पके-गले केले फेंकें नहीं! त्योहार पर बना लें ये झटपट मिठाई, शेफ भरत की इंस्टेंट बनाना स्वीट रेसिपी
ज्यादा पके या गले हुए केले अक्सर हम फेंक देते हैं लेकिन अब ऐसा बिल्कुल न करें। शेफ भरत ने गले हुए केलों से स्वादिष्ट मिठाई बनाने की रेसिपी शेयर की है, जिसे बनाना बेहद आसान है।

घर में 1 दर्जन केले तो आ गए हैं लेकिन उन्हें किसी ने खाया नहीं। केला ऐसा फल है, जो रखे-रखे गलने लगता है और फिर इसे फेंकने की नौबत आ जाती है। अगर आपके घर में ऐसा होता है तो अब इन केलों को फेंकने की गलती बिल्कुल न करें। हल्के गले और ज्यादा पके हुए केलों से आप टेस्टी मिठाई बनाकर खा सकते हैं। यह मिठाई स्वाद में परफेक्ट बनेगी और इसे बनाना भी बिल्कुल आसान है। शेफ भरत ने पके हुए केले की स्वादिष्ट मिठाई बनाने का सिंपल तरीका बताया है और इसे बनाने में करीब आधे घंटे का समय लगेगा। त्योहारों का सीजन है, ऐसे में आप कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो बनाना स्वीट परफेक्ट रहेगी।
बनाना स्वीट के लिए इंग्रेडिएंट्स-
1 किलो केले (लगभग 12 केले)
4–5 इलायची दाना पाउडर
¼ कप देसी घी (शुरुआत में)
2 बड़े चम्मच देसी घी (बीच में डालने के लिए)
गुड़ की चाशनी के लिए- 300–350 ग्राम गुड़, ¼ कप पानी
काजू भूनने के लिए- 20–30 काजू, 1 बड़ा चम्मच देसी घी
केले की मिठाई बनाने के आसान स्टेप्स
सबसे पहले आप 10-12 केले लें और उन्हें बड़े छोटे टुकड़ों के साथ मिक्सर में ग्राइंड कर लें। केले के साथ आपको मिक्सर में कुछ और नहीं डालना है, इसे ऐसे ही मैश करें। जब केले अच्छे से मैश हो जाए, तब इन्हें 10 मिनट के लिए रेस्ट दें।
केले को करना होगा रोस्ट
अब आपको पैन में 2 चम्मच घी डालना है और मैश किए हुए केलों को उसमें कुछ देर तक भूनना होगा। आपको केले तब तक पकाने हैं, जब तक इनका रंग बदलकर भूरा न दिखने लगे। साथ ही केले में से बबल्स भी उठने लगेंगे। जब केला अच्छे बन जाए तब इसे 15 मिनट के लिए रख दें।
काजू को भून लें
केले वाली मिठाई में डालने के लिए काजू को रोस्ट करना न भूलें। वैसे तो आप काजू-बादाम, पिस्ता कोई भी ड्राई फ्रूट्स ले सकते हैं लेकिन शेफ ने सिर्फ काजू को लिया है। इन्हें घी में अच्छे से भून लें और फिर एक किनारे रख दीजिए।
चाशनी कर लें तैयार
चाशनी आपको गुड़ से बनानी होगी और उसके लिए आपको 300–350 ग्राम गुड़, ¼ कप पानी डालकर बनाना शुरू करना है। चाशनी जब पककर पतली हो जाए, तब गैस बंद करेंगे। गुड़ पूरी तरह से पिघलाने तक पका लें।
ऐसे बन जाएगी आपकी मिठाई
अब आपको इस चाशनी को मैशे किए हुए केले वाले बर्तन में डालकर मिला देनी है। अब पैन लीजिए और उसमें गुड़ चाशनी और केले का मिक्सचर डालकर मीडियम फ्लेम पर पकाना शुरू करें। ध्यान रखें कि इस दौरान आपको इसे लगातार चलाते रहना है। थोड़ा सा चलाने के बाद इसमें 2 चम्मच घी डाल दीजिए, इससे चिकनापन आएगा। इस मिक्सचर को थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाते रहें। गाढ़ापन इतना होना चाहिए कि आसानी से जम सके। जब ये मिक्सचर बन जाए, तब आपको इसमें काजू मिलाकर चलाना है। अब किसी डिब्बे में बटर पेपर बिछाकर घी लगाएं और उसमें इसे डालकर चिकना करें। फ्रिज में करीब 2-3 घंटे के लिए छोड़ दीजिए और फिर इन्हें मिठाई की तरह पीस में काटकर सर्व करें। केले से बनी ये मिठाई किसी महंगी मिठाई से कम नहीं होगी और स्वाद भी लाजवाब होगा।


