
सफेद या गुलाबी, कौन से अमरूद खाना ज्यादा फायदेमंद है? डॉक्टर बता रहीं
बाजार में दो तरह के अमरूद आते हैं, सफेद और गुलाबी। लोग अक्सर सवाल करते हैं कि इन दोनों में से कौन से अमरूद ज्यादा बेहतर हैं। अगर आप भी इसी सोच में हैं, तो चलिए जानते हैं आपके लिए कौन से रंग के अमरूद खाना ज्यादा बेहतर होगा।
हल्की-हल्की सर्दियां शुरू होते ही, बाजार में अमरूद आना शुरू हो जाते हैं। ये रसीले फल महज खाने में ही स्वादिष्ट नहीं होते, बल्कि सेहत के लिए भी बड़े फायदेमंद होते हैं। इनमें भरपूर मात्रा में विटामिन सी, विटामिन ए, एंटीऑक्सीडेंट्स, पोटैशियम, फाइबर और कई अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं। स्किन, हेयर, इम्यूनिटी, पाचन और भी कई चीजों के लिए अमरूद खाना बहुत फायदेमंद है। हालांकि बाजार में दो तरह के अमरूद आते हैं, सफेद और गुलाबी। लोग अक्सर सवाल करते हैं कि इन दोनों में से कौन से अमरूद ज्यादा बेहतर हैं। अगर आप भी इसी सोच में हैं, तो चलिए जानते हैं आपके लिए कौन से रंग के अमरूद खाना ज्यादा बेहतर होगा।
लाइकोपीन से भरपूर है गुलाबी अमरूद
जानी-मानी न्यूट्रीशनिस्ट डॉ शिल्पा अरोड़ा बताती हैं कि गुलाबी अमरूद में भरपूर मात्रा में लाइकोपीन मौजूद होता है। ये खासतौर से स्किन हेल्थ के लिए बहुत फायदेमंद होता है। ये स्किन को यूवी डैमेज से प्रोटेक्ट करता है, एजिंग के इफेक्ट को स्लो करता है, साथ ही ग्लोइंग स्किन और गुलाबी गाल भी देता है। वहीं लाइकोपीन हार्ट हेल्थ, ब्लड प्रेशर, बोन हेल्थ और यहां तक कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को भी कम करता है।
सफेद अमरूद में है ज्यादा विटामिन सी
डॉ शिल्पा बताती हैं कि सफेद अमरूद में गुलाबी अमरूद से दोगुना विटामिन सी होता है। विटामिन सी आपकी इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है और कई तरह के इन्फेक्शन से बचाव में मदद करता है। ग्लोइंग स्किन के लिए भी विटामिन सी बहुत जरूरी है। ये स्किन में कॉलेजन प्रोडक्शन को बूस्ट करता है, जिससे एजिंग के इफेक्ट भी स्लो डाउन होते हैं।
किस अमरूद में ज्यादा शुगर है?
गुलाबी अमरूद, सफेद अमरूद की तुलना में ज्यादा मीठा होता है। यानी इसमें नेचुरल शुगर की मात्रा थोड़ी ज्यादा होती है। डॉ शिल्पा कहती हैं कि अगर आपको मीठा खाने की क्रेविंग होती है, तो गुलाबी अमरूद आपकी क्रेविंग कंट्रोल करने में मदद करता है। हालांकि जो लोग वेट लॉस करना चाहते हैं या अपना शुगर इंटेक कम रखना चाहते हैं, उनके लिए सफेद अमरूद एक बेहतर विकल्प है। शुगर के मरीजों के लिए भी सफेद अमरूद खाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
आपके लिए कौन सा अमरूद बेहतर रहेगा?
न्यूट्रीशनिस्ट डॉ शिल्पा कहती हैं कि गुलाबी हो या सफेद, दोनों ही अमरूद एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होते हैं और सेहत को कई फायदे देते हैं। दोनों में ही फाइबर की मात्रा भी काफी अच्छी होती है, जो आपकी गट हेल्थ को दुरुस्त रखती है। हालांकि अगर आप शुगर कम लेना चाहते हैं और विटामिन सी की मात्रा ज्यादा चाहते हैं, तो सफेद अमरूद चुनें। वहीं स्किन और हार्ट हेल्थ के लिए गुलाबी अमरूद ज्यादा बेहतर रहेगा।

लेखक के बारे में
Anmol Chauhanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




