एयरफ्रायर में बनाएं क्रिस्पी कॉर्न व्हील, शाम के स्नैक्स के लिए परफेक्ट रेसिपी
शाम के स्नैक्स में अगर आप कुछ टेस्टी खाना चाहते हैं तो क्रिस्पी कॉर्न व्हील बनाकर खाएं, एयरफ्रायर में बनने वाले ये क्रिस्पी कॉर्न व्हील स्वाद में लाजवाब लगते हैं। यहां सीखिए बनाने का तरीका-
शाम के समय लगने वाली भूख को शांत करने के लिए सभी ऐसी चीजों को खाना पसंद करते हैं जो हल्की और टेस्टी हों। बच्चे खासतौर से हर दिन शाम के समय कुछ नई चीजों को खाने की डिमांड करते हैं। अगर आपको समझ नहीं आता कि रोजाना क्या बनाएं तो हम आपके लिए एक बेहतरीन स्नैक रेसिपी लेकर आए हैं। बारिश के दिनों में आने वाले भुट्टे से आप क्रिस्पी कॉर्न व्हील बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये एक टेस्टी स्नैक साबित हो सकते हैं। बारिश के मौसम में गरमागरम क्रिस्पी कॉर्न व्हील खाने का एक अलग मजा है। अगर आपको स्वीट कॉर्न पसंद आते हैं तो ये स्नैक आइटम आपको जरूर पसंद आएगा। इसे बनाने के लिए आपको स्वीट कॉर्न वाला भुट्टा और कुछ मसाले ही चाहिए। मसालों में लिपटे सिके हुए स्वीट कॉर्न वाले भुट्टे को हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। यहां सीखिए इसे कैसे बनाया जाता है-
क्रिस्पी कॉर्न व्हील बनाने की सामग्री
-2 उबले हुए स्वीटकॉर्न के भुट्टे
-25 ग्राम मक्खन (पिघला हुआ)
-डेढ़ छोटा चम्मच प्याज का पाउडर
-1 छोटा चम्मच लहसुन का पाउडर
-डेढ़ छोटा चम्मच चाट मसाला
-1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच पिसी हुई चीनी
-1 छोटा चम्मच नमक (स्वादानुसार)
-1–2 छोटे चम्मच नींबू का रस
-2 छोटे चम्मच क्रीम चीज
क्रिस्पी कॉर्न व्हील बनाने की विधि
क्रिस्पी कॉर्न व्हील बनाने के लिए स्वीट कॉर्न वाले भुट्टे को उबाल लें। फिर इन भुट्टों को मोटे गोल टुकड़ों में काट लें। अब एक कटोरे में पिघला हुआ मक्खन, प्याज का पाउडर, लहसुन का पाउडर, चाट मसाला, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, पिसी हुई चीनी, नमक, नींबू का रस और क्रीम चीज डालकर अच्छी तरह मिला लें। भुट्टे के छोटे टुकड़ों को इस मसाले के मिक्स में डालें और उन पर मसाला अच्छी तरह से लगा दें। अच्छी तरह से कोटिंग हो जाने के बाद इन्हें एयर फ्रायर की बास्केट में एक परत में रखें। अब 160°C पर 10 मिनट तक एयर फ्राई करें, बीच में एक बार पलट दें ताकि दोनों तरफ से एक जैसा क्रिस्पी हो जाए। टेस्टी क्रिस्पी कॉर्न व्हील तैयार हैं। अब ऊपर से थोड़ा और चाट मसाला छिड़कें और चाहें तो नींबू का रस डालकर गरमा-गरम परोसें।
टिप्स
- गरमागरम कॉर्न व्हील को हरी चटनी, टोमैटो केचप या मसालेदार मेयो डिप के साथ सर्व कर सकते हैं। इसके ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और नींबू का रस छिड़कने से स्वाद और भी बढ़ जाता है।


