गंदगी बढ़ाती हैं काम ना आने वाली ये चीजें, सफाई करके थक गए हैं तो अपनाएं 90-90 रूल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

घर की सफाई के लिए 90/90 रूल असल में गैर-जरूरी सामान हटाने की एक बेहतरीन ट्रिक है। जिसे अपनाकर कमरे, किचन या अलमारी की सफाई करना आसान हो जाता है। यहां जानिए इस ट्रिक को कैसे अपनाएं-

How to Declutter things using the 90-90 trick for cleaning

ज्यादातर लोगों की आदत होती है कि वह चीजों को संभाल-संभाल कर रखते हैं। आपने ज्यादातर लोगों के घरों के किसी कोने में पुराना टूटा हुआ डिब्बा, बरसों पुराना बंद पड़ा रेडियो, खराब लैंडलाइन, टूटा फोन या फटी हुई साड़ियों का ढेर देखा होगा। ये आम चीजें हैं जिन्हें देखकर अक्सर हम सोचते हैं कि जब यह चीजें किसी काम की नहीं है, तो इसे फेंक क्यों नहीं दिया जाता? इस तरह की चीजों को संभालकर रखने के पीछे कई मनोवैज्ञानिक, सांस्कृतिक और व्यावहारिक कारण होते हैं। कई बार लोग अपने बुजुर्गों की खराब हो चुकी घड़ी या चश्मा भी फेंक नहीं पाते क्योंकि वे उसे उनकी निशानी मानते हैं और याद के तौर पर सालों साल संजोकर रखते हैं। वहीं पुराने जमाने में चीजें आसानी से नहीं मिलती थीं। इसलिए, पुरानी पीढ़ी में रिफ्यूज, रियूज, रिसाइकल की आदत कूट-कूट कर भरी होती है। इसलिए भी लोग चीजों को संभालते रहते हैं। इस्तेमाल में ना आने वाली चीजों की वजह से घर भरा-भरा लगता है और इनकी साफ-सफाई करने में घंटों लग जाते हैं। बहुत से लोग इस्तेमाल ना आने वाली चीजों को फेंकने से पहले कंफ्यूज होते हैं और ये सोचते हैं कि क्या पता वह आगे काम आए। अगर आपके भी दिमाग में ये ख्याल आता है तो शशांक अलशी ने 90-90 रूल शेयर किया है। जानिए क्या है ये रूल।

क्या है 90-90 रूल?

साफ सफाई का नाम आते ही हममें से ज्यादातर लोग हर वीकेंड घंटों सफाई, पोंछने और चमकाने में बिताते हैं, लेकिन असली गंदगी अक्सर उन चीजों से होती है जिनका हम अब इस्तेमाल भी नहीं करते। ऐसे में 90-90 रूल आपके काम को 10 गुना आसान बना देता है।इस रूल में आपको खुद से पूछना है कि ‘क्या मैंने पिछले 90 दिनों में इसका इस्तेमाल किया है?’ इस सवाल के बाद खुद से पूछें कि ‘क्या मैं अगले 90 दिनों में इसका इस्तेमाल करूंगा?’ अगर दोनों का जवाब 'नहीं' है - तो यह फालतू सामान है। अगर इनमें से किसी एक का भी जवाब 'हां' है, तो सामान को रखें।

घर में फेंकने लायक होती हैं कौन-सी चीजें?

1) लिविंग रूम से किन चीजों को हटाएं

- पुराने अखबार और मैगजीन

- खराब रिमोट

- उलझे हुए तार और खराब चार्जर

- टूटे फोटो फ्रेम्स

- यूज में ना आने वाले डेकोरेशन आइटम

- कोरियर बॉक्स

- एक्सपायर्ड सैनिटाइजर और स्प्रे

2) किचन से किन चीजों को हटाएं

-बिना ढक्कन वाले कंटेनर

- इस्तेमाल में ना आने वाले बर्तन

- टूटे हुए प्लास्टिक के आइटम

- स्क्रैच लगे प्लास्टिक के खराब बर्तन

- एक्सपायर्ड मसाले

- कागज के बैग्स, सॉस या कटलरी

- इस्तेमाल में ना आने वाली बोतलें

3) बेडरूम से किन चीजों को हटाएं

- पिछले 3 महीने में इस्तेमाल में ना आए हुए कपड़े

- सिंगल रखे मौजे

- फटे चादर और तकीये के कवर

- एक्सपायर्ड परफ्यूम और डियोड्रेंट

- पुराने हैंडबैग जो सालों से इस्तेमाल नहीं हुए।

- इस्तेमाल ना होने वाली टोपी और टीशर्ट

4) बाथरूम से किन चीजों को हटाएं

-एक्सपायर्ड क्रीम, लोशन और सनस्क्रीन

-खराब रेजर, ट्रिमर

-खत्म हो चुके शैम्पू के डिब्बे या थोड़ा बचा साबुन

-खराब तौलिया

-टूटी बाल्टी और मग

-खराब टूथब्रश

-इस्तेमाल में ना आने वाले हेयर टूल्स

Avantika Jain

लेखक के बारे में

Avantika Jain
अवंतिका जैन ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। फिलहाल वह बतौर सीनियर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर लाइव हिंदुस्तान में लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। एंटरटेनमेंट से जुड़ी खबरों को लिखने और वीडियोज बनाने में भी इनकी रुचि है। 5 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहीं अवंतिका लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत के दिल्ली डेस्क पर काम कर चुकी हैं। नई जगहों को एक्सप्लोर करना, नए लोगों से जुड़ना और फिल्में/वेब सीरीज देखने की शौकीन हैं। और पढ़ें
लाइफस्टाइल न्यूज़ , सेहत , रेसिपी , फैशन , ब्यूटी और फिटनेस से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।