चावल के साथ लाजवाब लगती है काली मसूर की दाल, यहां सीखिए ढाबा स्टाइल रेसिपी
ढाबे पर मिलने वाली दाल का स्वाद अलग ही होता है। अगर वही टेस्ट घर पर बनी दाल में चाहते हैं तो यहां बताई ढाबा स्टाइल काली मसूर की दाल बनाने का तरीका सीखें। ये दाल चावल के साथ लाजवाब लगती है।
बहुत कम लोग ही ऐसे होंगे जिन्हें ढाबे का खाना पसंद ना हो। अधिकतर लोगों को ढाबे का खाना इतना पसंद होता है कि वह घर पर भी ढाबा स्टाइल रेसिपी ट्राई करते हैं। बात जब ढाबे वाली दाल की हो तो उसके आगे बड़े रेस्तरां की मेहंगी चीजें भी फेल हो जाती हैं। यहां हम ढाबा स्टाइल काली मसूल की दाल बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस रेसिपी से बनी दाल को वैसे तो रोटी के साथ सर्व किया जा सकता है लेकिन चावल के साथ ये खासतौर से अच्छी लगती है। सीखिए कैसे बनाएं ढ़ाबे स्टाइल काली मसर की दाल।
काली मसूर की दाल बनाने की सामग्री
-1 कप साबुत मसूर (धुली हुई)
- 2 बड़े चम्मच तेल
- आधा चम्मच जीरा
-एक सूखी लाल मिर्च
-एक छोटा टुकड़ा दालचीनी
-एक से दो इलायची
-4 से 5 लौंग
- दो मध्यम प्याज, बारीक कटे हुए
- एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन-जीरा-काली मिर्च का पेस्ट
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- कसूरी मेथी
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के अनुसार पानी
-एक छोटा टमाटर (ऑप्शनल)
ढाबा स्टाइल काली मसूर की दाल बनाने की विधि
1) काली मसूर की दाल बनाने के लिए सबसे पहले उसे कुछ घंटों के लिए भिगो दें। इसके अलावा प्याज और टमाटर को बारीक काटकर एक तरफ रख लें।
2) फिर कुकर में तेल गरम करें और उसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च, दालचीनी, इलायची और लौंग डालें। कुछ सेकेंड के लिए भूनें और फिर इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
3) अब इसमें हल्दी पाउडर, अदरक-लहसुन-जीरा-काली मिर्च का पेस्ट, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी, नमक और जरूरत के अनुसार पानी डालें। फिर अच्छी तरह मिलाएं।
4) अब भीगी हुई मसूर की दाल इसमें डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसमें कटा हुआ टमाटर डालें और एक मिनट तक पकाएं।
5) जरूरत के अनुसार पानी डालें और कुकर का ढक्कन लगा दें। अब धीमी से मध्यम आंच पर 3-4 सीटी आने तक पकाएं।
6) आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालें। सजाने के लिए आप इसमें अदरक के लच्छे और बीच से कटी हरी मिर्च भी डाल सकते हैं।
टिप
काली मसूर का दाल में थोड़ा टैंगी फ्लेवर अच्छा लगता है। ऐसे में आप टमाटर की जगह इसमें इमली का पानी मिला सकते हैं। इससे फ्लेवर काफी अच्छा आता है।

