
क्या 1 ढक्कन ब्रांडी देने से बच्चे की सर्दी-खांसी वाकई ठीक हो जाती है? पीडियाट्रिशियन ने बताया सच!
कई लोगों का मानना होता है कि बच्चे को सर्दी, जुकाम या खांसी होने पर अगर एक ढक्कन ब्रांडी दे दी जाए, तो काफी जल्दी आराम होता है। लेकिन क्या ये बच्चों के लिए वाकई सेफ है? आइए पीडियाट्रिशियन की सलाह जानते हैं।
मौसम बदलने के साथ ही बच्चे भी अक्सर खांसी-जुकाम की चपेट में आते रहते हैं। ऐसे में कई पैरेंट्स घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं, जिनमें से एक है बच्चे को थोड़ी सी ब्रांडी पिला देना। कई लोगों का मानना होता है कि बच्चे को सर्दी, जुकाम या खांसी होने पर अगर एक ढक्कन ब्रांडी दे दी जाए, तो काफी जल्दी आराम होता है। इसी के चलते वो रात में सोने से पहले बच्चे को थोड़ी सी ब्रांडी पिला देते हैं। लेकिन अब सवाल है कि क्या ये वाकई सेफ है? छोटे बच्चे को एक एडल्ट ड्रिंक दवा के नाम पर देना, वो भी बिना डॉक्टर की सलाह के काफी घातक हो सकता है। पीडियाट्रिशियन डॉ रवि मलिक ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसी बारे में विस्तार से बताया है। आइए जानते हैं।
क्या ब्रांडी देने से बच्चे की सर्दी-खांसी ठीक हो जाती है?
डॉ रवि मालिक कहते हैं कि सर्दी-जुकाम ठीक करने के लिए अगर आप बच्चे को ब्रांडी दे रहे हैं, तो इसे तुरंत बंद कर दें। ये एक एडल्ट ड्रिंक है और इसकी एक बूंद भी बच्चे के लिए काफी नुकसानदायक हो सकती है। दरअसल बच्चे का सिस्टम इतना डेवलप ही नहीं होता है कि वो ब्रांडी को डाइजेस्ट कर सके। इसकी जरा सी मात्रा भी बच्चे के लिवर और ब्रेन के लिए काफी डैमेजिंग साबित हो सकती है।
ब्रांडी कोई दवा नहीं, सिर्फ घरेलू मिथ है
डॉ रवि साफ तौर पर कहते हैं कि ब्रांडी कोई सर्दी-जुकाम का इलाज नहीं है। ये सिर्फ एक भ्रम है, जो घरों में काफी पॉपुलर हो चुका है। ये इतनी खतरनाक है कि बच्चे के शरीर में ब्लड ग्लूकोज लेवल को तेजी से कम कर सकती है, इससे दौरे पड़ने जैसी समस्या भी हो सकती है। इतना ही नहीं ये रेस्पिरेटरी डिप्रेशन का कारण बन सकती है और बच्चे के दिमाग पर भी काफी बुरा प्रभाव डाल सकती है।
इस तरह रखें बच्चों का ख्याल
बच्चे को सर्दी-खांसी होने पर उनके खानपान का विशेष रूप से ध्यान रखें। उन्हें गर्म सूप और घर की बनी हुई चीजें ही दें, बाहर का जंक फूड अवॉइड करें। इसके अलावा गर्म पानी में नहाना, भाप लेना और प्रदूषण से बचाना जैसी छोटी-छोटी चीजें काफी फायदा करती हैं। परेशानी ज्यादा बढ़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

लेखक के बारे में
Anmol Chauhanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




