नागपंचमी त्योहार पर बनाएं फटाफट हलवाई जैसी मिल्ककेक मिठाई, शिव जी को लगाएं भोग
त्योहार के मौके पर भगवान को भोग लगाने के लिए काफी सारे लोग घर में ही प्रसाद तैयार करते हैं। कल नागपंचमी है और अगर आपको शिव जी की भोग लगाना है तो फटाफट घर में ही दूध से मिल्ककेक बनाकर तैयार करें, नोट कर लें रेसिपी।

त्योहार के दिन भगवान को भोग लगाने के लिए बाजार से मिठाई वगैरह खरीदकर लाते हैं। लेकिन अगर आपको बहुत सारी मिठाई नहीं खानी और भगवान को भोग लगाने के अलावा व्रत में खाना है और बाजार की चीजों को अवॉएड करते हैं, तो घर में ही आसान तरीके से मिठाई बनाकर रेडी कर सकती हैं। वैसे तो दूध से कई बार मिठाई बनाई होगी लेकिन इस बार मिनटों में बन जाने वाले मिल्ककेक की रेसिपी को नोट कर लें। एक बार इस रेसिपी से बनाकर देख लिया तो पता चल जाएगा घर में मिल्क केक बनाना बिल्कुल आसान है और आप कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकती हैं। नोट कर लें घर में मिल्ककेक बनाने की ये आसान रेसिपी।
मिल्ककेक बनाने की सामग्री
एक से डेढ़ लीटर फुल फैट मिल्क
चीनी एक से डेढ़ कप, लगभग स्वादानुसार
आधा कटा नींबू
देसी घी दो से तीन चम्मच
मिल्ककेक बनाने की रेसिपी
मिल्ककेक बनाने के लिए बहुत सारी मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ती बस सही टाइमिंग का ध्यान ऱखा जाए तो लगभग 200 से 250 ग्राम के करीब तक मिठाई बनकर तैयार हो जाएगी। जो भोग लगाने और प्रसाद बांटने के लिए घर में पर्याप्त होगी।
- सबसे पहले फुल फैट मिल्क लें और इसे किसी कड़ाही या मोटी तली के बर्तन में पलट कर उबालें।
- ध्यान रहे कि किसी मोटी तली का इस्तेमाल करें जिससे दूध तली में लगे नहीं केवल धीमी आंच पर पक सके।
- दूध में जब उबाल आ जाए तो पांच मिनट तक पक जाने दें, फिर इसमे चीनी लगभग एक कप डाल दें। अगर मीठा ज्यादा पसंद है तो मिठास को बढ़ा सकते हैं। लेकिन दूध पककर कम हो जाएगा इसलिए एक कप चीनी पर्याप्त होगी।
- अब चीनी डालने के साथ ही इसमे दो से तीन बूंद नींबू के रस की डालनी है। नींबू का रस इतना कम होना चाहिए कि दूध पूरी तरह से फटें नहीं केवल उसमे हल्के दाने पड़ जाएं।
- बस दूध को नींबू के रस डालने के साथ ही चलाते रहें और धीमी आंच पर पकाएं। नींबू डालने से हल्के दाने पड़ जाएंगे।
- जब दूध पककर आधा हो जाए और काफी गाढ़ा दिखने लगे तो इस स्टेज पर एक चम्मच के करीब देसी घी डाल दें। ये घी ही आपको बाजार जैसा फ्लेवर देने में मदद करेगा।
- घी डालने के साथ ही दूध को पकाते रहें। जब दूध अच्छी तरह से पककर गाढ़ा हो जाएगा तो तेजी से चलाएं जिससे ये तली में लगने ना पाएं।
- घी डालने की वजह से इसमे चिकनाहट आएगी और ये कड़ाही को छोड़ देगा। जब दूध बिल्कुल गाढ़ा हो जाए और कड़ाही छोड़ दे तो इसका मतलब है कि ये बिल्कुल तैयार है।
- बस अब तैयार मिक्सचर को किसी स्टील के डिब्बे में पलट लें और ढक्कन लगाकर बंद कर दें। कोशिश करें कि डिब्बा देर तक गर्म रहने वाला हो, जिससे ये अंदर से गर्म रहे और इसका कलर चेंज हो जाए।
- 5-6 घंटे तक सेट होने के लिए रख दें। फिर निकालें और इसे चौकोर या मनचाहा शेप में काटें। अंदर से इसका कलर थोड़ा ज्यादा गोल्डन ब्राउन हो जाएगा और बिल्कुल बाजार जैसा ही खाने में लगेगा।
- थोड़ी सी मेहनत में तैयार होगा बिल्कुल बाजार जैसा मिल्ककेक। त्योहार पर मुंह मीठा कराने के लिए बेस्ट है।


