
दिवाली पर बच्चों के साथ पटाखे जलाते समय बरतें ये सावधानी, खतरे में पड़ सकती है जान
संक्षेप: Happy Diwali 2025 Fire Safety Tips: बच्चों की मौज-मस्ती के साथ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पेरेंटस के कंधों पर आ गई है। आइए जानते हैं बच्चों के साथ पटाखे जलाते समय पेरेंट्स को किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए।
हिंदू धर्म में दिवाली 2025 का त्योहार बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है। जिसकी खुशी बड़ों से ज्यादा बच्चों के चेहरे पर साफ नजर आती है। घर के बच्चे दिवाली का उत्सव कई दिन पहले ही पटाखे जलाकर मनाने लगते हैं। हालांकि त्योहार का उत्साह और खुशी बनाए रखने के लिए पेरेंट्स को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की जरूरत होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि छोटी सी भी गलती आपके बच्चे की जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। हर साल दिवाली पर आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती है। हर साल की तरह इस साल भी दिवाली से एक हफ्ता पहले ही पटाखों का शोर कानों में सुनाई देने लगा है। ऐसे में बच्चों की मौज-मस्ती के साथ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पेरेंटस के कंधों पर आ गई है। आइए जानते हैं बच्चों के साथ पटाखे जलाते समय पेरेंट्स को किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए।

फोर्टिस अस्पताल (ग्रेटर नोएडा) के बाल रोग सलाहकार,डॉ. कुशाग्र गुप्ता कहते हैं कि दीपावली का उल्लास तभी पूरा होता है जब सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। बच्चों को पटाखे हमेशा बड़ों की देखरेख में ही जलाने दें। ऐसा करते हुए बच्चों को सिंथेटिक कपड़े पहनाने से बचें। बच्चों को समझाएं, पटाखे जलाने में 'हीरो' वही है जो सुरक्षित रहकर पटाखे जलाने का मजा लें। किसी भी जलन या चोट की स्थिति में तुरंत ठंडे पानी से प्रभावित भाग धोकर निकटतम आपातकालीन केंद्र से संपर्क करें।
दिवाली के पटाखे जलाते समय पेरेंट्स ध्यान रखें ये बातें
बच्चों को अकेला ना छोड़े
पेरेंट्स हमेशा इस बात को सुनिश्चित करें कि बच्चे पटाखे किसी बड़े की देखरख में ही जलाएं। ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके या कोई दुर्घटना होने पर तुरंत सही कदम उठाया जा सके।
पटाखों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
बच्चों को सिखाएं कि पटाखे जलाने के तुरंत बाद अपने कदम पीछे कर लें। अनार, रॉकेट या फुलझड़ी जैसे पटाखों को जलाते समय कम से कम 5-10 फीट की दूरी बनाकर रखें।
सुरक्षित कपड़े पहनें
बच्चों को ढीले-ढाले या नायलॉन जैसे जलने वाले कपड़े न पहनाएं। कॉटन के फिट कपड़े, लंबी बांह की शर्ट और बंद जूते पहनाएं ताकि पटाखों की चिंगारी से सुरक्षा मिले।
पटाखे जलाने के लिए सही जगह का चुनाव करें
पटाखे हमेशा खुले और सपाट स्थान जैसे आंगन या पार्क में ही जलाएं। पेड़, बिजली के तारों, या ज्वलनशील चीजों (जैसे पेट्रोल, गैस सिलेंडर) के पास पटाखे न जलाएं।
फर्स्ट-एड किट तैयार रखें
पटाखे जलाते समय पास में ही फर्स्ट-एड किट रखें, जिसमें बर्न क्रीम, पट्टियां जैसी चीजें मौजूद हो। ठंडे पानी से भरी बाल्टी भी पास में ही रखें। अगर कभी किसी बच्चे को पटाखे की वजह से हाथ-पैर में हल्की जलन महसूस हो, तो तुरंत प्रभावित जगह को ठंडे पानी से 10-15 मिनट तक धोएं और डॉक्टर से संपर्क करें।
सलाह
बच्चों को ज्यादा पटाखे न जलाने दें। बच्चों के लिए कम शोर और धुएं वाले इको-फ्रेंडली ग्रीन पटाखे चुनें। बच्चों को पहले से ही पटाखों के खतरे और सुरक्षा नियमों के बारे में समझाएं। किसी भी तरह की दुर्घटना होने पर तुरंत फर्स्ट-एड देकर डॉक्टर से संपर्क करें।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




