बारिश में घर पर बनाएं टपरी जैसी चाय, कड़कपन के लिए शेफ रणवीर ने बताया 1 सीक्रेट मसाला
हर मौसम में चाय पीना सभी की पहली पसंद होती है। बारिश के मौसम में अगर कड़क चाय मिल जाए, तो मजा आ जाता है। शेफ रणवीर ने मसाला चाय बनाने की स्पेशल रेसिपी शेयर की है।

चाय हर कोई पीना पसंद करता है और चाय को लोग एक इमोशन मानते हैं। भारत में चाय को सुख-दुख का साथी समझा जाता है। चाय हर मौके पर बनती है और लोगों की थकान मिटा देती है। बारिश का मौसम हो तो चाय पीने का मजा ही अलग होता है। अगर आप भी अक्टूबर की पहली बारिश में कड़क चाय पीने का मन बना रहे हैं, तो शेफ रणबीर बरार ने स्पेशल मसाला चाय की रेसिपी शेयर की है। उन्होंने अपने वीडियो में एक सीक्रेट मसाले का जिक्र किया है, जिससे चाय का स्वाद एकदम कड़क और टपरी स्टाइल में होगा। अगर आप टपरी स्टाइल चाय मिस कर रहे हैं, तो ये रेसिपी नोट कर लीजिए।
मसाला चाय बनाने के इंग्रेडिएंट्स-
2½ कप पानी
½ इंच अदरक, छीलकर कूटी हुई
4 छोटे चम्मच चीनी
2 छोटे चम्मच काली चाय पत्ती
1½ कप दूध
8-10 हरी इलायची
मसाला चाय बनाने के स्टेप बाय स्टेप
रणवीर बरार ने वीडियो में बताया कि चाय बनाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है लेकिन उसे सही से पकाना और उसमें सही मात्रा में चीजों को डालना ही कला है। चलिए आपको मसाला चाय बनाने के स्टेप्स बताते हैं।
- 1. सबसे पहले पैन में पानी डालकर खौला लीजिए और फिर कूटी हुई अदरक को उसमें डालकर उबलने दें। खौलते पानी में अदरक का फ्लेवर अच्छे से घुल जाएगा। साथ में इलायची भी कूटकर डाल दीजिए। अदरक के साथ इलायची का स्वाद आपकी चाय को बेहतरीन स्वाद देगी।
- 2. अब आपको इस पानी में चाय की पत्ती डालना है। कई लोग चाय पत्ती डालने के बाद दूध डाल देते हैं, ऐसी गलती ना करें। चाय पत्ती डालने के बाद 2-4 मिनट तक पानी को पकने दीजिए। इसे धीमी आंच पर रखें, जिससे पानी जले नहीं।
- 3. जब पानी में चायपत्ती अच्छे से उबल जाए, तब उसमें दूध डाल दीजिए। ध्यान रखें कि दूध ठंडा नहीं बल्कि गर्म या गुनगुना होना चाहिए। दूध डालने के बाद स्वादानुसार चीनी डालकर चाय को पकने के लिए छोड़ दें। धीमी आंच पर चाय को पकाएं, तेज आंच पर रखेंगे तो स्वाद अच्छा नहीं आएगा।
- 4. चाय में कड़कपन लाने के लिए सीक्रेट मसाले में है चुटकीभर दालचीनी पाउडर, 2-3 लौंग, जिसे अदरक के साथ ही खौलते हुए पानी में मिला दीजिए। इससे चाय का स्वाद और कड़क हो जाएगा और फ्लेवर आपको बिल्कुल टपरी जैसा मिलेगा। बस ऐसे आपकी परफेक्ट चाय बनकर तैयार हो जाएगी। फिर गर्म-गर्म चाय का मजा लीजिए।
- 5. चाय बनाते समय कुछ बातों का खासतौर पर ध्यान रखें, तो आपकी चाय हमेशा स्वादिष्ट बनेगी। ज्यादा चाय पत्ती ना डालें, वरना चाय का स्वाद कड़वा हो सकता है। साथ ही अदरक को अच्छे से कूटकर डालिए। दूध डालने के बाद चाय को हमेशा धीमी आंच पर पकने दें, तेज आंच पर पकाने से उबाल तेज आता है लेकिन पकती नहीं है। अगर आप मसालों का स्वाद उभारना चाहते हैं, तो चीनी की मात्रा थोड़ी कम रखें।


