जिसने भी चखा, बस तारीफ ही की! ऐसी है सिंधी दाल पकवान की रेसिपी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सिंधी दाल पकवान स्वाद और परंपरा का ऐसा कॉम्बो है, जिसे नाश्ते में खूब पसंद किया जाता है। कुरकुरे पकवान और मसालेदार चने की दाल से बनने वाली यह रेसिपी घर पर भी आसानी से बना सकते हैं, एक बार ट्राई जरूर करें।

Sindhi Dal Pakwan recipe

वीकेंड मॉर्निंग हो, घर में मेहमान आए हों या फिर नाश्ते में कुछ खास खाने का मन हो, सिंधी दाल पकवान हर मौके के लिए परफेक्ट डिश है। कुरकुरे पकवान पर गरमा-गरम मसालेदार चने की दाल, ऊपर से बारीक कटा प्याज, हरी चटनी, इमली की चटनी और ताजा हरा धनिया... यह ऐसा स्वाद है, जो पहली ही बाइट में दिल जीत लेता है।

सिंधी परिवारों में यह सिर्फ एक नाश्ता नहीं, बल्कि परंपरा और स्वाद का खूबसूरत मेल है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। अगर सही तरीका पता हो, तो घर की रसोई में भी बाजार जैसा कुरकुरा पकवान और स्वाद से भरपूर दाल आसानी से तैयार की जा सकती है। आइए जानते हैं इसकी आसान और पारंपरिक रेसिपी।

दाल बनाने के लिए सामग्री

एक कटोरी चने की दाल

दो टमाटर

एक छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट

दो हरी मिर्च

आधा छोटा चम्मच हल्दी

आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च

आधा छोटा चम्मच जीरा

एक चुटकी हींग

नमक स्वादानुसार

हरा धनिया

थोड़ा तेल

पकवान बनाने के लिए सामग्री

दो कटोरी मैदा

दो बड़े चम्मच सूजी

दो बड़े चम्मच तेल

आधा छोटा चम्मच अजवाइन

नमक स्वादानुसार

तलने के लिए तेल

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट दाल

  • सबसे पहले चने की दाल को चार से पांच घंटे के लिए भिगो दें। अब दाल को हल्दी और नमक के साथ नरम होने तक पका लें। एक कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें, जीरा और हींग डालें।
  • अब अदरक, हरी मिर्च और टमाटर डालकर अच्छी तरह भून लें। हल्दी, लाल मिर्च और नमक भी डालें। अब पकी हुई दाल इसमें मिलाएं। कुछ मिनट तक पकाकर ऊपर से हरा धनिया डाल दें।

ऐसे तैयार करें कुरकुरा पकवान

  • एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी, अजवाइन, नमक और तेल डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंध लें। आटे को पंद्रह से बीस मिनट ढककर रख दें।
  • अब छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतला बेल लें, कांटे की मदद से उन पर छोटे-छोटे छेद कर दें। गरम तेल में धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।

परोसने का सही तरीका

  • एक पकवान को प्लेट में रखें।
  • उसके ऊपर गरमा-गरम चने की दाल डालें।
  • अब बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और हरी मिर्च डालें।
  • इमली की चटनी और हरी चटनी डालकर परोसें।
  • अगर चाहें, तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं।

स्वाद बढ़ाने के टिप्स

  1. दाल को ज्यादा ना गलाएं: दाल के दाने हल्के साबुत रहें, तो स्वाद और बनावट दोनों बेहतर लगते हैं।
  2. पकवान पतले बेलें: पतले पकवान ज्यादा कुरकुरे बनते हैं।
  3. धीमी आंच पर तलें: धीमी आंच पर तलने से पकवान लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें
Hindi News , Lifestyle News in Hindi , Health News , Recipe , Fashion , Beauty और Fitness से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।