स्वाद में लाजवाब बनेगा सांभर, देखिए आसान और फटाफट बनने वाली रेसिपी
साउथ इंडियन खाने की जान सांभर घर पर भी बनाया जा सकता है। यहां हम फटाफट और आसानी से बनने वाली सांभर की रेसिपी बता रहे हैं जिससे सांभर लाजवाब बनेगा।

साउथ इंडियन खाने में सांभर जरूर होता है। स्वाद के साथ ही सांभर में पौष्टिक गुण भी होते हैं। यही वजह है कि इसे पूरे भारत में खूब पसंद किया जाता है। रेस्ट्रा में मिलने वाला सांभर खट्टा-मीठा होता है। इस तरह के स्वाद वाले सांभर को आप घर पर भी तैयार कर सकते हैं। यहां सीखिए सांभर बनाने की आसान और फटाफट रेसिपी।
सांभर बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
साभर में वैसे को कई तरह की सब्जियों को डाल सकते हैं। लेकिन जो सब्जी मैं सांभर बनाने के लिए इस्तेमाल करती हूं वह है कद्दू(सीताफल), लौकी, बैंगन, बींस,सहजन की फली, प्याज, टमाटर और भिंडी। सब्जियों के अलावा चाहिए अरहर की दाल, कड़ी पत्ता, नमक, मिर्ची पाउडर, धनिया पाउडर, सांभर मसाला, घी, साबुत लाल मिर्ची, राई।
सबसे पहले करें ये काम
सांभर बनाने के लिए सबसे पहले सब्जियों को अच्छी तरह से धोकर काट लें। आप अपनी पसंद के मुताबिक सब्जियों को काटें। कुछ लोग सांभर में बड़ी-बड़ी सब्जियां खाना पसंद करते हैं तो कुछ लोग बहुत बारीक सब्जी सांभर में डालते हैं। सभी सब्जियों को काटने के बाद कद्दू, लौकी, बैंगन, बींस और अरहर की दाल को कुकर में डालें और नमक हल्दी डालकर 4-5 सीटी आने तक उबाल लें। जब तक सब्जियां उबल रही हैं तब तक छौंक तैयार करें। इसके लिए एक कढ़ाई में घी गर्म करें। इसमें राई और साबुत लाल मिर्ची डालें। फिर इसमें पहले भिंडी को सेक लें और फिर प्याज डालें। अच्छे से पकने के बाद टमाटर और थोड़ा नमक डालें। जब टमाटर पूरी तरह गल जाए तो इसमें सभी मसाले डालें और अच्छे से भून लें। जब तक मसाला भुन रहा है तब तक कुकर की उबली सब्जियों को चेक कर लें। चाहें तो इन सब्जियों को मैश कर लें और फिर तैयार किए छोंक में डाल दें। अच्छे से मिक्स करें और जरूरत अनुसार पानी डालें। फिर इसमें सहजन की फली और कड़ी पत्ता डाल दें। सांभर को अच्छे से मिला दें और उबलने दें। अंत में इमली का पानी डालें और एक चम्मच घी डालकर सर्व करें। वैसे तो सांभर में प्याज की वजह से मीठापन आ जाता है, लेकिन आप चाहें तो इसमें थोड़ा गुड़ मिला सकते हैं।
लेखक के बारे में
Avantika Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


