बीपी हो या कोलेस्ट्रॉल..हार्ट के लिए सबसे अच्छा है ये 1 फल, डॉक्टर ने दी रोज खाने की सलाह
हार्ट से जुड़ी समस्याएं आजकल काफी कॉमन होती जा रही हैं। ऐसे में डॉक्टर ये एक फल अपनी डाइट में शामिल करने की सलाह देती हैं। डॉक्टर के मुताबिक इस फल में वो सभी जरूरी पोषक तत्व मौजूद हैं, जो हार्ट को हेल्दी रखने के लिए जरूरी होते हैं।

हार्ट से जुड़ी प्रॉब्लम्स जैसे बीपी, कोलेस्ट्रॉल, स्ट्रोक और यहां तक कि हार्ट अटैक का रिस्क भी आजकल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अपनी हार्ट हेल्थ का ध्यान रखना कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है। इसके लिए ये समझना बहुत जरूरी है कि दिल को हेल्दी रखने के लिए सबसे पहला और जरूरी बदलाव हमें अपने खानपान और लाइफस्टाइल में ही करना होता है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए डॉ शालिनी सिंह सालुंके एक ऐसी ही फल के बारे में बताती हैं, जो हार्ट के लिए किसी रक्षक से कम नहीं है। डॉक्टर कहती हैं कि जैसे गाड़ी के इंजन को हेल्दी रखने के लिए एक अच्छा इंजन ऑयल चाहिए। वैसे ही हार्ट को हेल्दी रखने के लिए भी कुछ पोषक तत्वों की जरूरत होती है, जो इस फल में सही मात्रा में मिल जाते हैं। ये फल है अनार, जिसे डॉक्टर रोज खाने की सलाह देती हैं।
हार्ट को बचाता है ये 1 फल
डॉ शालिनी कहती हैं कि आपकी हार्ट हेल्थ के लिए कोई एक फल सबसे बढ़िया है, तो वो है अनार। इस फल में वो सभी पोषक तत्व सही मात्रा में मिल जाते हैं, जो हार्ट के लिए जरूरी होते हैं। डॉक्टर कहती हैं कि अनार इतना फायदेमंद है कि इसे हार्ट का रक्षक कह सकते हैं। इसलिए जब भी अनार का सीजन हो, तो कोशिश करें कि रोजाना अनार का सेवन जरूर करें, आपका हार्ट आपको धन्यवाद देगा। तो चलिए अब जानते हैं अनार हार्ट के लिए कैसे फायदेमंद है।
ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है
डॉ शालिनी कहती हैं कि अनार का नियमित सेवन आपके ब्लड प्रेशर को कम रखने में भी मदद करता है। दरअसल अनार में प्यूनिकालाजिन और नाइट्रेट मौजूद होते हैं, जो ब्लड वेसल्स के हेल्दी फंक्शन को सपोर्ट करते हैं। इसी वजह से अनार का सेवन करने से ब्लड प्रेशर कंट्रोल में बना रहता है और ओवरऑल हार्ट भी हेल्दी रहता है।
दिल को फायदा पहुंचाते हैं एंटीऑक्सीडेंट्स
डॉक्टर के मुताबिक अनार में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स, खासतौर पर एंथोसायनिन और अन्य पॉलीफेनॉल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल के ऑक्सीडेशन को कम करने में मदद करते हैं। इससे धमनियों में प्लाक बनने का खतरा भी कम हो जाता है, जिससे ब्लड फ्लो बेहतर बना रहता है। साथ ही दिल को ऑक्सीजन और बाकी पोषक तत्व आसानी से मिलते हैं और हार्ट संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है।
ब्लड वेसल्स को हेल्दी और मजबूत बनाता है
डॉ शालिनी के मुताबिक अनार में मौजूद पोषक तत्व, एंडोथीलियम यानी रक्त वाहिकाओं की सबसे अंदरूनी परत के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। अनार का नियमित सेवन करने से ब्लड वेसल्स स्ट्रॉन्ग बनी रहती हैं और ओवरऑल हार्ट का फंक्शन भी बेहतर रहता है।
इन्फ्लेमेशन को कम करने में मददगार है अनार
डॉक्टर कहती हैं कि अनार में मौजूद पॉलीफेनॉल्स शरीर में होने वाली सूजन (इन्फ्लेमेशन) को कम करने में भी मदद करते हैं। लंबे समय तक रहने वाली इन्फ्लेमेशन, हाई ब्लड प्रेशर और एंडोथीलियम डिसफंक्शन जैसी समस्याएं हार्ट को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकती हैं। ऐसे में अनार का नियमित सेवन इन्हें कम करने में सहायक हो सकता है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


