सुकून से जीनी है जिंदगी? 75 साल की महिला से लें 3 सीख, कभी नहीं पड़ेगा पछताना

लाइव हिन्दुस्तान
share

सुकून भरी जिंदगी जीने के लिए हमारी सोच और कुछ आदतें भी मायने रखती हैं। कई बार हम अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनका एहसास हमें उम्र बीतने के बाद होता है। 75 साल की एक महिला ने अपने जीवन के अनुभवों से ऐसी 3 गलतियों के बारे में बताया है, जिनसे हर किसी को बचना चाहिए।

Learn 3 life lessons from a 75-year-old woman
75 साल की महिला से लें लाइफ को लेकर 3 सीख

जिंदगी में हर कोई खुश और सुकून से रहना चाहता है, लेकिन कई बार हमारी छोटी-छोटी गलतियां ही आगे चलकर पछतावे की वजह बन जाती हैं। हम दूसरों को खुश करने, फ्यूचर की चिंता करने और छोटी-छोटी बातों को दिल से लगाने में अपनी जिंदगी के खूबसूरत पल गंवा देते हैं। इंस्टाग्राम पर कमल के बोल नाम वाले एक पेज पर 75 साल की महिला अपने जीवन के अनुभवों के आधार पर सीख देती रहती हैं। एक वीडियो में उन्होंने ऐसी 3 गलतियां बताई हैं, जिनसे हर किसी को बचने की कोशिश करनी चाहिए। उनकी सीख बताती है कि जिंदगी को आप अकेले कैसे जिएं। महिला की तीनों सीख ये बताती हैं जिंदगी दूसरों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि अपने तरीके से खुशी और सुकून के साथ जीने के लिए मिली है। अगर आप भी बिना किसी पछतावे के खुशहाल और सुकून भरी जिंदगी जीना चाहते हैं, तो 75 साल की इस महिला की ये 3 सीख आपके बहुत काम आ सकती हैं।

1) खुद को प्राथमिकता दें

अक्सर लोग परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की खुशी का ख्याल रखते-रखते अपनी इच्छाओं और जरूरतों को नजरअंदाज कर देते हैं। क्योंकि उन्हें लगता है कि दूसरों के लिए हमेशा मौजूद रहना और उनकी उम्मीदों को पूरा करना ही उनकी जिम्मेदारी है। महिला बताती हैं कि पहले वह भी अपनी जिंदगी में दूसरों को ज्यादा प्राथमिकता देती थीं। लेकिन समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि इस तरह वह खुद से ही दूर होती जा रही थीं। जब उन्होंने खुद को प्राथमिकता देना शुरू किया, तब उन्हें अपने वास्तविक व्यक्तित्व और पसंद-नापसंद को समझने का मौका मिला। उन्होंने जाना कि उन्हें क्या पसंद है, किस चीज से खुशी मिलती है और वह अपनी जिंदगी से वास्तव में क्या चाहती हैं।

हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप दूसरों की परवाह करना छोड़ दें या अपने परिवार की जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लें। इसका मतलब है कि दूसरों का ख्याल रखते हुए अपनी जरूरतों को भी महत्व दें।

2) अकेले रहने से कभी मत डरें

महिला की दूसरी सीख है कि अकेले रहने से कभी डरना नहीं चाहिए। अक्सर लोगों को लगता है कि अकेले रहने का मतलब है कि उनके पास कोई नहीं है या वे जिंदगी में कमजोर हैं। समाज में भी अकेले रहने वाले लोगों को कई बार अलग नजरिए से देखा जाता है। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग हो सकती है। महिला के मुताबिक, अकेले रहना आपको स्वतंत्र बनना सिखाता है। जब आप अपने साथ समय बिताते हैं, तो आपको अपनी पसंद, जरूरतों और विचारों को समझने का मौका मिलता है। आप यह जान पाते हैं कि आपको खुश रहने के लिए हमेशा किसी दूसरे व्यक्ति की मौजूदगी की जरूरत नहीं है। अकेले समय बिताने से आप अपने फैसले खुद लेना सीखते हैं। आप अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से समझते हैं और भावनात्मक रूप से मजबूत बनते हैं। इसके अलावा, आपको अपने शौक पूरे करने, नई चीजें सीखने और खुद को बेहतर बनाने का समय भी मिलता है।

3) लोग क्या सोचेंगे, इसकी परवाह करना छोड़ दें

महिला की तीसरी सीख बेहद दिलचस्प है। उनका कहना है कि आपको अपनी जिंदगी के फैसले इस डर से नहीं लेने चाहिए कि लोग क्या सोचेंगे। उनकी एक बात इस सीख को अच्छी तरह समझाती है कि समाज आपके बिल्स नहीं भरता है, इसलिए समाज को खुश करने के लिए अपनी जिंदगी के फैसले लेना बंद करें। अक्सर लोग अपनी पसंद के कपड़े पहनने, करियर चुनने, शादी करने, घूमने जाने या कोई नया काम शुरू करने से पहले यह सोचते हैं कि रिश्तेदार और आसपास के लोग क्या कहेंगे। इसी डर में वे कई बार अपने सपनों को पूरा करने का मौका गंवा देते हैं। उन्हें लगता है कि अगर उन्होंने समाज की सोच से अलग कुछ किया, तो लोग उनका मजाक उड़ाएंगे या उनकी आलोचना करेंगे। लेकिन सच्चाई यह है कि लोगों की राय समय के साथ बदलती रहती है। आज जो लोग आपके फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं, जरूरी नहीं कि वे कल भी आपके साथ खड़े हों। आपकी जिंदगी की जिम्मेदारी आपकी अपनी है। आपके खर्च, आपकी परेशानियां, आपकी खुशियां और आपके फैसलों के नतीजे आपको ही झेलने हैं, समाज को नहीं।

Avantika Jain

लेखक के बारे में

Avantika Jain
अवंतिका जैन ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। फिलहाल वह बतौर सीनियर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर लाइव हिंदुस्तान में लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। एंटरटेनमेंट से जुड़ी खबरों को लिखने और वीडियोज बनाने में भी इनकी रुचि है। 5 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहीं अवंतिका लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत के दिल्ली डेस्क पर काम कर चुकी हैं। नई जगहों को एक्सप्लोर करना, नए लोगों से जुड़ना और फिल्में/वेब सीरीज देखने की शौकीन हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़जीवन मंत्रसुकून से जीनी है जिंदगी? 75 साल की महिला से लें 3 सीख, कभी नहीं पड़ेगा पछताना