जन्माष्टमी 2026: लड्डू गोपाल की मूर्ति काली पड़ गई है? बिना ब्रश रगड़े, 4 तरीकों से चमकाएं!
Janmashtami 2026: लड्डू गोपाल की कांसे और पीतल की मूर्ति कई बार रखे-रखे काली पड़ जाती है। जन्माष्टमी के दिन अगर आप इसे नए जैसा चमकाना चाहते हैं, तो ये 4 तरीके नोट कर लें। बिना ब्रश से रगड़े, मूर्ति बिल्कुल नए जैसी हो जाएगी।

जन्माष्टमी का इंतजार हर कृष्ण भक्त को बड़ी बेसब्री से रहता है। इस साल 4 सितंबर के दिन ये पावन पर्व देशभर में मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं। आपने भी लड्डू गोपाल की पोशाक, शृंगार और सजावट की तैयारियां शुरू कर दी होंगी। ऐसे में अक्सर कई लोगों का सवाल होता है कि लड्डू गोपाल की मूर्ति को कैसे साफ किया जाए। दरअसल समय के साथ पीतल और कांसे की मूर्ति का रंग काला पड़ने लगता है। इसे कितना भी साफ करने की कोशिश कर लो लेकिन इसका रंग दोबारा नए जैसा सुनहरा नहीं होता है। तो चलिए आज जानते हैं कुछ तरीके, जिनकी मदद से आप लड्डू गोपाल की मूर्ति चमका सकते हैं।
दही और बेसन की उबटन से करें साफ
लड्डू गोपाल की मूर्ति को साफ करने के लिए आप एक प्राकृतिक उबटन लेप बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको बहुत खट्टी दही लेनी है और उसे बेसन के साथ मिलाकर एक पेस्ट बना लेना है। चाहें तो इसमें थोड़ा सा नींबू और चुटकी भर हल्दी पाउडर भी मिला दें। अब इस लेप को मूर्ति पर लगाएं और 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर आप इसे अच्छी तरह रगड़कर साफ पानी से धो सकते हैं।
खटाई से साफ करें काली पड़ी हुई मूर्ति
रखे-रखे लड्डू गोपाल की मूर्ति काफी काली पड़ गई है तो आप खटाई से इसे साफ सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में दही, चीनी, अमचूर पाउडर और चुटकी भर हल्दी मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को लड्डू गोपाल की मूर्ति पर लगाकर हल्के हाथों से रगड़ना शुरू करें। आप देखेंगे कि सारा कालापन हटना शुरू हो गया है और मूर्ति में चमक आने लगी है। इसके बाद इसे साफ पानी से धो कर पोंछ लें।
देसी खांड से क्लीन करें लड्डू गोपाल की मूर्ति
लड्डू गोपाल जी की मूर्ति को साफ करने के लिए आप देसी खांड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले मूर्ति पर नारियल का तेल लगाकर मालिश करें, इससे कालापन हटने लगेगा। इसके बाद मूर्ति पर खट्टी दही लगाएं और थोड़ी सी देसी खांड या बूरा ले कर हल्के हाथों से रगड़ना शुरू करें। थोड़ी देर रगड़ने पर मूर्ति का कालापन साफ होने लगेगा। इसके बाद साफ पानी से मूर्ति को धो लें।
टमाटर रगड़ने से साफ होगी मूर्ति
टमाटर हल्का एसिडिक होता है इसलिए मूर्ति साफ करने में इफेक्टिव हो सकता है। बस आधा टमाटर का टुकड़ा लें और इसमें थोड़ा सा नमक नमक लगाकर मूर्ति पर हल्के हाथों से रगड़ना शुरू करें। आप नमक के अलावा दही भी ले सकते हैं। रगड़ने के बाद 5-10 मिनट के लिए मूर्ति को ऐसे ही छोड़ दें, फिर साफ पानी से धो लें।
(Images Credit- Pinterest)


