Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़how to manage time and make work life balance
ऐसे मैनेज करें टाइम तो ऑफिस में नहीं करना होगा ओवरटाइम

ऐसे मैनेज करें टाइम तो ऑफिस में नहीं करना होगा ओवरटाइम

संक्षेप:

आठ घंटे की नौकरी कर समय पर हर दिन दफ्तर से निकल पाना कई दफा सपने जैसा लगता है, लेकिन कुछ बातों को अपनी जिंदगी में अपनाकर आप अपने इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं, बता रही हैं स्वाति गौड़

Sun, 26 Oct 2025 01:21 PMKajal Sharma हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

मशहूर फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अपनी बेबाक बयानबाजी की वजह से बहुत चर्चा में हैं। दरअसल, उन्होंने आठ घंटे काम करने की शिफ्ट की मांग करते हुए हाल ही में दो बड़ी फिल्मों से किनारा कर लिया। उनका कहना है कि जब पुरुष फिल्म स्टार आठ घंटे की शिफ्ट में काम कर सकते हैं, तो यह अधिकार अभिनेत्रियों को भी मिलना चाहिए। उनकी इस मांग को गैर-वाजिब ठहराते हुए अलग-अलग तरह के तर्क दिए जा रहे हैं। वैसे देखा जाए तो दीपिका की बात में दम है, क्योंकि समानता के दायरे में एक समान काम करने के घंटे भी आने चाहिए। हमारी सामाजिक सरंचना कुछ इस प्रकार की है, जहां दफ्तर के साथ-साथ घर और बच्चे संभालने की भी पूरी जिम्मेदारी महिलाओं की ही मानी जाती है। जिम्मेदारियों का बोझ महिलाओं की शारीरिक और मानसिक सेहत पर असर डालता है, इसलिए काम की योजना कुछ इस तरह से बनाएं कि आपको दफ्तर में ओवरटाइम न करना पड़े।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दिन की सधी शुरुआत

सुबह का समय महिलाओं के लिए बेहद व्यस्तता भरा होता है। इस भागदौड़ से बचने के लिए अगले दिन की तैयारी एक शाम पहले से ही कर दें। इसे रिवर्स-शेड्यूलिंग कहते हैं। यह आपको उन कामों को प्राथमिकता देने का अवसर देती है, जो वाकई जरूरी होते हैं। जैसे सुबह के नाश्ते और लंच की तैयारी एक रात पहले ही कर लें। घर व्यवस्थित करना और अगले दिन पहनने वाले कपड़ों की योजना बनाना जैसे काम भी एक रात पहले कर लें। ऐसा करने से आप सुबह होने वाली भागदौड़ से बच जाएंगी।

न भटके ध्यान

काम की शुरुआत करते ही ईमेल चेक करना ज्यादातर लोगों की आदत होती है, लेकिन ऐसा करते समय कितना समय निकल जाता है, पता ही नहीं चलता है। इसकी बजाय ऑफिस में सुबह के पहले घंटे में अपने सबसे जरूरी काम निबटा लें। दो मिनट वाले नियम का इस्तेमाल करें। यानी किसी काम को करने में यदि दो ही मिनट लगते हों, तो उसे बाद में करने की बजाय सबसे पहले कर लें। इससे बाद के लिए काम इकट्ठा नहीं होगा।

समय प्रबंधन महत्वपूर्ण

अपने जरूरी कार्यों को कल पर न टालें। यदि किसी कार्य को ज्यादा बेहतर और तेजी से करने का कोई रास्ता आपके पास हो तो बिना झिझके उसे प्रस्तुत करें, ऐसा करने से आपके साथ-साथ अन्य लोगों का समय भी बचेगा। दफ्तर में व्यर्थ की चकल्लस से बचें, ताकि अपना काम वक्त पर पूरा करके आप सही समय पर निकल सकें।

नोटिफिकेशन करें बंद

हर समय ईमेल या सोशल मीडिया अलर्ट पर ध्यान देना आवश्यक नहीं होता, क्योंकि दिनभर फोन पर बजने वाला नोटिफिकेशन काम से ध्यान भटका देते हैं, इसलिए बेहतर होगा कि काम करते समय सभी सोशल मीडिया साइट्स के नोटिफिकेशन को म्यूट कर दिया जाए। टाइमर लगाकर अपना काम पूरा करें। जब एक काम पूरा हो जाए, तो बीच में पांच-दस मिनट का ब्रेक लेकर अपने मैसेज और ईमेल चेक करें।

कैलेंडर बना कर रखें

कभी-कभी काम का दबाव इतना ज्यादा होता है कि बहुत-सी जरूरी बातें दिमाग से निकल जाती हैं। इससे बचने के लिए अपने शेड्यूल का एक कैलेंडर बनाकर रखें, जिसमें सभी कार्यों और मीटिंग का ब्योरा दर्ज हो। प्राथमिकता के हिसाब से काम करें। उदाहरण के लिए यदि किसी मीटिंग में आपकी उपस्थिति आवश्यक न हो, तो इसकी सूचना पहले ही विभाग में दे दें, ताकि उसी हिसाब से तैयारी की जा सके। उस बचे हुए समय का उपयोग आप अपने अन्य जरूरी काम को पूरा करने में कर सकती हैं।

तकनीक का इस्तेमाल

रोजमर्रा के जीवन से लेकर दफ्तर के कार्यों तक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ा है। चैटजीपीट जैसे टूल की मदद से आप न केवल अपनी दिनचर्या ठीक कर सकती हैं, बल्कि बहुत से कार्यों में सुझाव भी ले सकती हैं। उदाहरण के लिए किसी प्रोजेक्ट पर काम करते समय एआई से सुझाव लिया जा सकता है या इसकी मदद से किसी ईमेल का जवाब ज्यादा प्रभावशाली तरीके से लिखा जा सकता है। बहुत से एआई प्लेटफॉर्म सभी मीटिंग्स का ब्योरा भी रखते हैं।

Kajal Sharma

लेखक के बारे में

Kajal Sharma
काजल शर्मा लाइव हिन्दुस्तान वेबसाइट में एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल टीम को लीड करती हैं। पत्रकारिता में करीब 15 वर्षों का अनुभव रखने वाली काजल ने प्रिंट और डिजिटल, दोनों ही माध्यमों में अपनी पहचान बनाई है। फिल्म, टीवी, फैशन और सेलिब्रिटी लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन, कंटेंट प्लानिंग और एग्जिक्यूशन में उनकी गहरी पकड़ है। सोशल मीडिया ट्रेंड्स पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिन्हें वह दिलचस्प अंदाज में खबरों के जरिए पाठकों तक पहुंचाती हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।