
भूलकर भी खाने के बाद ना पिएं चाय, गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट ने चेताया होंगे ये 5 बड़े नुकसान
Side Effects Of Drinking Tea After Meal : क्या आप जानते हैं कि खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीना आपकी सेहत को कितना नुकसान पहुंचा सकता है? सीके बिड़ला अस्पताल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. विकास जिंदल से जानते हैं आखिर क्या है इसके पीछे की असल वजह।
चाहे दिन की अच्छी शुरुआत करनी हो या शाम को घर लौटकर ऑफिस की थकान मिटानी हो, चाय दुनिया भर में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पेय है। भारत में चाय के लिए लोगों की दीवानगी इतनी है कि कई बार लोग इसे भोजन के बाद तक पीने की आदत बना लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीना आपकी सेहत को कितना नुकसान पहुंचा सकता है? एक्सपर्ट्स का मानना है कि चाय और भोजन के बीच में कम से कम 30 से 45 मिनट तक का अंतर होना चाहिए। सीके बिड़ला अस्पताल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. विकास जिंदल से जानते हैं आखिर क्या है इसके पीछे की असल वजह।

भोजन के बाद चाय पीने के नुकसान
आयरन के अवशोषण में बाधा
चाय में टैनिन्स (Tannins) नाम के प्राकृतिक तत्व होते हैं, जो खाने में मौजूद आयरन से बंध जाते हैं, खासकर प्लांट बेस्ड आयरन (जैसे दाल, पालक, राजमा आदि)। ऐसा होने पर शरीर उस आयरन को ठीक से अवशोषित (absorb) नहीं कर पाता। अगर व्यक्ति रोज ऐसा करता है, तो धीरे-धीरे खासकर महिलाओं, बच्चों और शाकाहारी लोगों के शरीर में आयरन की कमी या एनीमिया हो सकता है। अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन के अनुसार, चाय खाने के साथ लेने से आयरन के अवशोषण में 60–70 प्रतिशत तक कमी आ सकती है।
पाचन एंजाइम्स पर असर डालती है
ब्लैक और ग्रीन टी में मौजूद कैफीन और पॉलीफिनॉल्स शरीर के पाचन एंज़ाइम्स (जैसे एमाइलेज और प्रोटीएज) के काम को धीमा कर देते हैं। जिसका नतीजा यह होता है कि खाना सही से पच नहीं पाता, जिससे पेट में गैस, भारीपन या एसिडिटी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अगर आप थोड़ी देर बाद चाय पिएं, तो शरीर को प्राकृतिक रूप से पाचन की प्रक्रिया शुरू करने का समय मिल जाता है।
पेट के एसिड को पतला कर देती है
हमारा पेट हाइड्रोक्लोरिक एसिड (HCl) और पाचक एंजाइम बनाता है ताकि खाना अच्छे से टूट सके। लेकिन अगर आप खाना खाते ही चाय पी लेते हैं, तो यह एसिड पतला हो जाता है, और पाचन सही से नहीं हो पाता। जिससे व्यक्ति को भारीपन, जलन, या एसिडिटी महसूस हो सकती है। खासतौर पर अगर आप मिल्क टी या स्ट्रॉन्ग टी भारी खाने के तुरंत बाद पीते हैं, तो ये समस्या और ज्यादा बढ़ सकती है।
कैफीन पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डालती है
चाय में मौजूद कैफीन पेट में एसिड को अस्थायी रूप से बढ़ा देती है और आंतों की गति तेज कर देती है। जिसकी वजह से खाना जल्दी पचने लगता है, लेकिन शरीर को विटामिन B, D, कैल्शियम, और जिंक जैसे पोषक तत्वों को अवशोषित करने का पूरा समय नहीं मिलता। इसलिए बेहतर है कि शरीर को थोड़ा वक्त दें, फिर चाय का आनंद लें।
एसिडिटी और रिफ्लक्स की दिक्कत बढ़ा सकती है चाय
जिन लोगों को एसिड रिफ्लक्स, गैस्ट्राइटिस या GERD की समस्या है, उनके लिए खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीना लक्षणों को और बढ़ा सकता है। पेट भरा होने पर गर्म चाय और कैफीन मिलकर पेट का दबाव बढ़ा देते हैं, जिससे एसिड ऊपर की तरफ आ जाता है। नतीजा, जलन, उल्टी या खट्टी डकारें आ सकती हैं।
क्या है चाय पीने का सही समय
डॉक्टर विकास कहते हैं कि कोशिश करें कि खाना खाने के 30–45 मिनट बाद ही चाय पिएं। इससे पाचन को समय मिलता है और पोषक तत्व अच्छी तरह अवशोषित हो पाते हैं। अगर आपको खाना खाने के बाद कुछ गर्म पीने की आदत है, तो हर्बल टी (जैसे अदरक, कैमोमाइल या पुदीने की चाय) एक अच्छा विकल्प है, ये कैफीन-फ्री होती हैं और पाचन में मदद करती हैं। ग्रीन या ब्लैक टी पीने का सबसे अच्छा समय है भोजन के बीच, जैसे मिड-मॉर्निंग या शाम का समय होता है।
सलाह
चाय अपने आप में सेहत के लिए फायदेमंद है, इसमें एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं जो शरीर को फ्रेश रखते हैं। लेकिन समय और किस्म का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीने से पाचन और पोषक तत्वों के अवशोषण पर बुरा असर पड़ सकता है। थोड़ा सा गैप रखिए, ताकि आपका शरीर भी खुश रहे और आपकी चाय की गरमा-गरम प्याली भी पूरी तरह सुकून दे सके।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




