
दिवाली पर मीठे से परहेज करने वाले गेस्ट को खिलाएं चटपटे पनीर फिंगर्स, नोट करें हेल्दी स्नैक्स रेसिपी
Crispy Paneer Fingers Recipe : दिवाली 2025 पर मेहमानों के लिए आप एक हेल्दी स्नैक्स रेसिपी पनीर फिंगर्स बनाकर ट्राई कर सकती हैं। यह चटपटी रेसिपी ना सिर्फ खाने में टेस्टी बल्कि बनाने में भी बेहद आसान है। इस हेल्दी रेसिपी का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद होता है।
Paneer Fingers Recipe : रोशनी और खुशियों के पर्व दिवाली 2025 को लेकर लोगों के मन में काफी उत्साह बना रहता है। लोग इस दिन घर आए मेहमानों का मुंह मीठा करवाने के लिए कई तरह की स्वीट डिश बनाकर परोसते हैं। लेकिन दीपावली में घर आने वाले कई मेहमान, ऐसे भी होते हैं, जो मीठा खाने से परहेज करते हैं या फिर मीठा खाकर ऊब चुके होते हैं। ऐसे मेहमानों के लिए आप एक हेल्दी स्नैक्स रेसिपी पनीर फिंगर्स बनाकर ट्राई कर सकती हैं। यह चटपटी रेसिपी ना सिर्फ खाने में टेस्टी बल्कि बनाने में भी बेहद आसान है। इस हेल्दी रेसिपी का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद होता है।

पनीर फिंगर्स बनाने के लिए सामग्री
-250 ग्राम पनीर लम्बे फिंगर्स में कटा हुआ
-1/2 कप मैदा
-2-3 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
-1/2 चम्मच काली मिर्च पाउडर
-1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1/4 चम्मच गरम मसाला
-नमक स्वादानुसार
-पानी घोल बनाने के लिए
-1 कप ब्रेड क्रम्ब्स, कोटिंग के लिए
-तलने के लिए तेल
पनीर फिंगर्स बनाने का तरीका
पनीर फिंगर्स बनाने के लिए सबसे पहले पनीर को लगभग 1 से 1.5 इंच लंबा और आधे इंच मोटी फिंगर्स में काट लें। इसके बाद एक बर्तन में मैदा, कॉर्नफ्लोर, काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाकर धीरे-धीरे पानी डालते हुए एक गाढ़ा लेकिन बहने वाला घोल तैयार करें। इस बात का खास ख्याल रखें कि घोल बहुत पतला नहीं होना चाहिए, घोल ऐसा रखें कि वह पनीर पर अच्छे से चिपक जाए। इसके बाद पनीर के कटे हुए टुकड़े बैटर में डुबोकर ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह रोल करते हुए एक प्लेट में रखें। आप इन्हें 10-15 मिनट के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं, जिससे कोटिंग सेट हो जाए। अब एक कड़ाही में मीडियम आंच पर तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए, तो पनीर फिंगर्स को सावधानी से तेल में डालकर मीडियम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक फ्राई करें। पनीर फिंगर्स को तलते समय इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें ताकि ये चारों तरफ से अच्छी तरह फ्राई हो सके। अब तले हुए पनीर फिंगर्स को निकालकर टिश्यू पेपर पर रखकर अतिरिक्त तेल निकाल लें। आपके टेस्टी और गरमा-गरम क्रिस्पी पनीर फिंगर्स बनकर तैयार हैं। आप इन्हें हरी चटनी, टोमेटो केचअप या मेयोनीज सॉस के साथ दिवाली स्नैक्स के रूप में परोस सकते हैं।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




