फटाफट बन जाती है राजस्थानी सेव टमाटर की सब्जी, खाना बनाने का टाइम होता है कम तो सीख लें रेसिपी
राजस्थानी सब्जियों में सेव टमाटर की सब्जी सबसे ज्यादा फेमस है। ये उन सब्जियों की लिस्ट में शुमार हैं जो फटाफट बनकर तैयार हो सकती हैं। अगर आपके पास समय कम है तो आप इसे फटाफट बनाकर तैयार कर सकते हैं। सीखिए, कैसे बनाएं।

राजस्थानी सब्जियों का स्वाद काफी अलग होता है। ये सब्जियां चटपटा या तीखा खाना खाने वालों को खूब पसंद आती हैं। कुछ सब्जियां तो ऐसी होती हैं जिन्हें बनाने में बहुत कम मेहनत लगती है। ऐसी ही एक सब्जी की रेसिपी आज आपके साथ शेयर कर रहे हैं। ये सब्जी है सेव टमाटर की। इस सब्जी को बनाने में बहुत कम मेहनत लगती है, साथ ही ये कम समय के अंदर तैयार हो जाती है। अगर आपके पास खाना बनाने का समय बहुत कम रहता है तो आपको इसे बनाना जरूर सीखना चाहिए। यहां हम राजस्थानी स्टाइल में सेव टमाटार बनाने की आसानी रेसिपी बता रहे हैं। जानिए-
राजस्थानी सेव-टमाटर की सब्जी के लिए सामग्री
डेढ़ कप मोटी सेव
दो बारीक कटे हुए प्याज
एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट
दो बड़े चम्मच तेल
आधा छोटा चम्मच राई
आधा छोटा चम्मच जीरा
एक चुटकी हींग
दो लौंग
पांच काली मिर्च
एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच हल्दी
एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर
स्वादानुसार नमक
तीन टमाटर की प्यूरी
दो बड़े चम्मच फ्रेश मलाई
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
जरूरत के अनुसार पानी
हरी मिर्च
ताजा हरा धनिया
राजस्थानी सेव टमाटर की सब्जी बनाने का तरीका
सेव टमाटर की सब्जी बनाने के लिए एक पैन में तेल गरम करें। अब इसमें राई, जीरा, हींग, लौंग और काली मिर्च डालकर चटकने दें। कटे हुए प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें। फिर अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट डालें और अच्छी तरह से पकाएं। अच्छी रह से पकमे के बाद इसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालें। फिर अच्छी तरह मिलाएं। मसाले पकने के बाद इसमें टमाटर की प्यूरी डालें और तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। अब मलाई डालें और पूरी तरह से मिक्स कर दें। इस तब तक मिक्स करें जब तक की पूरा टेक्सचर क्रीमी आ जाए। अब कुछ मिनट और पकाएं। फिर गरम मसाला पाउडर डालें और जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी को उबलने दें। ग्रेवी के अच्छी तरह से पकने के बाद इसमें सेव डालें और 1–2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि सेव सारे फ्लेवर सोख ले। अब हरी मिर्च और ताजा हरा धनिया डालकर गार्निश करें। सब्जी तैयार है, इसे पराठ या फिर रोटी के साथ सर्व करें।
टिप
- सब्जी बनाने के लिए मोटे वाले बेसन के सेव का इस्तेमाल करें।
- अगर सेव लहसुन फ्लेवर के होंगे तो स्वाद बहुत बढ़िया आएगा।
- अगर आप टमाटर की प्यूरी नहीं डालना चाहते तो बारीक कटे टमाटर का इस्तेमाल करें।


