दुश्मन पर भरोसा कर लेना, लेकिन इन 7 लोगों पर नहीं! कभी नहीं होते किसी के सगे
अच्छे लोगों के साथ हमेशा एक प्रॉब्लम होती है कि वो जल्दी दूसरों पर विश्वास कर लेते हैं। सिर्फ इस वजह से उनका कई बार दिल टूटता है और लोग गलत फायदा भी उठा लेते हैं। ऐसे में किन लोगों से दूरी बनानी है, ये आदतें देखकर पता लगाया जा सकता है।

कभी-कभी हम किसी इंसान पर बहुत जल्दी भरोसा कर लेते हैं और बाद में बस धोखा मिलता है। इसके बाद मन में एक ही बात आती है कि आखिर हमने उस इंसान पर इतनी आसानी से भरोसा क्यों कर लिया।ऐसे में अक्सर कुछ लोग हमारी अच्छाई का फायदा भी उठा लेते हैं। इसलिए किसी पर भरोसा करने से पहले उसके व्यवहार को समझना बहुत जरूरी है। अगर आपको भी लगता है कि आप बार-बार गलत लोगों पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं, तो आपके लिए यह जानना बहुत जरूरी है कि किस तरह के लोगों से बचना चाहिए। आइए जानते हैं।
जिनकी कथनी और करनी में अंतर हो
किसी इंसान को समझने का सबसे आसान तरीका उसकी बातों से ज्यादा उसके काम को देखना है। अगर कोई बार-बार बड़ी-बड़ी बातें करता है, लेकिन समय आने पर उसके काम बिल्कुल उलटे होते हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। एक-दो बार गलती हो सकती है, लेकिन अगर बात और काम में हमेशा ही फर्क दिखाई दे रहा है, तो थोड़ा सतर्क हो जाना चाहिए।
जो जरूरत पड़ने पर ही आपको याद करे
अगर कोई केवल अपनी जरूरत के समय आपके पास आता है और काम पूरा होने के बाद आपको भूल जाता है, तो इस बिहेवियर पर भी ध्यान देने की जरूरत है। रिश्ते में केवल एक तरफ से कोशिश होती रहे, तो यह अच्छा संकेत नहीं है। अगर रिश्ता लगातार एकतरफा लग रहा है, तो थोड़ा पीछे हटना ही बेहतर है।
आपकी ना का सम्मान न करना
आपने किसी बात के लिए साफ मना किया और सामने वाला फिर भी बार-बार आपको मनाने, दबाव डालने या आपको गिल्ट फील कराने लगे, तो इसे हल्के में ना लें। हर व्यक्ति की अपनी बाउंड्रीज होती हैं और सामने वाले को उनका सम्मान करना चाहिए। इसलिए केवल रिश्ता खराब होने के डर से अपनी बात ना बदलें। अगर कोई आपकी साफ बात को बार-बार नजरअंदाज करता है, तो उसके साथ दूरी रखना आपके लिए सही है।
छोटी-छोटी बातों पर झूठ बोलना
भरोसा धीरे-धीरे बनता है, लेकिन झूठ उसे बहुत जल्दी कमजोर कर सकता है। अगर आपको किसी व्यक्ति की बातों में बार-बार झूठ, बातें छिपाना या जरूरत से ज्यादा सफाई देना दिखाई देता है, तो सावधान रहें। हर छोटी बात को लेकर शक करना सही नहीं है, लेकिन लगातार झूठ बोलने के व्यवहार को नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए।
अपनी गलती के लिए आपको ही जिम्मेदार ठहराना
गलती हर इंसान से हो सकती है, लेकिन गलती होने पर उसे मानना भी जरूरी है। अगर कोई व्यक्ति अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय हर बार आपको ही दोषी ठहराता है, तो यह अच्छा संकेत नहीं है। ऐसी स्थिति में आप खुद को बार-बार गलत समझने लग सकते हैं। इसलिए किसी भी रिश्ते में केवल इसलिए सारी जिम्मेदारी अपने ऊपर न लें कि सामने वाला अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है।
आपके सामने दूसरों की बुराई करना
किसी की गैरमौजूदगी में उसके बारे में लगातार बुरा बोलना भी ध्यान देने वाली बात है। अगर कोई व्यक्ति आपके सामने दूसरों की निजी बातें बताता है या उनकी लगातार बुराई करता है, तो हो सकता है दूसरों के सामने वह आपकी भी बुराई करता हो। हालांकि यह जरूरी नहीं है लेकिन अगर कोई इंसान हमेशा सबकी बुराई ही करता रहता है तो उससे थोड़ा सतर्क रहना जरूरी है।
आपकी लाइफ को कंट्रोल करने की कोशिश करना
अगर कोई व्यक्ति धीरे-धीरे आप पर कंट्रोल करने लगे, आपको किससे मिलना चाहिए, किससे बात करनी चाहिए या आपके फैसले कैसे होने चाहिए, इसमें दखलअंदाजी करने लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें। आपकी जिंदगी से जुड़े फैसलों में सलाह देना अलग बात है और हर चीज पर नियंत्रण रखने की कोशिश करना अलग। इसलिए अपने फैसलों और अपनी बाउंड्रीज को साफ रखें।


