गर्मियों में बनाकर रख लें कच्चे आम की मसालेदार खटाई, सालभर आएगी काम, सब्जी-दाल का बढ़ाएगी स्वाद
कच्ची कैरी का इस्तेमाल अचार के अलावा दाल और सब्जी में भी किया जाता है। अगर आप घर पर बनी सब्जी में यूपी वाला स्वाद चाहते हैं तो कच्ची कैरी से मसालेदार खटाई बनाकर रख लें। ये कैरी सालभर काम आएंगी और खाने का स्वाद बढ़ाएंगी।

गर्मिोयों में आने वाला कच्चा आम इस मौसम में खाया जाने वाला एक ऐसा फल है जिसका इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है। कच्चे आम का तीखा, खट्टा और कसैला स्वाद सभी को पसंद आता है। कच्चे आम को ज्यादातर लोग नमक, लाल मिर्च पाउडर या चाट मसाले के साथ खाना पसंद करते हैं। यह स्वाद का एक ऐसा 'रिफ्रेशिंग' कॉम्बिनेशन है जो सुस्ती दूर कर सकता है। कच्चे आम का इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है। यहां हम कच्चे आम से यूपी वाली कैरी की खटाई बनाने का तरीका बता रहे हैं। जिसका स्वाद लाजवाब लगता है। यहां सीखिए कैरी की खटाई बनाने का तरीका।
अमिया की खटाई बनाने के लिए सामग्री
कच्चे आम, हींग, नमक, पानी, साबुत धनिया, जीरा, सौंफ के बीज, मेथी दाना, लाल मिर्ची पाउडर, हल्दी पाउडर, सरसों का तेल
अमिया की खटाई बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आमों को पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी साफ हो जाए। फिर धोने के बाद इन्हें एक सूती कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रहे, आमों में बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए। अब चाकू या छिलनी की मदद से आमों का छिलका उतार लें। अब आम के गूदे को पतले-पतले स्लाइस में काट लें। टुकड़े जितने पतले होंगे, उन्हें सूखने में उतना ही कम समय लगेगा। गुठली को अलग हटा दें। फिर सूती कपड़ा या प्लास्टिक बिछाएं और आम के टुकड़ों को एक-दूसरे से अलग-अलग करके फैलाएं। अच्छे से सूखने के बाद मसाला तैयार करें।
इसके लिए एक पैन में साबुत धनिया, जीरा, सौंफ के बीज, मेथी दाना को ड्राई रोस्ट करें और फिर इसे ब्लेंडर में डालकर पीस लें। अब एक पैन में पानी उबालें और फिर इसमें हींग और नमक डालें अच्छे से मिक्स करें। इस पानी को सूखी अमिया में डाल दें। अच्छे से मिलाएं और फिर इसमें पीसे हुए मसाले को डालें। अच्छे से मिक्स करें और फिर इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और चाट मसाला डालकर अच्छे से मिक्स करें। अंत में सरसों का तेल गर्म करने के बाद ठंडा करके डालें और फिर एक जार में भर दें।
टिप्स
- तैयार मसाले वाली खटाई को एक साफ और सूखे कांच के जार में भर लें।
- जार का ढक्कन बंद करने के बाद रोज दिन में एक बार जार को हिला दें ताकि तेल और मसाले आपस में मिलते रहें।
- चटपटे आमे के टुकड़ों का इस्तेमाल दाल या फिर सब्जी बनाने के लिए कर सकते हैं।


