अब तालाब नहीं, गमले में भी खिलेंगे कमल के फूल! बस अपनाएं ये तरीका
अगर आपको कमल के खूबसूरत फूल पसंद हैं, तो अब इन्हें घर पर भी आसानी से उगाया जा सकता है। सही गमला, अच्छी मिट्टी और थोड़ी-सी देखभाल से आपका छोटा-सा बगीचा तैयार हो सकता है।

तालाब में खिला गुलाबी कमल देखकर शायद ही कोई होगा, जो उसकी खूबसूरती की तारीफ ना करे। अक्सर लोगों को लगता है कि कमल सिर्फ बड़े तालाब या झील में ही उग सकता है, लेकिन सच यह है कि थोड़ी-सी जगह और सही तरीका अपनाकर आप इसे अपने घर की छत, बालकनी या आंगन में भी आसानी से लगा सकते हैं।
जब बड़े-बड़े हरे पत्तों के बीच पहला कमल का फूल खिलता है, तो पूरा कोना किसी छोटे से बगीचे जैसा खूबसूरत दिखाई देने लगता है। सही बर्तन, मिट्टी, पानी और धूप का ध्यान रखें, फिर कुछ ही महीनों में आपका अपना कमल का पौधा फूलों से भर जाएगा।
सबसे पहले ये चीजें तैयार कर लें
कमल लगाने से पहले ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती, बस ये चीजें अपने पास रखें।
- चौड़ा और गहरा टब या बड़ा गमला
- चिकनी दोमट मिट्टी
- कमल का कंद या बीज
- साफ पानी
कमल लगाने का सबसे आसान तरीका
- अगर आपके पास कमल का कंद है, तो उसे मिट्टी में हल्का दबा दें। ध्यान रखें कि उसका ऊपरी हिस्सा बाहर की तरफ रहे।
- अब धीरे-धीरे टब में पानी भर दें। पानी भरते समय मिट्टी बाहर ना निकले, इसका ध्यान रखें।
- अगर बीज से पौधा उगा रहे हैं, तो पहले बीज को हल्का घिसकर पानी में डालें। अंकुर निकलने के बाद उसे मिट्टी में लगा दें।
- धूप मिलेगी, तभी खिलेंगे फूल
कमल को धूप बहुत पसंद होती है। रोज कम से कम छह से आठ घंटे धूप मिले, तो पौधा तेजी से बढ़ता है और जल्दी फूल देता है। अगर धूप कम मिलेगी, तो पत्ते तो आएंगे लेकिन फूल आने में समय लग सकता है।
- पानी का ध्यान रखना सबसे जरूरी
कमल पानी में ही बढ़ता है। इसलिए टब का पानी कभी पूरी तरह सूखने ना दें। अगर पानी बहुत गंदा हो जाए, तो उसे बदल दें ताकि पौधा स्वस्थ बना रहे।
- खाद कब डालें?
जब पौधा अच्छी तरह बढ़ने लगे, तब थोड़ी-सी ऑर्गेनिक खाद डाल सकते हैं। शुरुआत में ज्यादा खाद डालने की जरूरत नहीं होती।
कमल की देखभाल ऐसे करें
- सूखे पत्ते हटाते रहें: जो पत्ते सूख जाएं, उन्हें काट दें। इससे पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है।
- कीड़ों से बचाएं: अगर पत्तों पर छोटे कीड़े दिखें, तो उन्हें तुरंत साफ कर दें।
- पानी हमेशा साफ रखें: साफ पानी मिलने पर पौधा ज्यादा स्वस्थ रहता है और फूल भी अच्छे आते हैं।
कितने दिन में खिलता है फूल?
अगर सही देखभाल की जाए, तो लगभग दो से चार महीने में कमल का पहला फूल दिखाई देने लगता है। इसके बाद मौसम के अनुसार नए फूल आते रहते हैं।
घर में कमल लगाने के फायदे
- घर की सुंदरता कई गुना बढ़ जाती है।
- छोटा-सा जल बगीचा तैयार हो जाता है।
- वातावरण शांत और ताजगी भरा लगता है।
- पूजा के लिए ताजे फूल मिल सकते हैं।
- बागवानी का नया और मजेदार अनुभव मिलता है।
लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaपरिचय एवं अनुभव
शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।
करियर का सफर
लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।
विशेषज्ञता
शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
पुरस्कार
लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।
और पढ़ें

