Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़हेल्थomg black lines on neck are not just dirt or grime could be a sign of fatal diseases experts warns diabetes pcod hormone
गर्दन पर काली लाइन सिर्फ गंदगी या मैल नहीं, हो सकती है इन जानलेवा बीमारियों का संकेत

गर्दन पर काली लाइन सिर्फ गंदगी या मैल नहीं, हो सकती है इन जानलेवा बीमारियों का संकेत

संक्षेप:

क्या आप जानते हैं गर्दन का यह कालापन या काली लाइन सिर्फ हाइजीन की कमी नहीं, बल्कि कई बार शरीर के भीतर पनप रहे कई गंभीर रोगों का भी एक अलार्म हो सकते हैं। मेडिकल भाषा में इसे 'एकेंथोसिस निगरिकन्स' (Acanthosis Nigricans) नाम से पहचाना जाता है।

Jan 24, 2026 01:15 am ISTManju Mamgain लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

नहाते समय गर्दन पर जमी काली परत को हम अक्सर 'मैल' समझकर स्क्रब या साबुन से रगड़कर साफ करने की कोशिश करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं गर्दन का यह कालापन या काली लाइन सिर्फ हाइजीन की कमी नहीं, बल्कि कई बार शरीर के भीतर पनप रहे कई गंभीर रोगों का भी एक अलार्म हो सकते हैं। मेडिकल भाषा में इसे 'एकेंथोसिस निगरिकन्स' (Acanthosis Nigricans) नाम से पहचाना जाता है। जो शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस, हार्मोनल असंतुलन और यहां तक कि डायबिटीज जैसी बीमारियों का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। जब हमारा शरीर अंदरूनी समस्याओं से जूझ रहा होता है, तो वह त्वचा के जरिए हमें चेतावनी देता है, जरूरत है इस 'ब्लैक रिंग' को गंभीरता से लेने की, क्योंकि यह केवल सुंदरता का नहीं, बल्कि आपकी सेहत का भी सवाल है। इस समस्या को अच्छी तरह समझने के लिए हमने एक नहीं बल्कि 4 तरह के मेडिकल एक्सपर्ट्स (त्वचा रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, आंतरिक चिकित्सक और मधुमेह विशेषज्ञ) से बात की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
ये भी पढ़ें:क्या रिश्तें में स्पेस मांगना स्वार्थ है जानें कब बन जाता है प्यार के लिए खतरा

1.त्वचा रोग विशेषज्ञ

फोर्टिस अस्पताल (गुड़गांव) की त्वचा विशेषज्ञ डॉ. रश्मि शर्मा कहती हैं कि गर्दन पर काली रेखाएं या रंग का काला पड़ना कई बार 'एकेंथोसिस निगरिकन्स' (Acanthosis Nigricans) नामक स्थिति का संकेत हो सकता है, जो किसी अंदरूनी बीमारी से जुड़ा हो सकता है। इसके संभावित कारणों में डायबिटीज का नाम सबसे पहले लिया जाता है। जिसमें शरीर में इंसुलिन सही से काम न करने पर गर्दन, बगल की त्वचा आमतौर पर काली पड़नी शुरू हो सकती है। इसके अलावा मोटापा, हार्मोन संबंधी समस्याएं जैसे PCOS या थायरॉयड भी इसका कारण बन सकती हैं।

उपाय

डॉ. रश्मि कहती हैं कि इस समस्या से निपटने के लिए व्यक्ति को अपनी डाइट में संतुलित आहार, चीनी और जंक फूड का कम सेवन और वजन नियंत्रित में रखना चाहिए। जिसके लिए वह नियमित रूप से व्यायाम, डॉक्टर से परामर्श लेकर डायबिटीज, थायरॉयड या हार्मोन टेस्ट करवाएं। डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवाइयां या मेडिकेटेड क्रीम का उपयोग करें, खुद से इलाज न करें। यदि गर्दन का कालापन तेजी से बढ़ रहा है या खुजली/मोटापन/थकान के साथ है, तो डॉक्टर से जरूर मिलें।

2.स्त्री रोग विशेषज्ञ

फोर्टिस अस्पताल (शालीमार बाग) की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उमा वैद्यनाथन कहती हैं कि गर्दन के कालेपन के पीछे संभावित कारण अक्सर 'एकेंथोसिस निगरिकन्स' होता है, जो महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन की ओर संकेत करता है। यह स्थिति प्रायः पीसीओएस (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम), इंसुलिन रेजिस्टेंस और मोटापे से जुड़ी होती है। जिन महिलाओं में अनियमित माहवारी, वजन बढ़ना, मुंहासे, चेहरे या शरीर पर अत्यधिक बाल होते हैं, उनमें यह त्वचा परिवर्तन एक प्रारंभिक चेतावनी संकेत के रूप में देखा जा सकता है।

उपाय

डॉ. उमा इस समस्या से बचने के लिए इसके मूल कारण की पहचान और उपचार को जानने की सलाह देती हैं, जिसमें हार्मोनल प्रोफाइल, ब्लड शुगर और इंसुलिन स्तर की जांच शामिल होती है। वजन नियंत्रण, संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि जैसी जीवनशैली में बदलाव से इस स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है।

3. फिजिशियन

फोर्टिस अस्पताल (शालीमार बाग) के फिजिशियन डॉ. पवन कुमार गोयल त्वचा के कालेपन के बढ़ने के पीछे के संभावित कारणों में विटामिन B12, विटामिन D की कमी या शरीर में लंबे समय तक बनी रहने वाली हल्की सूजन को मानते हैं। सामान्य स्वास्थ्य जांच के दौरान इन कारणों की नियमित रूप से जांच की जाती है। वर्तमान समय में प्री-डायबिटीज या मेटाबॉलिक सिंड्रोम भी इंसुलिन रेजिस्टेंस के कारण होता है।

उपाय

समस्या के पीछे छिपे असल कारण को जानने के लिए डॉक्टर अकसर ब्लड शुगर प्रोफाइल, थायरॉयड फंक्शन टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, इंसुलिन स्तर और विटामिन के स्तर की जानकारी के लिए इन जांचों को करवाने की सलाह देते हैं। रोग के उपचार का उद्देश्य केवल त्वचा के रंग में बदलाव लाना नहीं होता, बल्कि सेहत से जुड़ी गड़बड़ियों चाहे वे मेटाबॉलिक, हार्मोनल या पोषण संबंधी हों, उन्हें ठीक करना भी होता है। इस समस्या को ठीक करने के लिए डॉक्टर रोगियों को वजन नियंत्रण, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और नियमित स्वास्थ्य निगरानी की सलाह देते हैं।

4. एंडोक्रिनोलॉजिस्ट

फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट की मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. छवि अग्रवाल कहती हैं कि लंबे समय तक शरीर में इंसुलिन का स्तर बढ़ा रहने से त्वचा की कोशिकाओं की वृद्धि को उत्तेजना मिलती है, जिससे शरीर के मोड़ों पर त्वचा मोटी और काली हो जाती है। डायबेटोलॉजिस्ट इसे प्री-डायबिटीज या टाइप 2 डायबिटीज का प्रारंभिक चेतावनी संकेत मानते हैं। इसके अलावा अनियंत्रित या अज्ञात टाइप 2 डायबिटीज त्वचा में इस बदलाव को तेज करता है, जिससे गर्दन का काला पड़ना क्लिनिकल जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण चेतावनी संकेत बन जाता है। मोटापा, डिस्लिपिडीमिया और उच्च रक्तचाप, जो अक्सर डायबिटीज रोगियों में पाए जाते हैं- इंसुलिन रेजिस्टेंस और त्वचा संबंधी लक्षणों को और बढ़ा देते हैं।

उपाय

उपचार का उद्देश्य इंसुलिन की संवेदनशीलता को बेहतर बनाना होता है, जिसमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और डायबेटोलॉजिस्ट की सलाह अनुसार मेटफॉर्मिन जैसी एंटी-डायबिटिक दवाएं शामिल होती हैं। इसके अलावा फास्टिंग प्लाज्मा ग्लूकोज, HbA1c और फास्टिंग इंसुलिन जैसे परीक्षण ग्लाइसेमिक गड़बड़ियों की समय रहते पहचान करने में मदद करते हैं और उन्हें डायबिटीज में बदलने से रोकते हैं। इंसुलिन का स्तर सामान्य होने पर त्वचा में होने वाले बदलाव अक्सर धीरे-धीरे कम हो जाते हैं।

Manju Mamgain

लेखक के बारे में

Manju Mamgain
मंजू ममगाईं लाइव हिन्दुस्तान में लाइफस्टाइल सेक्शन में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। मंजू ने अपना पीजी डिप्लोमा भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली और ग्रेजुएशन दिल्ली विश्वविद्यालय से किया हुआ है। इन्हें पत्रकारिता जगत में टीवी, प्रिंट और डिजिटल का कुल मिलाकर 16 साल का अनुभव है। एचटी डिजिटल से पहले मंजू आज तक, अमर उजाला, सहारा समय में भी काम कर चुकी हैं। आज तक में लाइफस्टाइल और एस्ट्रोलॉजी सेक्शन लीड करने के बाद अब मंजू एचटी डिजिटल में लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए काम कर रही हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।