ये 4 सब्जी सिर्फ सब्जियां नहीं, ‘दवाई’ होती हैं! आयुर्वेदिक डॉक्टर ने दी खाने की सलाह
कुछ सब्जियां इतनी फायदेमंद होती हैं कि शरीर के लिए दवाई से कम नहीं होतीं। आयुर्वेद डॉक्टर दिव्यानी ने ऐसी 4 सब्जियों के बारे में बताया है, जिनके फायदे जानकर आप भी इन्हें जरूर अपनी डाइट में शामिल करेंगे।

सब्जियां हमारी डाइट का अहम हिस्सा हैं। बड़े-बुजुर्ग अक्सर सलाह देते हैं कि फिट रहना है तो अपनी डाइट में मौसमी सब्जियों को शामिल करो। दरअसल ऐसी कई सब्जियां हैं जिनमें इतने पोषक तत्व मौजूद होते हैं कि उन्हें किसी दवा से कम नहीं समझना चाहिए। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए आयुर्वेद डॉक्टर दिव्यानी भगत में ऐसी ही कुछ सब्जियों की लिस्ट शेयर की है। डॉक्टर कहती हैं कि ये सब्जियां किसी सुपरफूड से कम नहीं हैं। इन्हें अपनी डाइट में शामिल में शामिल करना वाकई किसी दवा से कम नहीं है क्योंकि इनमें बाकी सब्जियों की तुलना में बहुत ज्यादा पोषक तत्व मौजूद होते हैं। आप भी अपनी ओवरऑल हेल्थ को बेहतर रखने के लिए ये सब्जियां आपकी रोज की डाइट में शामिल कर सकते हैं।
सहजन की सब्जी (मोरिंगा)
डॉ दिव्यानी कहती हैं कि सहजन यानी मोरिंगा की सब्जी शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसमें कैल्शियम, आयरन, विटामिन सी, विटामिन ए और फाइबर जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये हड्डियों को मजबूत बनाने, शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने और आंखों की हेल्थ के लिए फायदेमंद है। साथ ही हार्ट हेल्थ के लिए भी मोरिंगा काफी अच्छा माना जाता है।
कंटोला/ काकोडा की सब्जी
मानसून में मिलने वाली कंटोला या काकोडा की सब्जी, सबसे पौष्टिक सब्जियों में से एक मानी जाती है। डॉक्टर कहती हैं कि ये ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करती है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। साथ ही ये पाचन के लिए भी काफी अच्छी होती है और शरीर की इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद करती है।
अरबी की सब्जी भी काफी फायदेमंद है
अरबी की सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कई पोषक तत्वों से भरपूर होती है। डॉक्टर बताती हैं कि इसमें फाइबर की मात्रा भरपूर होती है इसलिए कब्ज में ये काफी लाभकारी है। साथ ही पाचन को दुरुस्त बनाए रखने में भी अरबी फायदा करती है। साथ ही अरबी पोटैशियम का भी अच्छा सोर्स है और शरीर को एनर्जी देने का काम करती है।
करेला करता है शरीर को काफी फायदा
करेला अपने कड़वे स्वाद के लिए बहुत से लोगों को पसंद नहीं आता, लेकिन सेहत के लिए ये काफी फायदेमंद है। इसमें विटामिन सी, फाइबर, फोलेट और कई एंटीऑक्सीडेंट्स कंपाउंड पाए जाते हैं। डॉ दिव्यानी बताती हैं कि करेले में ब्लड ग्लूकोज पर प्रभाव डालने वाले बायोएक्टिव कंपाउंड्स मौजूद होते हैं। ये पाचन तंत्र को भी सुधारता है, साथ ही खून को साफ करने में भी मदद करता है।
सिर्फ सब्जियों पर निर्भर रहना नहीं है सही
ये सब्जियां सेहत के लिए बहुत गुणकारी हैं लेकिन इन्हें किसी बीमारी की दवा समझना ठीक नहीं है। शरीर को ओवरऑल हेल्दी रखने के लिए सिर्फ सब्जियों पर निर्भर ना रहें, बल्कि बैलेंस डाइट पर फोकस करें। इसके लिए आप अपनी डाइट में दाल, साबुत अनाज, फल, दूध और अंडे जैसी पौष्टिक चीजें शामिल कर सकते हैं।
सब्जियां पकाने का तरीका भी रखता है मायने
आप कौन सी सब्जियां खा रहे हैं, इससे भी ज्यादा जरूरी है कि किस तरह खा रहे हैं। बहुत से लोग खूब सारा तेल और मसाला डालकर सब्जियां पकाते हैं, जिससे सेहत को फायदा कम बल्कि नुकसान ज्यादा हो सकता है। इसलिए इन्हें सही तरीके से पकाना भी जरूरी है। कम तेल और मसालों के साथ सब्जियां पकाएं और अपनी डाइट में शामिल करें।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


