
विंटर स्पेशल : भूल जाएंगे समोसे-पकौड़े, जब बनाएंगे आलू-पालक की खस्ता कचौरियां, नोट करें रेसिपी
Aloo Palak Kachori Recipe : पालक की प्यूरी से बना हरा-भरा आटा और अंदर उबले आलू की मसालेदार स्टफिंग, मुंह में पानी भरने के लिए काफी होता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं पालक के पोषण और आलू के चटपटा स्वाद वाली इस कॉम्बो खस्ता कचौरी को बनाने का क्या है सही तरीका।
Aloo Palak Kachori Recipe : सर्दियों के मौसम में अकसर मन कुछ चटपटा और ऑयली खाने का करता है। आपकी इस क्रेविंग को समझते हुए आज आपके लिए लेकर आए हैं हलवाई स्टाइल खस्ता आलू पालक कचौरी रेसिपी। पालक की प्यूरी से बना हरा-भरा आटा और अंदर उबले आलू की मसालेदार स्टफिंग, मुंह में पानी भरने के लिए काफी होता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं पालक के पोषण और आलू के चटपटा स्वाद वाली इस कॉम्बो खस्ता कचौरी को बनाने का क्या है सही तरीका।

आलू पालक कचौरी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
कचौरी का आटा लगाने के लिए
-2 कप मैदा
-नमक स्वादानुसार
-½ छोटा चम्मच अजवाइन
-2 बड़े चम्मच घी / तेल
-आटा गूंधने के लिए पानी

कचौरी की स्टफिंग तैयार करने के लिए
-3–4 मैश किए हुए उबले हुए आलू
-1 कप (बारीक कटी और हल्की उबली हुई) पालक
-1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
-1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
-½ छोटा चम्मच जीरा
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-½ छोटा चम्मच गरम मसाला
-½ छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
-नमक स्वादानुसार
-तलने के लिए तेल
आलू पालक कचौरी बनाने का तरीका
आलू पालक कचौरी बनाने के लिए सबसे पहले कचौरी का आटा तैयार करें। इसके लिए एक बाउल में मैदा, नमक, अजवाइन और घी डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंधकर तैयार कर लें। अब इस गूंथे हुए आटे को ढककर 15–20 मिनट के लिए अलग रख दें। अब कचौरी की स्टफिंग तैयार करने के लिए कढ़ाही में थोड़ा तेल गरम करके उसमें जीरा, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें। इसके बाद कढ़ाही में पालक डालकर 2–3 मिनट तक और पकाकर उसमें मैश किए आलू और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें। तैयार स्टफिंग को ठंडा होने के लिए रख दें। अब कचौरी बनाना शुरू करें। इसके लिए आटे की लोइयां बनाकर उन्हें हल्का बेलकर बीच में स्टफिंग रखकर किनारे बंद करके हल्का दबाएं। इसके बाद तैयार कचौरी को कढ़ाही में मीडियम आंच पर तेल गरम करके सुनहरी और कुरकुरी होने तक फ्राई करें। आपकी विंटर स्पेशल आलू पालक कचौरी बनकर तैयार है। आप इन्हें आलू की सब्जी या हरी चटनी के साथ गरमा-गरम परसो सकते हैं।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




