
जितिया व्रत में बनाएं जाते हैं अगस्त फूल के पकौड़े, नोट करें ट्रेडिशनल रेसिपी
संक्षेप: Jitiya Vrat 2025 Recipe : यह पकौड़ा ना सिर्फ अपने स्वाद बल्कि धार्मिक और औषधीय दृष्टि से भी काफी खास महत्व रखता है। इस पकौड़े का सेवन बॉडी डिटॉक्स करके संक्रमणों से भी बचाव करने में मदद करता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाए जाते हैं अगस्त फूल के पकौड़े।
भारत के बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाने वाला जितिया व्रत 2025 जिवितपुत्रिका व्रत 2025 के नाम से भी जाना जाता है। बता दें, यह एक कठोर व्रत होता है, जिसे माताएं अपने पुत्र की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए करती हैं। भाद्रपद माह की अष्टमी तिथि पर मनाया जाने वाला जितिया व्रत इस साल 14 सितंबर रविवार को होगा। 13 सितंबर को नहाय-खाय, 14 सितंबर को महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास करेंगी। व्रत का समापन 15 सितंबर की सुबह पारण के साथ किया जाएगा। इस व्रत में खासतौर पर कुछ पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं। जिनमें से एक का नाम अगस्त फूल का पकौड़ा है। यह पकौड़ा ना सिर्फ अपने स्वाद बल्कि धार्मिक और औषधीय दृष्टि से भी काफी खास महत्व रखता है। इस पकौड़े का सेवन बॉडी डिटॉक्स करके संक्रमणों से भी बचाव करने में मदद करता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाए जाते हैं अगस्त फूल के पकौड़े।

अगस्त फूल के पकौड़े बनाने के लिए सामग्री
-10 अगस्त के फूल
-1 कप बेसन
-1/2 चम्मच अजवाइन
-1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
-1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-नमक स्वादानुसार
-घोल बनाने के लिए पानी
-तलने के लिए तेल
अगस्त फूल के पकौड़े बनाने का तरीका
अगस्त फूल के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले अगस्त फूलों को धोकर उनके डंठल और सख्त भाग हटा दें। इसके बाद एक बर्तन में बेसन, हल्दी, मिर्च, नमक और अजवाइन डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पकौड़े के लिए गाढ़ा घोल तैयार करें। इस बात का खास ख्याल रखें कि पकौड़े का घोल न ज्यादा पतला होना चाहिए और न ज्यादा गाढ़ा। अब कढ़ाई में तेल गरम करके अगस्त फूल को बेसन के घोल में डुबोकर गरम तेल में डालें। पकौड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक फ्राई करके अतिरिक्त तेल निकालने के लिए टिश्यू पेपर पर रखें। आपके टेस्टी और हेल्दी अगस्त फूल के पकौड़े बनकर तैयार हैं।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




