
खाली पेट ब्लैक कॉफी पीनी चाहिए या नहीं? हेल्थ एक्सपर्ट ने दिया जवाब
कई लोग सुबह उठकर सबसे पहले गर्म ब्लैक कॉफी पीना पसंद करते हैं। ब्लैक कॉफी पीने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं लेकिन क्या इसे खाली पेट पीना सही है। चलिए बताते हैं खाली पेट ब्लैक कॉफी पीने से क्या होता है।
सेहत को लेकर सजग हो चुके ज्यादातर लोग अब चाय-कॉफी से ब्लैक कॉफी पर स्विच कर चुके हैं। ब्लैक कॉफी ज्यादा स्ट्रॉन्ग मानी जाती है, इस वजह से सुबह पीने से शरीर और दिमाग बिल्कुल एक्टिव हो जाता है। ब्लैक कॉफी में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, पोटेशियम, फॉस्फोरस, सोडियम, जिंक, विटामिन ई, विटामिन बी6, विटामिन के आदि जैसे कई जरूरी तत्व पाए जाते हैं। एम्स के डॉक्टर सौरभ सेठी का कहना है कि ब्लैक कॉफी में कैफीन की मात्रा ज्यादा होती है, इस वजह से ये दिमाग को फौरन एक्टिव कर देती है। खाली पेट इसे पीना सेहत को कोई नुकसान नहीं पहुंचाता है लेकिन ज्यादा मात्रा में पीना खतरनाक हो सकता है। चलिए बताते हैं ब्लैक कॉफी पीने से क्या फायदे मिलते हैं।

फायदे क्या हैं-
1- रोजाना सुबह खाली पेट ब्लैक कॉफी पीना आपकी मेंटल और फिजिकल हेल्थ के लिए अच्छा होता है। इससे सेंट्रल नर्वस सिस्टम एक्टिव हो जाता है और काम करने में फोकस बढ़ता है। इससे स्ट्रेस भी काफी हद तक कम हो जाता है।
2- ब्लैक कॉफी में ऐसे कई तत्व होते हैं, तो वेट लॉस करने में मदद करते हैं। साथ ही मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करते हैं। इससे कैलोरी तेजी से बर्न होती है और फैट कम होता है। अगर मोटापे से परेशान है, तो ब्लैक कॉफी पीना शुरू करें।
3- कुछ लोगों को सुबह उठने के बाद शरीर में सूजन होने की समस्या रहती है। ऐसे में ब्लैक कॉफी इसे कम करने में मदद करेगी। इसे पीने से बॉडी में इंफ्लेमेशन कम करने में मदद मिलती है और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम हो जाता है।
4- पुरुषों को ब्लैक कॉफी जरूर पीनी चाहिए। इससे सेक्स पावर बढ़ती है और स्पर्म काउंट में भी इजाफा होता है। ब्लैक कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स मेल सेक्सुअल हेल्थ के लिए फायदेमंद होते हैं।
नुकसान भी करती है-
- जिन लोगों को हार्ट संबंधी समस्या, शुगर या फिर ब्लड प्रेशर की दिक्कत है, उन्हें ब्लैक कॉफी नहीं पीनी चाहिए। इसमें मौजूद कैफीन आपको नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेकर ही इसे पिएं।
- ज्यादा मात्रा में ब्लैक कॉफी पीने से पेट दर्द, एसिडिटी, ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। डॉक्टर के मुताबिक, ब्लैक कॉफी आधा कप ही पीना चाहिए।
- ज्यादा कैफीन पीने से नींद की कमी, भूख कम लगना और ब्रेन हेल्थ के लिए नुकसान हो सकता है। ऐसे में ब्लैक कॉफी का सेवन कम ही करें।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

लेखक के बारे में
Deepali Srivastavaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




