घर में छोटी बेटी है? उसे जल्दी पीरियड्स से बचाने के लिए करें ये 8 काम, गाइनेकोलॉजिस्ट ने बताया
अगर आप एक बेटी के पैरेंट्स हैं और अभी उसकी उम्र काफी कम है, तो जल्दी पीरियड्स से बचाने के लिए ये छोटी छोटी बातें ध्यान में रख सकते हैं। आजकल बच्चियों में जल्दी पीरियड्स आने के मामले कॉमन हो रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर की ये टिप्स आपको जरूर जाननी चाहिए।

उम्र बढ़ने के साथ बेटी के शरीर में कई बदलाव आते हैं। इन्हीं बदलावों में से एक है पीरियड्स की शुरुआत। आमतौर पर लड़कियों को 12 से 15 साल की उम्र के बीच पहली बार पीरियड्स आते हैं, लेकिन कुछ बच्चियों में ये और भी जल्दी शुरू हो सकते हैं। खासकर आजकल तो पीरियड्स बहुत ही कम उम्र में आने शुरू हो गए हैं। ऐसे में पैरेंट्स के मन में चिंता होना स्वाभाविक है। बच्चियों के पीरियड्स सही उम्र में शुरू हों और उन्हें अर्ली प्यूबर्टी से बचाया जा सके इसके लिए गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. शिवानी ने कुछ खास सलाह दी है। आइए जानते हैं-
बेटी को बहुत ज्यादा दूध देने से बचें
दूध बच्चों की डाइट का अहम हिस्सा है, क्योंकि इसमें कैल्शियम और प्रोटीन जैसे जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। लेकिन दो साल की उम्र के बाद भी अगर बच्ची बहुत ज्यादा दूध पीती है तो उसका पेट भरा रह सकता है और वह दाल, सब्जियां, फल और दूसरे सॉलिड फूड्स कम खा सकती है। इसलिए डॉ. शिवानी की सलाह के अनुसार, बेटी को जरूरत से ज्यादा दूध देने के बजाय उसकी पूरी डाइट पर ध्यान दें।
प्लास्टिक की बोतल और टिफिन का इस्तेमाल कम करें
बच्चों के लिए प्लास्टिक की बोतल, टिफिन और दूसरे सामान का इस्तेमाल आम है। लेकिन कुछ प्लास्टिक में ऐसे केमिकल हो सकते हैं जो शरीर के हार्मोंस पर असर डाल सकते हैं। कुछ केमिकल शरीर में एस्ट्रोजन जैसी एक्टिविटी भी दिखा सकते हैं। इसलिए जहां आसानी से संभव हो, वहां कांच या स्टेनलेस स्टील की बोतल और टिफिन का इस्तेमाल करना सही है।
बेटी को स्ट्रेस से दूर रखें
डॉ शिवानी का कहना है कि बच्चियों को अर्ली प्यूबर्टी से बचाने के लिए उन्हें स्ट्रेसफुल माहौल से दूर रखना चाहिए। दरअसल बच्चों की मानसिक सेहत का उनकी ओवरऑल ग्रोथ पर असर पड़ता है। घर में लगातार झगड़े, डर का माहौल, परिवार से जुड़ी परेशानियां या लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव बच्ची की सेहत को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में पैरेंट्स को कोशिश करनी चाहिए कि घर का माहौल सुरक्षित और प्यार भरा रहे।
डाइट में कैफीन को सीमित रखें
गाइनेकोलॉजिस्ट के मुताबिक बेटियों को अर्ली प्यूबर्टी से बचाने के लिए उनकी डाइट में कैफीन की मात्रा बहुत ही सीमित रखें। बेटी को बचपन से ही पानी, दूध और पौष्टिक पेय पदार्थों की आदत डालें। मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स और कैफीन वाले पेय को रोज की डाइट का हिस्सा ना बनाएं। ये उनकी ग्रोथ पर नेगेटिव इफेक्ट डाल सकते हैं।
बेटी को उम्र के हिसाब से कंटेंट दिखाएं
डॉ. शिवानी कहती हैं कि पैरेंट्स को बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर नजर रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उनसे खुलकर बात करनी चाहिए। अगर बच्ची किसी कंटेंट को लेकर सवाल पूछती है, तो उसे उसकी उम्र के हिसाब से सही जानकारी दें। साथ ही बच्ची को एडल्ट कंटेंट से दूर रखना चाहिए और उसकी उम्र के मुताबिक ही कंटेंट दिखाना चाहिए।
परफ्यूम और कॉस्मेटिक का इस्तेमाल
बच्ची के लिए प्रोडक्ट चुनते समय उसकी उम्र के हिसाब से सही विकल्प चुनें। तेज खुशबू वाले प्रोडक्ट्स से परेशानी होती है, तो उनका इस्तेमाल न करें। किसी प्रोडक्ट से त्वचा पर जलन या एलर्जी होने पर उसे इस्तेमाल करना बंद कर दें। बच्चों को अनावश्यक केमिकल एक्सपोजर से बचाना अच्छी आदत है। क्योंकि केमिकल वाले प्रोडक्ट्स बच्चों के हार्मोन पर भी गलत असर डाल सकते हैं।
बेटी को रोज फिजिकल एक्टिविटी के लिए मोटिवेट करें
बेटी की अच्छी ग्रोथ के लिए फिजिकल एक्टिविटी बहुत जरूरी है। रोज खेलना, साइकिल चलाना, डांस करना, दौड़ना या अपनी पसंद की कोई दूसरी एक्टिविटी करना उसकी फिटनेस और मानसिक सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है। डॉ. शिवानी के मुताबिक, बेटी को केवल पढ़ाई या स्क्रीन टाइम तक सीमित ना रखें। उसे बाहर खेलने और अपनी पसंद के खेल चुनने का मौका दें। साथ ही, उसकी उम्र के अनुसार पर्याप्त नींद और संतुलित डाइट का भी ध्यान रखें।
प्रोसेस्ड और रिफाइंड फूड कम दें
बच्चों को चिप्स, पैकेट वाले स्नैक्स, मीठे बिस्कुट, कैंडी, फास्ट फूड और मीठे ड्रिंक्स पसंद आ सकते हैं। कभी-कभी इन चीजों को खाना आम बात है, लेकिन अगर ये रोज की डाइट का बड़ा हिस्सा बन जाएं तो बच्ची को जरूरी पोषक तत्व कम मिल सकते हैं। साथ ही जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेने की आदत बन सकती है। इनकी जगह बेटी की डाइट में फल, सब्जियां, दालें, साबुत अनाज, प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करें।

