गणेश चतुर्थी स्पेशल: चने की दाल और गुड़ से बनाएं महाराष्ट्र की फेमस पूरन पोली, नोट करें रेसिपी
गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा के भोग के लिए आप महाराष्ट्र की फेमस पूरन पोली भी बना सकते हैं। चने की दाल और गुड़ से बनी इसकी स्टफिंग लाजवाब लगती है। त्योहारों पर मुंह मीठा करने के लिए ये एक परफेक्ट रेसिपी है।

गणेश चतुर्थी के त्योहार पर घर में तरह-तरह के पकवान बनते हैं। खासकर महाराष्ट्र की कई फेमस डिशेज लोग ट्राई करते हैं। ऐसे में बप्पा को भोग लगाने के लिए आप भी मीठे में पूरन पोली बना सकते हैं। ये महाराष्ट्र की एक फेमस डिश है, जिसे चना दाल और गुड़ की स्टफिंग से बनाया जाता है। खाने में बहुत ही टेस्टी होती है और बनाने में बिल्कुल आसान। देसी घी लगाकर इसे परोसा जाए तो खा कर मजा ही आ जाता है। गणेश चतुर्थी के मौके पर आप भी अगर मीठे में कुछ बनाना चाहते हैं तो पूरन पोली एक बार जरूर ट्राई कर के देखें। यहां हम आपके साथ डिटेल्ड रेसिपी साझा कर रहे हैं, जिसे फॉलो कर के आप पहली ही बार में बिल्कुल परफेक्ट पूरन पोली बना सकते हैं।
पूरन पोली बनाने के लिए सामग्री
सबसे पहले, पूरन पोली की स्टफिंग यानी भरावन बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- चना दाल (1 कप), गुड़ (1 कप), देसी घी (1 चम्मच), हल्दी पाउडर (1/4 चम्मच), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), जायफल पाउडर (1/4 चम्मच)।
इसके अलावा पूरन पोली का आटा लगाने के लिए आपको जिन चीजों की जरूरत होगी वो हैं- गेहूं का आटा (1 कप), मैदा (1 कप), तेल (1-2 चम्मच), हल्दी पाउडर (1/4 चम्मच), चुटकी भर नमक, जरूरत के अनुसार पानी।
गणेश चतुर्थी पर बनाएं महाराष्ट्र की फेमस पूरन पोली
गणपति बप्पा के लिए भोग में आप पूरन पोली भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले स्टफिंग बनाकर तैयार कर लें। आपको चना दाल को लगभग आधा घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख देना है। इसके बाद चना दाल को प्रेशर कुकर में डालें, साथ ही थोड़ा सा देसी घी, हल्दी पाउडर और पानी डालकर लगभग चार सीटी आने तक पका लें।
दाल उबल जाए तो एक छलनी की मदद से इसका सारा एक्स्ट्रा पानी बाहर निकाल दें। ध्यान रहे दाल में बिल्कुल भी पानी नहीं रहना चाहिए। अब एक पैन में उबली हुई दाल और गुड़ का पाउडर डालकर तब तक पकाएं जब तक ये एक गाढ़ा सा मिक्सचर ना बन जाए। अब इसमें इलायची पाउडर, थोड़ा सा घी और जायफल पाउडर मिक्स करें और पूरी तरह ठंडा होने के लिए रख दें।
ठंडा होने पर किसी चम्मच या मैशर की मदद से दबाते हुए मिक्सचर को स्मूद होने तक मैश कर लें। कोशिश करें कि दाल पूरी तरह से पीस जानी चाहिए। बस पूरन पोली की स्टफिंग बनकर तैयार है।
जरूरी टिप- दाल में बिल्कुल भी पानी नहीं रहना चाहिए, वरना स्टफिंग गीली बनेगी और पूरन पोली बेलने में दिक्कत आएगी।
ऐसे लगाएं पूरन पोली का आटा
एक परात में गेहूं का आटा, हल्दी पाउडर, थोड़ी सी मैदा और नमक लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक सॉफ्ट सा आटा लगा लें। आटा गूंथने के बाद इसपर तेल लगाकर लगभग 1 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। फिर दोबारा हल्के हाथों से गूंथना शुरू करें और छोटी-छोटी लोइयां बनाकर तैयार कर लें।
स्टफिंग भरकर ऐसे बनाएं पूरन पोली
जैसे आलू के पराठे में स्टफिंग भरते हैं, ठीक उसी तरह आपको आटे की लोई में थोड़ी सी स्टफिंग डालकर बेल लेना है। फिर इसे गर्म तवे पर डालें और दोनों साइड्स से हल्का गोल्डन होने तक सेंक लें। ऊपर से देसी घी लगाएं और गरमा-गरम सर्व करें।


