मेथी, करेला, दालचीनी! डायबिटीज में ये 4 नुस्खे कितने काम के? डॉक्टर ने बताया
Diabetes home remedies: डायबिटीज में मेथी का पानी, करेला और दालचीनी जैसे नुस्खे खूब सुनने में आते हैं। लेकिन इनमें से कौन सच में काम आ सकता है और किस पर भरोसा नहीं करना चाहिए, डॉक्टर से जानें।

डायबिटीज में शुगर कम करने के लिए आपने भी कई घरेलू नुस्खों के बारे में सुना होगा। कोई सुबह खाली पेट मेथी का पानी पीने की सलाह देता है, तो कोई करेले का रस पीने को कहता है। लेकिन क्या ये सभी चीजें सच में ब्लड शुगर कम करने में मदद करती हैं? हर घरेलू नुस्खा असरदार हो, यह जरूरी नहीं है। कुछ चीजों पर थोड़ी रिसर्च हुई है और उनसे कुछ फायदा मिल सकता है, जबकि कुछ के बारे में पक्के सबूत नहीं हैं। इसलिए किसी भी नुस्खे को डायबिटीज की दवा का विकल्प मानना सही नहीं है।
डॉक्टर पंक्ति भट्ट शाह ने ऐसे ही कुछ आम घरेलू नुस्खों के बारे में बताया है। उन्होंने समझाया कि इनमें से किससे थोड़ी मदद मिल सकती है, किसका असर बहुत कम है और किस नुस्खे पर ज्यादा भरोसा नहीं करना चाहिए।
1. मेथी का पानी
डायबिटीज के लिए मेथी का पानी एक बहुत कॉमन घरेलू नुस्खा है। डॉक्टर के अनुसार, यह फायदेमंद हो सकता है क्योंकि मेथी में सॉल्यूबल फाइबर होता है, जो डाइजेशन को थोड़ा धीमा कर सकता है। इससे खाना खाने के बाद ब्लड शुगर लेवल में अचानक होने वाली बढ़ोतरी को रोकने में मदद मिल सकती है। लेकिन सिर्फ मेथी का पानी पीने से डायबिटीज कंट्रोल हो जाएगी, ऐसा नहीं है।
2. करेला
करेला भी डायबिटीज में खूब इस्तेमाल किया जाता है। कुछ स्टडीज में पाया गया है कि करेला ब्लड शुगर को कम करने में मदद करता है लेकिन इसका असर बहुत ज्यादा नहीं होता। इसलिए करेले को डायबिटीज की दवा की जगह इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर आप शुगर की दवा लेते हैं, तो करेले के कारण अपनी दवा खुद से बंद या कम ना करें।
3. दालचीनी
दालचीनी को भी शुगर कम करने के लिए यूज किया जाता है लेकिन इसके असर को लेकर सभी रिसर्च एक जैसा नहीं बताते। कुछ स्टडीज में दालचीनी से ब्लड शुगर में थोड़ी कमी देखी गई, जबकि कुछ में कोई खास फायदा नहीं मिला इसलिए इसे डायबिटीज का पक्का इलाज मानना सही नहीं है।
4. जामुन के बीज का पाउडर
जामुन के बीज का पाउडर डायबिटीज के लिए काफी समय से इस्तेमाल किया जाता है। कई लोग इसे शुगर कम करने वाला घरेलू नुस्खा मानते हैं। लेकिन डॉक्टर के अनुसार, इसे डायबिटीज के इलाज के तौर पर सही मानने के लिए पक्के वैज्ञानिक सबूत नहीं हैं।
सबसे जरूरी बात याद रखें
डायबिटीज में घरेलू नुस्खे आपकी दिनचर्या में मदद के तौर पर शामिल हो सकते हैं, लेकिन ये दवा की जगह नहीं ले सकते। ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने के लिए सही खाना, रोज थोड़ा चलना-फिरना, पर्याप्त नींद और डॉक्टर की बताई दवा लेना सबसे जरूरी है। अपनी दवा किसी घरेलू नुस्खे के भरोसे कभी बंद ना करें।


