सिर्फ 3 चीजों से बनाएं बेसन लड्डू! ना चीनी की जरूरत, ना घी चाहिए
बेसन लड्डू खाने का मन है लेकिन चीनी और घी से बचना चाहते हैं? तो इस बार सिर्फ तीन चीजों से बने इन लड्डुओं को ट्राई करें। ना चीनी की जरूरत होगी, ना घी की और बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा।

बेसन के लड्डू भला किसे पसंद नहीं होते? लेकिन कई बार ज्यादा चीनी और घी की वजह से लोग इन्हें खाने से बचते हैं। ऐसे में अगर आप घर पर कुछ मीठा बनाना चाहते हैं, तो यह आसान बेसन लड्डू रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इन बेसन लड्डुओं को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी और ना ही घंटों रसोई में खड़े रहना होगा। खास बात यह है कि इसमें चीनी और घी का इस्तेमाल नहीं किया जाता। कुछ आसान चीजों को मिलाकर आप घर पर ही स्वादिष्ट लड्डू तैयार कर सकते हैं।
इन्हें बनाना इतना आसान है कि पहली बार बनाने वाले लोग भी इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं। चलिए जान लेते हैं इसकी सिंपल रेसिपी -
लड्डू बनाने के लिए क्या चाहिए?
1 कप भुना हुआ चना
1 कप बीज निकाले हुए खजूर
3 बड़े चम्मच पीनट बटर
चुटकीभर नमक
लड्डू बनाने के लिए ईजी स्टेप्स
- सबसे पहले मिक्सर में भुना चना, खजूर और पीनट बटर डालें। टेस्ट को बैलेंस करने के लिए चुटकीभर नमक डालें।
- अब सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें। मिश्रण को बिल्कुल बारीक पीसने की जरूरत नहीं है, थोड़ा दरदरा रहने दें।
- मिक्सर में पीसने के बाद मिश्रण को हाथ से दबाकर देखें। अगर यह आसानी से एक साथ जुड़ रहा है, तो बेसन लड्डू बनाने के लिए तैयार है।
- अगर मिश्रण बहुत सूखा और बिखरा हुआ लग रहा है, तो इसे थोड़ा और पीस लें। खजूर अच्छी तरह पिसने पर मिश्रण आसानी से बंध जाएगा।
- अब मिश्रण को मिक्सर से निकालकर एक प्लेट में रखें। हाथ में थोड़ा सा मिश्रण लें और हथेलियों से गोल करके बेसन लड्डू बना लें। इसी तरह पूरे मिश्रण से छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें।
- सारे बेसन लड्डू बनने के बाद इन्हें एक प्लेट में रखें और 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद लड्डू थोड़े सख्त हो जाएंगे और आसानी से खाए जा सकेंगे।
ये बातें ध्यान रखें
- खजूर जितने नरम होंगे, बेसन लड्डू बनाना उतना आसान होगा। अगर खजूर बहुत सख्त हैं, तो उन्हें थोड़ी देर पानी में भिगोकर अच्छी तरह सुखाने के बाद इस्तेमाल कर सकते हैं।
- अगर मिश्रण बहुत चिपचिपा लग रहा है, तो थोड़ा भुना चना पीसकर इसमें मिला दें। इससे मिश्रण थोड़ा सूखा हो जाएगा और लड्डू आसानी से बन जाएंगे।
स्वाद बढ़ाने के लिए डालें ये चीजें
- अगर आप इन बेसन लड्डुओं का स्वाद थोड़ा और बढ़ाना चाहते हैं, तो इसमें इलायची, बादाम या काजू भी डाल सकते हैं।
- आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा नारियल भी लगा सकते हैं। इससे लड्डू देखने में भी अच्छे लगेंगे और स्वाद भी बढ़ जाएगा।
हेल्थ टिप
इसमें चीनी और घी नहीं है, लेकिन खजूर और पीनट बटर मौजूद है। इसलिए इसे बहुत ज्यादा खाने के बजाय बैलेंस्ड तरीके से ही खाएं।


