
न्यूट्रिशनिस्ट ने शेयर की स्पेशल लड्डू रेसिपी, बताया त्वचा और बालों के लिए कैसे हैं वरदान
Laddu Recipe For Glowing Skin And Hair : न्यूट्रिशनिस्ट शालिनी सुधाकर ने 'प्रोटीन और कोलेजन रिच लड्डू' बनाकर खाने के फायदे बताए हैं। यह लड्डू त्वचा और बालों को प्राकृतिक चमक प्रदान करते हैं।
सर्दियों में अकसर शरीर को गर्म रखने और इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने के लिए कई तरह के ड्राई फ्रूट लड्डू बनाकर खाए जाते हैं। लेकिन क्या आप ऐसे किसी लड्डू की रेसिपी जानते हैं जो ना सिर्फ बदलते मौसम में आपकी त्वचा का ग्लो और झड़ते बालों की समस्या को दूर करके घने बालों का सपना भी पूरा कर सकते हैं। जी हां, हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर न्यूट्रिशनिस्ट शालिनी सुधाकर ने एक वीडियो पोस्ट किया है। अपने इस वीडियो में शालिनी ने 'प्रोटीन और कोलेजन रिच लड्डू' बनाकर खाने के फायदे बताए हैं।
त्वचा और बालों की सेहत को बनाए रखने वाली ये लड्डू रेसिपी प्रोटीन, विटामिन और खनिजों का मिश्रण है, जो त्वचा और बालों को प्राकृतिक चमक प्रदान करती है। शालिनी कहती हैं कि यह लड्डू खाने में टेस्टी होने के साथ सिर्फ 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाते हैं।
कैसे फायदेमंद है लड्डू ?
शालिनी ने अपनी पोस्ट में लड्डू में डाली जाने वाली इन 3 चीजों के फायदों के बारे में भी बताया है। उन्होंने कहा कि लड्डू में डाले जाने वाले अलसी के बीज आयरन, ओमेगा-3 और विटामिन सी से भरपूर होते हैं। जो हेयर ग्रोथ में मदद करके बालों का झड़ना कम करते हैं। जबकि लड्डू में डाले जाने वाली साबुत काली उड़द दाल कोलेजन को बूस्ट करने के लिए प्लांट प्रोटीन प्रदान करती है। बात अगर लड्डू में डाली जाने वाली तीसरी चीज काले तिल की करें तो इसमें कैल्शियम और फोलेट प्रदान करने वाले गुण मौजूद होते हैं, जिससे त्वचा की रंगत साफ होती है और झुर्रियां कम होती हैं।
त्वचा और बालों के लिए प्रोटीन रिच लड्डू कैसे बनाएं
शालिनी कहती हैं कि लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप अलसी के बीज, 1 कप साबुत काली उड़द दाल और 1/2 कप तिल को अलग-अलग करके ड्राई रोस्ट कर लें। जब तीनों चीजें अच्छी तरह भून जाएं तो उन्हें एक ब्लेंडर में डालकर थोड़े से गुड़ के साथ अच्छी तरह पीस लें। बता दें, गुड़ बाकी तीनों चीजों को आपस में बांधने में मदद करेगा। अब इस मिश्रण से मीडियम साइज के लड्डू बनाकर किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर स्टोर कर लें। आपको खूबसूरत त्वचा और बालों के लिए रोजाना 1 लड्डू खाना है।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




