शेजवान सॉस लगाकर तैयार करें चटपटा आलू रोल, बच्चे-बड़े सब मजे से खाएंगे
आलू एक ऐसी सब्जी है जिसे हर कोई खा लेता है। इसकी मदद से आप टेस्टी और चटपटा रोल तैयार कर सकते हैं। यहां सीखिए शेजवान सॉस लगाकर आलू रोल बनाने का तरीका।

रोजाना शाम की भूख को शांत करने के लिए बच्चों से लेकर बड़ों तक को जंक फूड खाने की क्रेविंग होती है। लेकिन बाहर मिलने वाली अधिकतर चीजों को बनाने के लिए हाईजीन का खास ख्याल नहीं रखा जाता। इसके अलावा मार्केट में मिलने वाली मिलावटी चीजों को खाने से सेहत पर भी बुरा असर होता है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि आप घर की बनी चीजों को बच्चों से लेकर बड़ों तक को खिलाएं। यहां हम शेजवान आलू रोल बनाने का तरीका बता रहे हैं। आप भी सीखिए-
शेजवान आलू रोल बनाने की सामग्री
शेजवान आलू रोल बनाने के लिए आपको चाहिए दो से तीन बड़े उबले आलू, एक बारीक कटा हुआ प्याज, एक बड़ा चम्मच शेजवान सॉस, एक से दो कटी हुई हरी मिर्च, एक छोटा टुकड़ा अदरक, एक बड़ा चम्मच चीज स्प्रेड, एक बड़ा चम्मच टोमेटो केचअप, फ्रेश धनिया, दो छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक, एक छोटा पनीर का टुकड़ा, तीन रोटियां, एक बड़ा चम्मच बटर।
शेजवान आलू रोल बनाने की विधि
रोल बनाने के लिए सबसे पहले स्टफिंग तैयार करें। इसके लिए बटर गरम करें फिर उसमें हरी मिर्च, अदरक को हल्का भून लें। अब इसमें शेज़वान पेस्ट और उबले हुए मैश किए हुए आलू डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, टोमेटो केचप, थोड़ी प्याज और ताजा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इस मिक्स को एक तरफ ठंडा होने के लिए रख दें। अब एक रोटी लें और फिर उस पर चीज स्प्रेड अच्छी तरह फैला लें। फिर आलू का मिक्स लगाएं और थोड़ा कसा हुआ पनीर डालें। थोड़ी प्याज फैलाएं और फिर रोटी को फोल्ड करें। अब एक पैन में मक्खन गरम करें और रोटी डालकर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक पकाएं।
टिप- अच्छे और फ्लेवरफुल रोल बनाने के लिए तंदूरी मेयोनीज का इस्तेमाल करें।
-अच्छे टेक्सचर के लिए लच्छा पराठे जैसी रोटी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
-रोल में क्रंची टेस्ट के लिए आप इसके अंदर नाचोज तोड़कर डालें।
लेखक के बारे में
Avantika Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


