
बच्चे के पैदा होने के बाद ये 5 गलतियां आपको नहीं करनी हैं! गाइनेकोलॉजिस्ट ने दी सलाह
नवजात शिशु का शरीर बहुत नाजुक होता है और थोड़ी-सी लापरवाही भी बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है। इसी विषय पर जानी-मानी गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर प्रिया सोनी ने कुछ अहम बातें बताई हैं, जिन्हें बच्चे के जन्म के बाद जरूर ध्यान में रखना चाहिए।
सभी पैरेंट्स चाहते हैं कि उनका न्यू बोर्न बेबी हेल्दी और सेफ रहे। लेकिन कई बार पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं के चक्कर में कुछ ऐसी बातें भी कर दी जाती हैं, जो बच्चे की सेहत के लिए सही नहीं होतीं। नवजात शिशु का शरीर बहुत नाजुक होता है और थोड़ी-सी लापरवाही भी बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए जरूरी है कि बच्चे की देखभाल सही जानकारी के साथ की जाए। इसी विषय पर जानी-मानी गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर प्रिया सोनी ने कुछ अहम बातें बताई हैं, जिन्हें बच्चे के जन्म के बाद जरूर ध्यान में रखना चाहिए।
बच्चे की आंखों में काजल लगाने से बचें
डॉक्टर प्रिया के अनुसार नवजात बच्चे की आंखों में काजल लगाना बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। आमतौर पर लोग मानते हैं कि काजल लगाने से आंखें सुंदर होती हैं, लेकिन डॉक्टर कहती हैं कि इससे कोई फायदा नहीं होता। उल्टा, काजल से आंखों में इंफेक्शन हो सकता है। इससे आंख से नाक की ओर जाने वाली नली, जिसे 'नासोलैक्रिमल डक्ट' कहते हैं, उसके ब्लॉक होने का खतरा भी रहता है। इसलिए नवजात बच्चे की आंखों में काजल लगाने से बचें।
जन्म के तुरंत बाद बच्चे को ना नहलाएं
डॉक्टर बताती हैं कि बच्चे को जन्म के तुरंत बाद नहलाना सही नहीं होता। जब तक बच्चे की नाभि-नाल यानी अम्बिलिकल कॉर्ड खुद से गिर नहीं जाती, तब तक बच्चे को पानी से नहलाने से बचना चाहिए। इस दौरान रोजाना हल्के गीले कपड़े से बच्चे की स्पॉन्जिंग करें और रेगुलरली उसके कपड़े बदलते रहें। इससे बच्चा भी साफ रहेगा और इंफेक्शन का खतरा भी कम होगा।
नाभि के आसपास कोई चीज ना लगाएं
नवजात शिशु की नाभि का हिस्सा बहुत संवेदनशील होता है। डॉक्टर के अनुसार इस हिस्से को हमेशा साफ और सूखा रखना चाहिए। नाभि के ऊपर तेल, क्रीम या पाउडर लगाने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इस जगह पर कुछ भी लगाने से बचें और ध्यान रखें कि यह एरिया हमेशा सूखा रहे।
नाक और कान में तेल या कुछ और ना डालें
कई घरों में बच्चे की मालिश करते हुए उसकी नाक या कान में तेल डाला जाता है, लेकिन डॉक्टर इसे गलत मानती हैं। उनका कहना है कि नवजात बच्चे की नाक और कान बहुत नाजुक होते हैं। इनमें तेल या कोई भी चीज डालना नुकसानदायक हो सकता है।
शहद या घुट्टी ना चटाएं
डॉ प्रिया कहती हैं कि बच्चे को जन्म के बाद शहद या घुट्टी बिल्कुल नहीं देनी चाहिए। इससे बच्चे में इंफेक्शन का खतरा हो सकता है। नवजात शिशु को छह महीने तक केवल मां का दूध ही देना चाहिए। इस दौरान ऊपर से पानी भी देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मां का दूध ही बच्चे के लिए पूरा और सुरक्षित आहार होता है।

लेखक के बारे में
Anmol Chauhanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




