जा सकता है।
आलू, बेसन और कुछ मसालों से बनने वाला यह नाश्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। खास बात यह है कि थोड़े खर्च में पूरे परिवार के लिए भरपेट नाश्ता तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
आलू बोंडा बनाने के लिए सामग्री
भरावन के लिए:
चार मध्यम आकार के उबले आलू
एक बारीक कटा प्याज
दो बारीक कटी हरी मिर्च
एक छोटा चम्मच कसा हुआ अदरक
आठ से दस करी पत्ते
आधा छोटा चम्मच राई
आधा छोटा चम्मच हल्दी
स्वादानुसार नमक
दो बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
एक बड़ा चम्मच तेल
घोल के लिए:
डेढ़ कटोरी बेसन
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च
एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी
स्वादानुसार नमक
एक चुटकी खाने वाला सोडा
जरूरत अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
ऐसे तैयार करें भरावन
- सबसे पहले उबले हुए आलू का छिलका उतारकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। अब एक कड़ाही में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें। तेल गर्म होते ही उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे, तब करी पत्ता, हरी मिर्च और कसा हुआ अदरक डालकर कुछ सेकंड तक भून लें। इसके बाद बारीक कटा प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक पकाएं। अब हल्दी और नमक मिलाएं।
- मैश किए हुए आलू डालकर सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें। आखिर में हरा धनिया डालें और दो मिनट तक चलाते हुए पकाएं। गैस बंद कर दें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
घोल कैसे बनाएं?
- एक बड़े बर्तन में बेसन लें। इसमें लाल मिर्च, हल्दी, नमक और एक चुटकी खाने वाला सोडा डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल इतना गाढ़ा हो कि आलू का गोला उसमें अच्छी तरह लिपट जाए और तलते समय परत अलग ना हो। घोल तैयार होने के बाद इसे पांच से सात मिनट के लिए ढककर रख दें।
- अब बनाएं आलू बोंडा
आलू के मिश्रण के छोटे-छोटे गोले बना लें। हर गोले को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं। मध्यम आंच पर सभी बोंडा को पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
किसके साथ परोसें? गरमागरम आलू बोंडा को हरी चटनी, मीठी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें। अगर साथ में गरम चाय मिल जाए, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
और भी स्वादिष्ट बनाने के अन्य टिप्स…
- आलू में थोड़ा कसा हुआ गाजर भी मिला सकते हैं।
- घोल में थोड़ा चावल का आटा मिलाने से बोंडा ज्यादा कुरकुरा बनता है।
- तलने से पहले तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए।
लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaपरिचय एवं अनुभव
शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।
करियर का सफर
लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।
विशेषज्ञता
शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
पुरस्कार
लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।
और पढ़ें

