व्रत में खाएं कच्चे पपीते का पैनकेक, सीख लें बनाने का ईजी तरीका
व्रत खोलने के लिए अगर आप कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं तो कच्चे पपीते का पैनकेक बनाकर तैयार करें। इसे आप दही या व्रत वाली चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। यहां सीखिए इसे बनाने का तरीका।
व्रत खोलने के लिए अक्सर लोग कुट्टू की पूड़ी या फिर आलू की रसीली सब्जी खाते हैं। ये स्वाद में तो अच्छी लगती है लेकिन ब्लोटिंग का कारण साबित हो सकती है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि आप कुछ हेल्दी और टेस्टी खाकर अपना व्रत खोलें। यहां हम व्रत वाले पैनकेक बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस पैन केक को बनाने के लिए आपको कच्चे पपीते की जरूरत होगी। कच्चे पपीते के साथ आप व्रत में खाई जाने वाली कुछ सब्जियों को मिलाएं और फिर टेस्टी पैन केक तैयार करें। यहां सीखिए कैसे बनाएं कच्चे पपीते का पैनकेक।
कच्चे पपीते का पैनकेक बनाने की सामग्री
-1 कप कच्चा पपीता कद्दूकस किया हुआ
-1 मध्यम कद्दूकस की हुई गाजर
- 2-3 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
-थोड़ा सा बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया
-आधा इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक
-1 छोटा चम्मच काली मिर्च
-1 कप समा के चावल का आटा
-2 बड़े चम्मच पानी, या ज़रूरत के अनुसार
-सेकने के लिए घी
-सेंधा नमक स्वादानुसार
कच्चे पपीते का पैनकेक बनाने की विधि
कच्चे पपीते का पैनकेक बनाने के लिए सबसे पहले पपीते को अच्छी तरह से धोएं और इसके छिलके को छील लें और कद्दूकस करें। अब एक बड़े कटोरे में कद्दूकस किया हुआ कच्चा पपीता, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया और कद्दूकस किया हुआ अदरक मिलाएं। इसमें काली मिर्च, समा के चावल का आटा और सेंधा नमक डालें। अच्छी तरह से बैटर को पहले बिना पानी डाले मिक्स करें। फिर जरूरत लगे तो 2 बड़े चम्मच पानी डालें और अच्छी तरह मिला दें। पैनकेक जैसा घोल बनाने के लिए अगर पानी की जरूरत हो तो थोड़ा पानी मिला दें। अब एक नॉन-स्टिक या लोहे तवे को अच्छी तरह गर्म करें और फिर थोड़ा घी लगाकर चिकना करें। घोल का एक हिस्सा लें और उसे तवे पर पतला और एक समान फैलाएं। किनारों पर थोड़ा घी डालें फिर इसे ढक दें और मीडियम से धीमी आंच पर लगभग 3 मिनट तक पकाएं। जब निचला हिस्सा सुनहरा हो जाए और पैनकेक पलटने लायक हो जाए, तो उसे सावधानी से पलट दें। बिना ढके तब तक पकाएं जब तक कि दोनों तरफ से सुनहरा, कुरकुरा और अच्छी तरह पक न जाए। इसे सादे दही या व्रत वाली चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।
टिप
-पपीतो को इस तरह कद्दूकस करना है कि इसके मोटे लच्छे तैयार हों।
-बैटर बनाने के लिए पानी एक बार में ना डालें। जरूरत पड़ने पर धीरे-धीरे डालें।


